UP: चार साल से पुलिस को चकमा दे रहा माफिया 'बद्दो', होटल में पुलिस वालों को पार्टी देकर कस्टडी से हुआ था फरार
Meerut News: DGP ने कुख्यात बदन सिंह बद्दो पर पांच लाख के इनाम की सिफारिश शासन को भेजी है। फरार होने के बाद से बद्दो अब तक पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सका है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
ढाई लाख के कुख्यात माफिया बदन सिंह बद्दो पर डीजीपी की ओर से पांच लाख के इनाम की सिफारिश शासन को भेजी गई है। प्रदेश सरकार बद्दो पर जल्द ही पांच लाख के इनाम की संस्तुति कर सकती है। इसके साथ ही प्रदेश में सबसे ज्यादा पांच लाख के चार इनामी मेरठ रेंज में हो जाएंगे। इससे पहले तीन कुख्यात अपराधियों पर पांच लाख का इनाम हो चुका है।
प्रयागराज में उमेशपाल हत्याकांड के बाद प्रदेश सरकार ने मोस्ट वांटेड बदमाशों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। बदमाशों पर इनाम की राशि बढ़ाई जा रही है। यूपी पुलिस की वेबसाइट के मुताबिक मेरठ रेंज की बात करें तो अभी पांच लाख के इनामी अपराधियों में कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के शिवलोकपुरी निवासी विजेंद्र सिंह हुड्डा, बुलंदशहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में बहलीनपुर पन्नीनगर निवासी भूदेव पुत्र महावीर और गाजियाबाद के लोनी थाना क्षेत्र के रामेश्वर पार्क निवासी दीप्ति बहल हैं।
बदन सिंह बद्दो आजीवन कारावास काट रहा था। पूर्वांचल की जेल से 28 मार्च 2019 को वह गाजियाबाद कोर्ट में पेशी पर आया था। पुलिसकर्मियों से सांठगांठ कर वह मेरठ में दिल्ली रोड स्थित होटल में शराब पार्टी करने के बाद फरार हो गया था। इसके बाद से आज तक उसका कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस उसकी देश और विदेश में लोकेशन खंगालती रही लेकिन सफलता नहीं मिली। इन दिनों उसके विदेश में होने की बात कही जा रही है।
बद्दो फरार होने के बाद कई बार इस्टाग्राम पर पूर्व डीजीपी के खिलाफ पोस्ट डालकर चर्चा में आ चुका है। मेरठ पुलिस ने जब उसके इंस्टाग्राम हैंडल की लोकेशन निकाली तो उस समय वह लंदन में मिली थी। इसके बाद भी उसने कई बार पोस्ट किया, लेकिन उसके बारे में पुलिस स्पष्ट जानकारी नहीं जुटा पाई है।
मेरठ में पुलिस कस्टडी से फरार हुए बद्दो का कारोबार आस्ट्रेलिया और दुबई तक फैला है। जांच में सामने आया कि उसको फरार कराने के लिए मोटी डील हुई। बड़ी प्लानिंग के तहत ‘सरकारी सिस्टम’तक खरीदा गया। बता दें कि बद्दो की पत्नी आस्ट्रेलिया में रहती है। वहां तक पहुंचने के लिए पुलिस ने दूतावास से भी संपर्क किया है। लुक आउट जारी किया गया। कई टीमें बद्दो की तलाश में लगाई गईं लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका।
चार साल पहले पुलिस कस्टडी से बद्दो को फरार हुए पांच घंटे हो चुके थे। इसके बावजूद उसके तीन साथी एहतेशाम, जवाहरलाल और शिशुपाल उर्फ बंटी मेरठ के होटल मुकुट होटल में रुके रहे। जिनको पुलिस ने आसानी से गिरफ्तार कर लिया। सवाल उठता है कि आखिर बद्दो के भागने के बाद भी यह तीनों आरोपी वहां क्यो रुके रहे। आखिर पांच घंटे बाद उसके फरार होने की सूचना पुलिस को क्यों दी गई। इन सभी बिंदुओं पर भी जांच की जा रही है।
दरअसल, 27 मार्च 2019 की शाम पेशी के लिए उसे सरकारी वाहन से गाजियाबाद न्यायालय ले जाया गया। 28 मार्च को पेशी के बाद पुलिसकर्मी साठगांठ के चलते उसे मेरठ के ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र में स्थित मुकुट महल होटल में ले गए। जहां शराब पार्टी के दौरान बद्दो वहां से वह फरार हो गया।
इस मामले में बदन सिंह उर्फ बद्दो, उसके बेटे सिकंदर, अनिल छावड़ा उर्फ जिमी, टिपिन सूरी, होटल मालिक मुकेश गुप्ता, लल्लू मकड़, पपीत बड़ला, सोनू सहगल, शिशुपाल उर्फ बंटी, जवाहरलाल, एहतेशाम इलाही व आधा दर्जन पुलिस कर्मी को मुकदमे में आरोपी बनाया गया। इनमें पुलिस कर्मियों सहित नौ लोगों को जेल भेजा जा चुका है। सभी आरोपियों पर साजिश के तहत कैदी को भगाने का आरोप है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक मेरठ स्थित होटल से भागने के बाद बदन सिंह अपने हथियारबंद गुर्गों के साथ दिल्ली गया। उसके पुत्र सिकंदर के भी साथ होने की पुष्टि हुई है। वहां उसे फ्लाइट से चंडीगढ़ होते हुए या सीधे नेपाल ले जाया गया। वहां से बदन सिंह के विदेश जाने की आशंका जताई जा रही है।