Meerut: काम पर जाने की बात कहकर निकला मजदूर, खेत के पास मिला शव, पास में पड़ी मिली जहरीली पुड़िया
मेरठ के कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के दिलावरा गांव में एक मजदूर का शव खेत के पास नाले के किनारे पड़ा मिला। मौके से सल्फास की पुड़िया, देसी शराब का पव्वा और पानी की बोतल बरामद हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
विस्तार
मेरठ के कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के दिलावरा गांव में शुक्रवार सुबह एक मजदूर का शव खेत के पास नाले के किनारे मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गांव निवासी करीब चालीस वर्षीय विमल के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
खेत के पास नाले के किनारे मिला शव
जानकारी के अनुसार दिलावरा गांव में घर से करीब दो सौ मीटर की दूरी पर बने नाले के पास शुक्रवार सुबह विमल का शव पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना गांव में तेजी से फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की।
यह भी पढ़ें: Murder: बेटे की चाहत; अवैध संबंध या कुछ और..., आखिर क्या है कौसर की हत्या की वजह, जल्द होगा खुलासा
मौके से शराब का पव्वा और सल्फास की पुड़िया बरामद
पुलिस को शव के पास से देसी शराब का पव्वा, पानी की बोतल और सल्फास की पुड़िया बरामद हुई है। इन वस्तुओं के मिलने के बाद मौत के कारणों को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
काम पर जाने की बात कहकर निकला था घर से
पुलिस के अनुसार विमल मजदूरी का काम करता था। उसकी शादी कुड़ी कमालपुर निवासी गीता से हुई थी और दोनों के तीन बच्चे हैं। परिजनों ने बताया कि विमल काम पर जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। इसके बाद परिजनों ने आसपास उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा खुलासा
शुक्रवार सुबह गांव के पास नाले के किनारे विमल का शव मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल परिजनों की ओर से किसी पर आरोप नहीं लगाया गया है। तहरीर मिलने के बाद आगे की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।