CM Yogi Visit: मेरठ में नजरबंद किए गए हिन्दू संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष, सीएम से मिलने की थी मंशा
हिन्दू संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सचिन सिरोही ने दावा किया है कि मेरठ में पुलिस ने उन्हें नजरबंद कर लिया है। वह सीएम योगी से कान्हा गोशाला और धर्मांतरण मामलों को लेकर मुलाकात करना चाहते थे।
विस्तार
मेरठ में अखिल भारतीय हिन्दू सुरक्षा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सचिन सिरोही ने सोमवार को आरोप लगाया कि उन्हें सुबह 11:30 बजे उनके मानसरोवर, साकेत स्थित निवास पर सिविल लाइन थाना पुलिस द्वारा नजरबंद कर लिया गया।
उनका कहना है कि वह समाजहित में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करना चाहते थे। उनका उद्देश्य मेरठ में हुए कान्हा गोशाला प्रकरण में शामिल अन्य लोगों पर कार्रवाई की मांग करना था। साथ ही उन्होंने धर्मांतरण के आरोपों से जुड़े एक पुराने मामले में बदर अख्तर सिद्दीकी पर सवाल उठाते हुए कहा कि उस पर दो हिन्दू लड़कियों को गायब करने का आरोप है।
यह भी पढ़ें: UP News: मेरठ में दिन निकलते ही मिले तीन बच्चों के शव, मां-बाप का कलेजा फटा, गूंजती रही चीत्कार
सचिन सिरोही ने कहा कि वह मुख्यमंत्री योगी से इन दोनों लड़कियों की बरामदगी और आरोपित की गिरफ्तारी को लेकर मुलाकात करना चाहते थे, लेकिन प्रशासन ने उन्हें मिलने से पहले ही नजरबंद कर दिया।
उन्होंने आरोप लगाया कि जब हम अपने ही मुख्यमंत्री से अपने हक की बात नहीं रख सकते, तो भविष्य में अन्य सरकारों से क्या उम्मीद की जाए? उन्होंने इसे हिन्दुत्व की आवाज को दबाने का प्रयास करार देते हुए कहा कि गलत कार्य करने वाले लोग सरकार और मुख्यमंत्री की छवि को खराब करने में लगे हैं।
इस पूरे घटनाक्रम पर फिलहाल पुलिस या प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।