Meerut: खंडहर में चल रही थी गोकशी की तैयारी, पुलिस ने घेरा तो चली गोलियां, मुठभेड़ में चार गिरफ्तार
मेरठ के जानी क्षेत्र में पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार मुठभेड़ के दौरान दो आरोपियों के पैर में गोली लगी। मौके से हथियार, वाहन, औजार और एक जिंदा गाय बरामद की गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मेरठ के जानी थाना पुलिस और ग्रामीण स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में शनिवार देर रात चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार टिमकिया कोठी के पास घेराबंदी के दौरान आरोपियों ने पुलिस दल पर गोलीबारी कर दी, जिसके बाद हुई जवाबी कार्रवाई में दो आरोपी घायल हो गए। सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
मुखबिर की सूचना पर की गई घेराबंदी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार टिमकिया चौराहे पर सघन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि टिमकिया कोठी के अंदर स्थित एक खंडहर में कुछ संदिग्ध लोग एकत्र हैं। सूचना के आधार पर पुलिस और ग्रामीण स्वाट टीम मौके पर पहुंची। पुलिस का कहना है कि टीम को देखते ही वहां मौजूद लोगों ने भागने का प्रयास किया और पुलिस पर गोलीबारी शुरू कर दी।
यह भी पढ़ें: UP: मेरठ कचहरी में मारपीट के मामले में बड़ी कार्रवाई, 13 नामजद और 60 अज्ञात वकीलों पर FIR, ये है पूरा वाकया
पुलिस के अनुसार आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई के दौरान नौशाद और शहबाज नामक दो आरोपियों के पैर में गोली लगी। दोनों को हिरासत में लेकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं इकरार और रिहान को पुलिस ने मौके से दौड़ाकर पकड़ लिया। चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
हथियार, वाहन और औजार बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, कारतूस, धारदार औजार, रस्सियां, टॉर्च, प्लास्टिक के कट्टे, एक टाटा इंट्रा पिकअप वाहन, एक मोटरसाइकिल और एक जिंदा गाय बरामद की है। अधिकारियों का कहना है कि बरामद सामान को कब्जे में लेकर जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने जानी क्षेत्र में चार मई को दर्ज एक मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार करने की बात कही है। पुलिस के अनुसार इस संबंध में पहले से मुकदमा दर्ज है और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर अन्य तथ्यों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
कई मामलों में दर्ज हैं मुकदमे
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में से कुछ के खिलाफ विभिन्न थानों में पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें लूट, अवैध हथियार रखने, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर अधिनियम तथा अन्य गंभीर धाराओं से जुड़े मामले शामिल बताए गए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों के आपराधिक इतिहास की विस्तृत जांच की जा रही है। साथ ही अन्य राज्यों में भी उनके खिलाफ दर्ज मामलों की जानकारी जुटाई जा रही है।
न्यायालय में किया जाएगा पेश
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार चारों आरोपियों को चिकित्सीय परीक्षण और अन्य कानूनी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद न्यायालय में पेश किया जाएगा। साथ ही पुलिस मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में अलग से मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।