Meerut: निगम कर्मियों पर ताबड़तोड़ फायरिंग, पार्षद सहित तीन गिरफ्तार, कर्मचारी हड़ताल पर, बोर्ड बैठक स्थगित
मेरठ में भाजपा पार्षद रविंद्र कुमार द्वारा अपने साथियों के साथ सूरजकुंड वाहन डिपो में घुसकर निगम कर्मियों पर हमले के मामले 10 धारा में मुकदमा दर्ज हुआ है। वहीं निगम कर्मियों ने हड़ताल कर दी है। इससे शहर की सफाई व्यवस्था चाैपट हो गई है।
विस्तार
मेरठ में कूड़ा उठाने के लिए वार्ड में गाड़ी न पहुंचने पर गुरुवार को भाजपा पार्षद रविंद्र कुमार ने अपने साथियों के साथ सूरजकुंड वाहन डिपो में घुसकर नगर निगम के कर्मचारियों पर गोलियां बरसा दीं। हमले में एक गोली कूड़ा गाड़ी के ड्राइवर अविनाश कुमार के पैर में लग गई और दूसरा कर्मचारी राजेश कुमार भगदड़ में घायल हो गया।
कर्मचारियों ने घेराबंदी कर पार्षद को पकड़कर पिस्टल छीनी और फिर पिटाई कर दी। आक्रोशित तीनों कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारियों ने हड़ताल की घोषणा कर दी। पुलिस ने पार्षद को गिरफ्तार कर उसकी लाइसेंसी पिस्टल बरामद कर ली है।
रात में पुलिस ने पार्षद के साथी अंकुश पंडित और डागर चाैधरी को भी गिरफ्तार कर लिया। उनकी स्कार्पियो भी बरामद कर ली। वार्ड-18 सरायकाजी में बृहस्पतिवार को कूड़ा गाड़ी नहीं पहुंची। जिसको लेकर स्थानीय भाजपा पार्षद रविंद्र कुमार ने नगर निगम के सूरजकुंड वाहन डिपो पर कंप्यूटर ऑपरेटर राजन कुमार को फोन किया।
राजन ने पार्षद से कहा कि कूड़ा गाड़ी के संबंध में सफाई निरीक्षक संजय कुमार से बात कर लें। आरोप है इस पर पार्षद आगबबूला हो गए और गाली-गलौच शुरू कर दी। इतना ही नहीं पार्षद अपने 15-20 साथियों के साथ सूरजकुंड वाहन डिपो पर पहुंच गए। वहां पर कर्मचारी राजेश कुमार, कूड़ा गाड़ी के ड्राइवर अविनाश से पार्षद की तीखी बहस हो गई।
दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। पार्षद और उसके साथियों ने पिस्टल, बंदूक और तमंचों से वाहन डिपो में मौजूद कर्मचारियों पर गोलियां चलाना शुरू कर दिया। ड्राइवर अविनाश के पैर में गोली लगते ही वहां भगदड़ मच गई।
यह भी पढ़ें: West UP News Live: सफाई कर्मियों की हड़ताल, व्यवस्था चौपट, कंकरखेड़ा में पेड़ से लटका मिला युवक का शव
घायल दोनों कर्मचारी और पार्षद मेडिकल रेफर
इस घटना की जानकारी लगने पर सिविल लाइन और नौचंदी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पार्षद और दोनों कर्मचारियों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से तीनों को मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में रेफर किया गया। सफाई कर्मचारी संघ अध्यक्ष विनेश मनोठिया अपने साथियों के साथ सूरजकुंड डिपो और फिर मेडिकल कॉलेज में घायलों को देखने पहुंच गए। सफाई कर्मचारी संघ ने घोषणा की कि सभी आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक शहर में सफाई नहीं करेंगे।
महापौर, नगर आयुक्त और कई पार्षद भी पहुंचे
महापौर, नगर आयुक्त, भाजपा के पार्षद मेडिकल की इमरजेंसी में पहुंचे। जहां पर घायल पार्षद व दोनों कर्मचारियों का हाल जाना। महापाैर ने पार्षद के सिर का सीटी स्कैन और कर्मचारी के पैर से गोली निकालने के लिए तुरंत ऑपरेशन करने की बात प्रधानाचार्य और डाॅक्टराें से कही। क्योकि दोनों घायलों के परिजनों ने इलाज में लापरवाही की शिकायत कही थी। वहीं घटना की जांच करने पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी की डीवीआर कब्जे में ले ली और जांच शुरू कर दी।
एलानिया हमला और दंगा भड़काने सहित 10 धारा में मुकदमा दर्ज
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह, सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी सहित कई थाने की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। एसपी सिटी ने बताया है कि भाजपा पार्षद रविंद्र ने पहले फोन पर धमकी दी और फिर अपने साथियों के साथ मिलकर डिपो में कर्मचारियों पर जानलेवा हमला किया। उसने गाली-गलौज करते हुए ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। पुलिस ने एलानिया हमला व दंगा भड़काने सहित 10 गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
इनके खिलाफ मुकदमा दर्ज
घायल ड्राइवर अविनाश निवासी लावड़ की तहरीर पर पार्षद रविंद्र कुमार, अंकुश पंडित, रविंद्र नागर, नकुल गर्जुर, डागर चौधरी, रजत, बंटी, चेतन और 12 अज्ञात के खिलाफ हत्या के प्रयास, जान से मारने की धमकी, समाज में भय फैलाना सहित 10 धाराओं में सिविल लाइन थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
कर्मचारी हड़ताल पर, निगम की बोर्ड बैठक स्थगित
चालक अविनाश को गोली मारने के विरोध में भाजपा पार्षद रविंद्र कुमार के खिलाफ कर्मचारी लामबंद हो गए। कर्मचारियों ने हड़ताल पर जाने का एलान कर दिया। सूरजकुंड डिपो के कई कर्मचारी वापस घर लौट गए। माहौल गर्माया तो महापौर हरिकांत अहलूवालिया ने शुक्रवार को होने वाली बोर्ड बैठक स्थगित कर दी, और कहा-बोर्ड बैठक अब मंगलवार को होगी।
घटना के बाद कर्मचारी संघ के महामंत्री आलोक शर्मा, सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष विनेश मनोठिया, अस्थायी कर्मचारी संघ के महामंत्री अंकुश घायल अविनाश से मिले। घटनाक्रम की जानकारी ली। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए कर्मचारियों ने हड़ताल का एलान कर दिया। कर्मचारी नेता विनेश मनोठिया ने कहा कि गोलीबारी में शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी तक तीनों यूनियन के कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे।
आज निगम में बैठक करेंगे। निगम की व्यवस्था को लेकर अधिकारियों में खलबली है। शुक्रवार को नगर निगम की बोर्ड बैठक होना तय हुआ था। जिसकी तैयारी लगभग निगम अधिकारियों ने पूरी कर ली थी। सूरजकुंड पर पार्षद और कर्मचारियों के बीच हुए खूनखराबे की घटना के बाद महापौर ने बोर्ड बैठक स्थगित कर दी।
कूड़ा निस्तारण करने में निगम बेबस, बढ़ने लगा जनआक्रोश
मेरठ शहर में कूड़ा न केवल लोगोें की बड़ी परेशानी है बल्कि अब बवाल का कारण भी बनने लगा है। डिपो में चालक अविनाश को गोली लगने और भाजपा पार्षद रविंद्र कुमार पर हमले का जिम्मेदार भाजपा नेता नगर निगम को ठहरा रहे है।
पार्षद ने पहले सूरजकुंड डिपो और फिर प्रभारी नगर स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. हरपाल सिंह सहित निगम अधिकारियों को फोन कर कूड़ा गाड़ी न पहुंचने की शिकायत की थी। अधिकारियों से भी पार्षद की फोन पर तीखी बहस हुई थी। अधिकारी हालात को समझ जाते तो पार्षद पर पहले ही कार्रवाई हो सकती थी।
इससे पहले भी कूड़ा निस्तारण न होने को लेकर पार्षदों और स्थानीय लोगों ने अधिकारियों पर अपनी नाराजगी जता चुके हैं। सांसद अरुण गोविल भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सामने कूड़े के पहाड़ की समस्या रख चुके हैं।
पार्षद रविंद्र कुमार के पक्ष में भी भाजपा के कई पार्षद आ गए हैं। पार्षदों का कहना कि यह घटना नगर निगम के अधिकारियों की लापरवाही का नतीजा है। पार्षद ने अपने वार्ड से कूड़ा उठाने के लिए निगम से गाड़ी मांगी थी। गाड़ी नहीं भेजी गई और न ही कोई आश्वासन दिया।
हमले की घटनाओं को लेकर पार्षदों में आक्रोश
नगर निगम में आखिर पार्षदों की पिटाई का सिलसिला कब रुकेगा। घंटाघर स्थित टाउन हॉल में नगर निगम की बोर्ड बैठक में पार्षद कीर्ति घोपला, आशीष चौधरी पर हमला हुआ था। उसके बाद निगम परिसर में भाजपा पार्षद गुंजन से बदसलूकी और अब सूरजकुंड डिपो में भाजपा पार्षद रविंद्र कुमार की पिटाई की गई। लगातार हमले की घटना को लेकर पार्षदों में आक्रोश है।
कूड़ा गाड़ी न पहुंचने पर भाजपा पार्षद रविंद्र कुमार ने प्रभारी नगर स्वास्थ्य अधिकारी को फोन किया था। उनके द्वारा आश्वासन दिया कि जल्द ही गाड़ी उनके वार्ड में भिजवा दी जाएगी। इसके बावजूद पार्षद ने सूरजकुंड वाहन डिपो पर पहुंचकर मारपीट और गोलीबारी कर दी। -साैरभ गंगवार, नगर आयुक्त, मेरठ
पार्षद ने कर्मचारी को गोली मारी है। पार्षद सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पार्षद ने गैंग बनाकर गोलियां बरसाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस प्रकरण में जो आरोपी होंगे, कार्रवाई करेंगे। -विपिन ताडा, एसएसपी