मेरठ: फ्लैट-प्लॉट के नाम पर महिला से लाखों की धोखाधड़ी का आरोप, सीओ समेत चार पर प्राथमिकी; पुलिस जांच में जुटी
मेरठ के कंकरखेड़ा में फ्लैट और प्लॉट के नाम पर बुलंदशहर की महिला से लाखों की धोखाधड़ी का आरोप लगा है। सीओ समेत चार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
विस्तार
मेरठ, कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में फ्लैट और प्लॉट बेचने के नाम पर बुलंदशहर निवासी महिला से लाखों रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। महिला की शिकायत पर मेरठ पीटीसीएस में तैनात सीओ विपिन कुमार समेत चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपियों पर धोखाधड़ी, कूटरचित दस्तावेज तैयार करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बुलंदशहर के बीबीनगर थाना क्षेत्र के गांव करकोड़ा निवासी रजनी ने रविवार को कंकरखेड़ा थाने में तहरीर दी। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2016 में विपिन चौधरी, उनकी पत्नी अनिता चौधरी, प्रेरणा सिंह और सीओ विपिन कुमार ने भव्या कंस्ट्रक्शन एंड डेवलपर्स नाम से फर्म बनाई थी।
यह भी पढ़ें: मेरठ: छोटे भाई ने सिर पर पत्थर मार-मारकर की बड़े की हत्या, घर पर ताला लगाकर भागा; सामने आई ये वजह
फ्लैट के लिए दिए पांच लाख रुपये, चेक हुआ बाउंस
रजनी के अनुसार, आरोपियों ने यूरोपियन स्टेट के पास एक फ्लैट 28 लाख रुपये में बेचने का प्रस्ताव दिया था। इस पर सात अक्तूबर 2016 को उनके पति ने पांच लाख रुपये अग्रिम दे दिए। दो साल तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो जून 2018 में आरोपियों ने लिखित आश्वासन दिया कि अक्तूबर 2018 तक काम शुरू नहीं होने पर रकम दो प्रतिशत ब्याज के साथ लौटा दी जाएगी।
महिला का आरोप है कि बाद में आरोपियों ने पांच लाख रुपये का चेक दिया, लेकिन मार्च 2019 में खाता बंद होने के कारण चेक बाउंस हो गया। इसके बाद भी उन्हें रकम वापस नहीं मिली।
पहले से बिके प्लॉट का करा दिया बैनामा
रजनी ने बताया कि आरोपियों ने कंकरखेड़ा की आर्क सिटी में प्लॉट संख्या सी-115 का पश्चिमी हिस्सा, जिसका क्षेत्रफल 78.60 वर्ग मीटर था, बेचने का प्रस्ताव दिया। जून 2019 में प्रेरणा सिंह ने उनके पक्ष में इसका बैनामा करा दिया।
महिला के अनुसार, जब वह परिवार के साथ प्लॉट पर निर्माण कराने पहुंचीं तो वहां पहले से मकान बने हुए मिले। जानकारी करने पर पता चला कि प्लॉट अन्य लोगों को भी बेचा जा चुका है। इस तरह उनके साथ कथित धोखाधड़ी की गई।
गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी का आरोप
रजनी ने आरोप लगाया कि 13 अप्रैल 2026 को मेरठ-वन स्थित आवास पर प्रेरणा सिंह से मिलने और फोन पर विपिन चौधरी से बात करने के दौरान उनके साथ गाली-गलौज की गई। उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई। इसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की।
सीओ की भूमिका की भी जांच
एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि सभी नामजद आरोपियों की भूमिका और दस्तावेजों की गंभीरता से जांच की जाएगी। प्रारंभिक जांच में सीओ विपिन कुमार की कोई भूमिका सामने नहीं आई है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
