Meerut: समाधान नहीं तो घर वापसी नहीं! भाकियू अराजनैतिक का तहसील में धरना, सैकड़ों ट्रैक्टरों संग पहुंचे किसान
मेरठ के सरधना में भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के बैनर तले किसानों ने ट्रैक्टरों के साथ तहसील का घेराव किया। भ्रष्टाचार रोकने, गन्ना मूल्य बढ़ाने और स्मार्ट मीटर की जांच जैसी मांगों पर किसान अड़े रहे और साफ कहा- समाधान नहीं तो घर वापसी नहीं।
विस्तार
मेरठ की सरधना तहसील में शुक्रवार को किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के युवा जिलाध्यक्ष आकाश सिरोही के नेतृत्व में सैकड़ों किसानों ने ट्रैक्टरों के साथ तहसील का घेराव कर दिया।
इस आंदोलन का संचालन विशेष प्रधान ने किया, जबकि अध्यक्षता बाबा हरवीर सिंह दबथुआ ने की। किसानों ने कहा कि उनकी समस्याओं को नजरअंदाज किया जा रहा है, जबकि वे पिछले एक साल से बार-बार ज्ञापन दे चुके हैं।
यह भी पढ़ें: Bijnor: प्राथमिक विद्यालय में घुसा गुलदार, रसोईया की सूझबूझ से बची बच्चों की जान, अभिभावकों में रोष
किसानों की मुख्य मांगों में तहसील में व्याप्त भ्रष्टाचार पर रोक लगाना, ऊर्जा निगम द्वारा किसानों के उत्पीड़न पर कार्रवाई करना, जर्जर ग्रामीण विद्युत लाइनों को बदलना, स्मार्ट मीटर की अनियमितताओं की जांच कराना, गन्ना मूल्य में बढ़ोतरी करना, आवारा पशुओं से सुरक्षा दिलाना और खसरा-खतौनी में हेरफेर की जांच व सुधार शामिल हैं।
किसानों ने यह भी स्पष्ट किया कि इस बार कोई ज्ञापन तहसील प्रशासन को नहीं दिया जाएगा, बल्कि सीधे शासन को भेजा जाएगा। उन्होंने नारा दिया -समाधान नहीं, तो घर वापसी नहीं। धरने पर बैठे किसानों ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी सभी समस्याओं का समाधान नहीं होता, आंदोलन जारी रहेगा।