मेरठ: व्हाट्सएप कॉल पर दोषी पुलिसकर्मियों के संपर्क में है शादाब, गिरफ्तारी के लिए दबिश
मेरठ में फर्नीचर कारोबारी से कथित अवैध वसूली के मामले में फरार शादाब राव की तलाश जारी है। जांच में तीन पुलिसकर्मी दोषी पाए गए हैं। एसएसपी कार्रवाई तय करेंगे।
विस्तार
नोएडा के फर्नीचर कारोबारी शाहिद चौधरी को कथित तौर पर अवैध हिरासत में रखकर प्रताड़ित करने और उनसे लाखों रुपये की वसूली करने के मामले में मुख्य साजिशकर्ता साइबर कैफे संचालक शादाब राव अभी फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले के मुताबिक, इनपुट मिले हैं कि फरार शादाब राव अब भी मामले में दोषी पाए गए पुलिसकर्मियों के संपर्क में है और उनसे व्हाट्सएप कॉल के जरिए बातचीत कर रहा है। मामले की जांच में तीन पुलिसकर्मी दोषी पाए गए हैं। अब उनके खिलाफ कार्रवाई का फैसला एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति करेंगे।
साइबर फ्रॉड की रकम आने का झांसा देकर रची गई साजिश
नोएडा के सेक्टर-93 गेझा निवासी फर्नीचर कारोबारी शाहिद चौधरी के खाते में साइबर फ्रॉड की थ्री-लेयर रकम आने का झांसा देकर कथित तौर पर पूरी साजिश रची गई थी। मवाना निवासी शादाब राव के भाई दानिश ने लिसाड़ी गेट थाने में शाहिद के खिलाफ पैसों के लेनदेन को लेकर तहरीर दी थी। इसके बाद साइबर हेल्प डेस्क प्रभारी अंकित सागर और हेड कांस्टेबल नीरज कुमार ने शाहिद और उनकी पत्नी के बैंक खाते फ्रीज कर दिए थे।
यह भी पढ़ें: दिवाली पर घर लौटने की होड़: ट्रेन-बस से लेकर नमो भारत और मेट्रो तक फुल; खड़े होकर सफर करने को मजबूर यात्री
हवालात में रखकर प्रताड़ित करने और चार लाख वसूलने का आरोप
शाहिद चौधरी का आरोप है कि दो अगस्त को जब वह लिसाड़ी गेट थाने पहुंचे तो अंकित सागर और नीरज कुमार ने उन्हें हवालात में बंद कर प्रताड़ित किया। आरोप है कि चार अगस्त को चार लाख रुपये लेने के बाद उन्हें छोड़ा गया। इस दौरान उनकी घड़ी और बेल्ट भी वापस नहीं की गईं।
इसके अलावा खतौली थाने में तैनात दरोगा मोहम्मद आरिफ पर भी कारोबारी से अवैध वसूली करने का आरोप है। पीड़ित के मुताबिक, उनसे कुल 4.72 लाख रुपये वसूले गए थे। मामले में दरोगा आरिफ समेत तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया था, जबकि लिसाड़ी गेट थाना प्रभारी दलवीर को लाइन हाजिर कर दिया गया था।
तीनों पुलिसकर्मी जांच में दोषी, एसएसपी तय करेंगे कार्रवाई
एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि वह अपनी जांच रिपोर्ट एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति को सौंप चुके हैं। पीड़ित कारोबारी की ओर से लिखित तहरीर नहीं दिए जाने पर लिसाड़ी गेट पुलिस ने अपनी ओर से आरोपी शादाब के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
उन्होंने बताया कि मामले में निलंबित तीनों पुलिसकर्मी दोषी पाए गए हैं। उनके खिलाफ आगे क्या कार्रवाई की जाएगी, इसका फैसला एसएसपी करेंगे। वहीं, फरार शादाब राव की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
2018 के वाहन चोरी के मुकदमे की दोबारा होगी जांच
शादाब राव के खिलाफ वर्ष 2018 में सदर थाने में वाहन चोरी का मुकदमा दर्ज हुआ था। इस मामले में पुलिस चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। उस समय अंतरराष्ट्रीय वाहन चोर नवाब और उसके साथी के नाम पता तस्दीक नहीं होने का आधार बताकर केस से निकाल दिए गए थे।
अब डीआईजी कलानिधि नैथानी के निर्देश पर सदर बाजार पुलिस इस मामले की दोबारा जांच की तैयारी कर रही है। इसके लिए कोर्ट में अर्जी दाखिल कर पुनर्विवेचना शुरू करने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।