Meerut: कूड़े के ढेर पर बोरे में पड़ा था मासूम का शव, बंधे थे हाथ, गले में लिपटी थी चुन्नी, 40 दिन से थी लापता
मेरठ के माछरा से 40 दिन पहले लापता हुई मासूम का शव बोरे में बंद कूड़े के ढेर में मिलने से सनसनी फैल गई। छह वर्षीय बालिका की हाथ बंधे हुए थे जबकि गले में दुपट्टा लिपटा मिला। 14 जनवरी को बालिका अपने घर के बाहर खेलते हुए लापता हो गई थी।
विस्तार
मेरठ के माछरा में 40 दिन पूर्व घर के पास खेलते समय समय लापता हुई छह वर्षीय बालिका की हत्या कर दी गई। शव बोरे में बंद कर कूड़े के ढेर में फेंक दिया। शनिवार शाम मिला शव क्षत-विक्षत हालत में था। हाथ बंधे हुए थे और गले में भी दुपट्टा लिपटा था। जिससे लग रहा था कि गला घोटकर उसकी हत्या की गई है। परिजनों ने कपड़ों से उसकी शनाख्त की। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच में जुट गई है।
कासमपुर माछरा निवासी अर्जुन पुत्र चरण सिंह फोटोग्राफर की दुकान पर काम करता है। 14 जनवरी को गांव में खाद गोदाम के पास खेलती हुई उसकी 6 वर्षीय लड़की लवी लापता हो गई थी। अगले दिन परिजनों ने थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
पुलिस ने ड्रोन कैमरों की मदद से लवी को तलाश किया था और सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली थी। आसपास के गांवों में भी बालिका को तलाश किया गया, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। पुत्री की बरामदगी के लिए परिजनों ने एसएसपी सहित जनपद के विभिन्न अधिकारियों के कार्यालय में भी गुहार लगाई थी।
यह भी पढ़ें: गजवा-ए-हिंद विवाद: किरकिरी के बाद दारुल उलूम ने दिया जवाब, 28 को होगी तीन दिवसीय अहम बैठक
शनिवार शाम माछरा-गोविंदपुरी मार्ग पर कूड़े के ढेर में बोरे में बच्ची का शव मिला। सूचना पर एसएसपी रोहित सिंह सजवाण और एसपी देहात कमलेश बहादुर समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे।
शव काफी क्षत-विक्षत हालत में था। अर्जुन सिंह ने कपड़ों के आधार पर उसकी शनाख्त अपनी पुत्री के रूप में की। एसपी देहात का कहना है कि कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
100 मीटर के दायरे को किया सील
शव मिलने के बाद पुलिस ने 100 मीटर के दायरे को सील कर दिया। साथ ही डॉग स्क्वाॅयड, फोरेंसिक टीम और स्वाट भी मौके पर पहुंची और सबूत जुटाए। किसी तरह के हंगामे की आशंका के चलते गांव में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात कर दिए गए।
बोरे से पैर निकला दिखाई दिया तो हुआ खुलासा
कूड़े के जिस ढेर पर बोरे में शव मिला है, वह आबादी से करीब 50 मीटर दूर है। शनिवार शाम ग्रामीणों ने बोरे से पैर बाहर निकला देखा तो पुलिस को सूचना दी। बोरे से निकले बालिका को शव देख ग्रामीण सन्न रह गए।
परिजनों ने कई बार लगाई थी पुत्री की बरामदगी की गुहार
लवी के लापता होने के बाद परिजनों ने किठौर थाने और एसएसपी कार्यालय में उसकी बरामदगी की गुहार लगाई। पिता अर्जुन सिंह ने बताया कि वह बार-बार पुलिस से पुत्री की बरामदगी की मांग करते रहे, लेकिन पुलिस बालिका का पता नहीं लगा पाई। आज उसका शव बोरे में मिला।
मेडिकल क्षेत्र में किशोरी की हत्या का नहीं हो सका खुलासा
मेडिकल थाना क्षेत्र में किशोरी की हत्या कर शव नाले में फेंक दिया था। 20 जनवरी को वह दुकान से सामान खरीदने के लिए घर से निकली थी। 7 फरवरी को उसका शव कीर्ति पैलेस के पास नाले में पड़ा मिला था। पुलिस इस मामले का अभी तक खुलासा नहीं कर पाई है।