Meerut Crime Report: होमगार्ड के घर मिली किशोरी के बयान दर्ज, ब्रांडेड के नाम पर बेचे जा रहे लाखों के LED बल्ब
मेरठ के लोहियानगर से 22 नवंबर को लापता होने वाली किशोरी को पुलिस ने मंगलवार को 164 के बयान के लिए कोर्ट में पेश किया। दिल्ली-देहरादून बाईपास स्थित कालका डेंटल काॅलेज में कुछ स्थानीय छात्रों ने कश्मीरी छात्रों के साथ मारपीट कर दी।
विस्तार
वहां से उसे होमगार्ड अपने साथ घर ले गए, उन्होंने उसे बेटी की तरह रखा। सीओ कोतवाली ने बताया कि होमगार्ड के खिलाफ किशोरी को बिना जानकारी दिए घर में रखने पर आईपीसी की धारा 342 का आरोपी बनाया गया है।
लोहियानगर थाना क्षेत्र के एक गांव की निवासी 14 वर्षीय किशोरी 22 नवंबर की रात घर से लापता हो गई थी। सीसीटीवी में वह भागते हुए नजर आ रही थी। गांव के तीन युवक उसका पीछा कर रहे थे। एक मिनट बाद युवक वापस आ गए थे। किशोरी के बारे में जानकारी हुई थी कि वह एक ट्रक में बैठकर किठौर तक गई। वहां से वह किसी के साथ बाइक पर जाते नजर आई। मंगलवार को पुलिस ने अजराड़ा गांव से गढ़ थाने में तैनात होमगार्ड गजेंद्र सिंह के घर से किशोरी को बरामद कर लिया था। मंगलवार को किशोरी को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया। यहां 164 के तहत बयान दर्ज किए गए।
सीओ कोतवाली अमित राय ने बताया कि किशोरी ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। उसने बताया कि गांव के तीन युवकों को देखकर वह खुद ही भागकर हापुड़ रोड पहुंची। वहां से गढ़ रोड पहुंचकर उसने ट्रक से लिफ्ट ली और किठौर पहुंच गई।
वहां से बाइक वाले अंकल अपने घर ले गए और खाना खिलाकर बेटी की तरह रखा। सीओ अमित राय ने बताया कि होमगार्ड ने किशोरी को बिना किसी को जानकारी दिए घर में रखा, ऐसे में उसके खिलाफ आईपीसी की धारा 342 के तहत कार्रवाई होगी। होमगार्ड को नोटिस तामील कराया जा रहा है। एसपी सिटी पीयूष कुमार सिंह ने बताया कि किशोरी ने बताया है कि वह एक दोस्त से मिलने निकली थी, उसके दोस्त के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
ब्रांडेड के नाम पर बेचे जा रहे लाखों के एलईडी बल्ब जब्त
ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के माधवपुरम में स्पीड सर्च सिक्योरिटी प्राइवेट लिमिटेड की जांच टीम और पुलिस ने छापा मारा। इस दौरान ब्रांडेड के नाम पर बेचे जा रहे नकली एलईडी बल्ब सहित अन्य सामान बरामद किया गया। इनकी कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई है। टीम ने एक आरोपी कपिल देव को गिरफ्तार कर कॉपी राइट एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक चंडीगढ़ की स्पीड सर्च सिक्योरिटी प्राइवेट लिमिटेड के ऑपरेशन मैनेजर सौमित आर्य ने ब्रह्मपुरी थाने में सूचना दी थी कि माधवपुरम क्षेत्र में इलेक्ट्रिक कंपनियों के नाम पर नकली बल्ब बेचे जा रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने एक गाड़ी में सवार कंकरखेड़ा के जेवरी गांव निवासी कपिल देव को दबोचा। गाड़ी की तलाशी लेने पर पुलिस को बड़ी मात्रा में एलईडी बल्ब बरामद किए।
छताछ में कपिल ने बताया कि इन नकली बल्बों को शहर के विभिन्न बाजारों में थोक रेट पर सप्लाई किया जा रहा था। उधर, ब्रह्मपुरी इंस्पेक्टर विष्णु कौशिक कहना है कि आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करते हुए पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया। यहां से उसे जेल भेज दिया गया।
दुष्कर्म के आरोपी को सात साल का कारावास
अपर जिला जज (विशेष न्यायाधीश पॉक्सो अधिनियम) रामकिशोर पांडेय ने दुष्कर्म के आरोप में रोहित पुत्र हरी सिंह निवासी गाजियाबाद को दोषी पाते हुए सात साल के कारावास और 20 हजार रुपये के जुर्माने की सजा सुनाई। सरकारी अधिवक्ता नरेंद्र कुमार चौहान एवं कुलदीप मोहन शर्मा ने बताया कि वादी ने थाना लालकुर्ती में एक रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
इसके बाद नगर मजिस्ट्रेट गाजियाबाद के आदेश पर16 वर्षीय किशोरी को राजकीय महिला शरणालय मेरठ में लाया गया था। इसी दौरान 28.01.2013 को पीड़िता सुबह 7.20 बजे करीब गुम हो गई। इसकी सूचना थाने में दी गई।
कुछ दिन बाद पीड़िता को पुलिस ने बरामद कर लिया। उसने बयान दिए कि आरोपी रोहित ने अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने अपहरण एवं दुष्कर्म की धाराओं में आरोपपत्र दाखिल कर दिया। इसी मामले में पेश किए गए साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर आरोपी को दोषी पाया गया और सजा दी गई।
परतापुर थाना क्षेत्र के एक गांव में किशोरी से चचेरे भाई ने दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने पर उसकी पिटाई करके घायल कर दिया। पुलिस किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराकर कार्रवाई कर रही है।
परिजनों के मुताबिक दो दिन पूर्व युवक किशोरी को अकेला पाकर उसके घर में घुस गया।
दुष्कर्म का प्रयास किया। किशोरी के विरोध करने पर उसके साथ बुरी तरह से मारपीट की, इससे वह घायल हो गई। किशोरी का शोर सुनकर पड़ोसी पहुंचे तो आरोपी फरार हो गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराया। परतापुर थाना प्रभारी जयकरण सिंह का कहना है कि परिजनों की तहरीर पर कार्रवाई की जा रही है।
कालका डेंटल कॉलेज में कश्मीरी छात्रों से मारपीट
दिल्ली-देहरादून बाईपास स्थित कालका डेंटल काॅलेज में कुछ स्थानीय छात्रों ने कश्मीरी छात्रों के साथ मारपीट कर दी। इसके बाद काॅलेज में हंगामा हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छात्रों को समझाकर शांत किया। कॉलेज प्रशासन ने मामले की जांच के लिए कमेटी गठित की है।
कश्मीर निवासी जुबैर और अक्षय कालका डेंटल काॅलेज में बीफार्मा द्वितीय वर्ष के छात्र हैं। दोनों काॅलेज के ही एक हाॅस्टल में रहते हैं। मंगलवार दोपहर करीब एक बजे दोनों हाॅस्टल जा रहे थे। इसी दौरान तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया और अभद्रता शुरू कर दी। कश्मीरी छात्रों ने विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की। विवाद होता देख कॉलेज गेट पर तैनात सुरक्षाकर्मी पहुंचे तो आरोपी युवक काॅलेज की दीवार कूदकर भाग निकले।
इसके बाद दर्जनों छात्र एकत्र हो गए और काॅलेज परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। छात्रों का कहना था कि पहले भी कई बार कश्मीरी छात्रों के साथ मारपीट की गई है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने आरापियों पर कार्रवाई का आश्वासन देकर छात्रों को शांत कराया।
बाद में पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों में समझौैता हो गया। मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई। कॉलेज के पीआरओ मनीष सिंघल ने बताया कि इस मामले में प्राचार्य मोहम्मद सुहेब की ओर से कमेटी का गठन कर जांच रिपोर्ट तलब की गई है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाएगी। वहीं, पुलिस का कहना है कि क्रिकेट के विवाद में मारपीट हुई थी। किसी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है।
ब्रह्मपुरी के श्रद्धालुओं का वाहन पलटा, 15 घायल
खरखौदा में नगरकोट की जात से लौट रहे श्रद्धालुओं से भरा छोटा हाथी वाहन मेरठ-बुलंदशहर राष्ट्रीय राजमार्ग के खरखौदा बाईपास पर टायर फटने के कारण अनियंत्रित होकर पलट गया। जिसमें करीब दर्जन भर लोग चोटिल हो गए।
खरखौदा पुलिस के अनुसार, मेरठ के ब्रह्मपुरी क्षेत्र के सराय लाल दास निवासी आकाश, राजबीरी, राजकली व प्रेम सहित करीब 15 सदस्यों के साथ छोटा हाथी वाहन में सवार होकर नगरकोट की जात के लिए गए थे।
मंगलवार को लौटते समय जब उनका वाहन मेरठ-बुलंदशहर राष्ट्रीय राजमार्ग के खरखौदा बाईपास पर पहुंचा तो अचानक आगे का टायर फट गया। जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में चालक मनोज सहित सभी लोग चोटिल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी को खरखौदा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
बधाई लेने के विवाद में किन्नरों के गुटों में मारपीट
खरखौदा थाना क्षेत्र में बधाई मांगने को लेकर हुए विवाद में किन्नरों के दो गुटों में मारपीट हो गई। मंगलवार को एक पक्ष ने एसएसपी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस के मुताबिक मनिहार वाली गली स्थित काजल अपने चेले असलम किन्नर के साथ मंगलवार को एसएसपी ऑफिस पहुंची। काजल और असलम ने बताया कि वह हापुड़ निवासी किन्नर गुरु की लिखित वसीयत पर खरखौदा क्षेत्र में बधाई वसूलते थे।
आरोप है कि उनके साथी शबनम का कुछ समय पहले इंतकाल हो गया। इसी दौरान असलम भी किसी मामले में जेल चला गया। इसका फायदा उठाकर दूसरे गुट ने उनके क्षेत्र पर कब्जा कर लिया। जेल से छूटने के बाद जब असलम अपनी गुरु काजल के साथ क्षेत्र में बधाई वसूलने पहुंचा तो आरोपियों ने उनकी पिटाई करके भगा दिया और हत्या की धमकी दी। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने कार्रवाई के निर्देश दिए।
दबिश के नाम पर उत्पीड़न करने का आरोप लगाया
मेरठ के कंकरखेड़ा थाने में तैनात एक दरोगा पर दबिश के नाम पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए एक युवती ने एसएसपी दफ्तर पहुंचकर शिकायत की है। पीड़िता ने एक वीडियो भी पुलिस अफसरों को सौंपा हैं। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने एसपी सिटी को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
पुलिस के मुताबिक शोभापुर गांव की रहने वाली मनीषा मंगलवार को एसएसपी ऑफिस पहुंची। पीड़िता ने बताया कि उसका भाई कैलाश उर्फ टेटे डीजे का काम करता है। कैलाश के खिलाफ कोई मुकदमा दर्ज है। इसमें कुछ दिन पहले उसके वारंट हुए थे। मगर चार नवंबर को यह वारंट रिकॉल करा लिए गए थे। इसके बावजूद थाने में तैनात एक दरोगा और कांस्टेबल लगातार आधी रात को उनके घर पर दबिश दे रहे हैं। 22 नवंबर की रात भी पुलिस ने दबिश दी।
आरोप है कि पुलिस जबरदस्ती मनीषा के छोटे भाई सचिन को घर से उठाकर ले गई। विरोध करने पर महिलाओं के साथ अभद्रता की गई। वहीं, जब पिता जय भगवान चौकी पर बेटे को छुड़ाने के लिए पहुंचे तो पुलिस ने दोनों बाप-बेटे का शांति भंग में चालान कर दिया।