Meerut Crime Report: नौकरी के नाम पर सवा करोड़ ठगने वाले गिरोह का भंडाफोड़, छात्रा से छेड़छाड़, मारपीट
नौकरी के नाम पर दर्जनों युवकों से सवा करोड़ की ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ मेजा में हुआ है। मेरठ निवासी सरगना को गिरफ्तार किया गया है।
विस्तार
नौकरी के नाम पर दर्जनों युवकों से सवा करोड़ की ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ मेजा में हुआ है। पुलिस ने मेरठ के सरगना समेत गिरोह के चार सदस्यों को हिरासत में लिया है। उनके कब्जे से विभिन्न राज्यों के अलग-अलग विभागों के फर्जी नियुक्ति पत्र मिले हैं। देर रात तक उनसे पूछताछ व उनकी निशानदेही पर अन्य अभियुक्तों की तलाश में दबिश जारी रही।
गिरोह का सरगना मेरठ का रहने वाला है और पकड़े गए उसके तीन साथियों में से एक वाराणसी व दो प्रयागराज के रहने वाले हैं। इस गिरोह ने गाजियाबाद, मेरठ, हरियाणा समेत पश्चिमी यूपी के दर्जनों युवकों से नौकरी के नाम पर अलग-अलग लाखों रुपये ऐंठे हैं।
यह बात भी सामने आई है कि पीड़ितों ने आला अधिकारियों से इस मामले की शिकायत भी की थी। जिसके बाद आरोपियों को हिरासत में लिया गया। फिलहाल इस मामले में पुलिस कुछ बोलने से बचती रही। मेजा प्रभारी राजेश उपाध्याय ने बताया कि जांच पड़ताल की जा रही है।
छात्रा से छेड़छाड़, विरोध करने पर मामा को पीटा
नौचंदी थाना क्षेत्र के एक कालोनी के रहने वाले युवक ने छात्रा के मकान में घुसकर छेड़छाड़ कर दी। विरोध करने मामा और मौसी से मारपीट कर दी। सूचना पर पुलिस पहुंची। आरोप है कि पुलिस उल्टा छात्रा के मामा को हिरासत में लेकर थाने ले आई। छात्रा ने बताया कि आरोपी काफी लंबे समय से उसे परेशान कर रहा था। कुछ दिन पहले आरोपी के डर से छात्रा ने कॉलेज जाना भी छोड़ दिया था। छात्रा ने बताया कि उसके पिता की मौत हो चुकी है। परिवार में उसकी मां और तीन भाई-बहन हैं। नौचंदी इंस्पेक्टर महेश राठौर का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
जेठ पर छेड़छाड़ व मारपीट का आरोप
लोहियानगर थाना क्षेत्र के जाकिर कॉलोनी में एक महिला ने जेठ पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया। विरोध करने पर जेठ ने पत्नी के साथ मिलकर महिला के साथ मारपीट की। पीड़िता ने थाने पहुंचकर शिकायत करते हुए बताया कि उसका पति विदेश में नौकरी करता है। वह अपने बच्चों के साथ घर पर अकेली रहती है। मकान में उसके जेठ और जेठानी भी रहती है। लोहिया नगर इंस्पेक्टर संजय पांडेय का कहना है कि मारपीट का मामला संज्ञान में आया है। जांच कर कार्रवाई की जा रही है।
लिसाड़ी गांव में एक सिरफिरे आशिक ने प्रेमिका की शादी के बाद प्रेमिका और उसके पति को बाइक पर जाते हुए रोक लिया। उसने प्रेमिका के पति से मारपीट शुरू कर दी और विरोध करने पर प्रेमिका को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया।
परतापुर निवासी युवती की शादी लिसाड़ी गांव निवासी युवक के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद प्रेमी युवती के फोन पर फोन करने लगा और उसके पति को जान से मारने की धमकी देने लगा और प्रेमिका को वापस उसके पास आने के लिए कहने लगा। जब युवती ने अपनी शादी होने और पति के साथ सुखी जीवन जीने की बात कही तो प्रेमी ने शनिवार की दोपहर लिसाड़ी गांव पहुंचकर पति के साथ मोटरसाइकिल पर जा रही प्रेमिका को रोक लिया और उसके पति से मारपीट करने लगा। इसके बाद जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। उधर, लिसाड़ी गेट इंस्पेक्टर का कहना है कि तहरीर पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
20 दिन बाद भी पुलिस नहीं कर रही कार्रवाई
गढ़ रोड स्थित ओम अस्पताल के मालिक ने लालकुर्ती पुलिस पर गंभीर मामले में भी कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि एक अधिवक्ता ने जहर पिलाकर उनकी हत्या करने की कोशिश की लेकिन पुलिस कार्रवाई से हाथ पीछे खींच रही है। जो जहर पेट से निकाला गया था, उसे भी जांच के लिए लैब में नहीं भेजा गया। उन्होंने आरोपियों की पुलिस से मिलीभगत का भी आरोप लगाया है।
कसेरुबक्सर के रहने वाले विनीत गर्ग का गढ़ रोड पर ओम अस्पताल है। इसके अलावा उनका दवाइयों का भी कारोबार है। डीआरडी टीम ने अस्पताल में छापा मारा था, जब से अस्पताल इनका बंद चल रहा है। विनीत गर्ग के मुताबिक मुकदमा लड़ने के लिए उन्होंने एडवोकेट आयुषि से मुलाकात की। आयुषि ने उनसे पैसे भी ले लिए लेकिन उनका केस हाईकोर्ट में फाइल नहीं किया। जब अपने पैसे वापस मांगे तो आरोप है कि घर पर बुलाकर विनीत गर्ग को जहर पिलाकर हत्या की कोशिश की गई। किसी तरह विनीत वहां से निकलकर आए और अस्पताल में उपचार कराया। लालकुर्ती पुलिस ने इस मामले में एडवोकेट आयुषि, आशीष, गौरव कौशिक, आयुषि का चालक और दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। विनीत गर्ग का आरोप है कि मुकदमा दर्ज हुए बीस दिन से ज्यादा का समय हो गया है लेकिन लालकुर्ती पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है।