फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Meerut News ›   Meerut Crime news: Woman mortgaged the house and went with her lover

Meerut Crime news: मकान गिरवी रख प्रेमी संग गई महिला, पता चलते ही पति और बच्चों का हुआ ये हाल

Sun, 18 May 2025 11:28 AM IST
मोहम्मद मुस्तकीम अमर उजाला नेटवर्क, मेरठ
अमर उजाला नेटवर्क, मेरठ Published by: मोहम्मद मुस्तकीम Updated Sun, 18 May 2025 11:28 AM IST
सार

एक कालोनी निवासी महिला का अपने पड़ोसी युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। महिला दो बच्चों की मां है। महिला ने मकान को गिरवी रखकर लाखों रुपये ले लिए और प्रेमी के साथ चली गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

विज्ञापन
Meerut Crime news: Woman mortgaged the house and went with her lover
सांकेतिक तस्वीर। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

परतापुर थाना क्षेत्र के अछरौंडा रोड स्थित एक कॉलोनी निवासी महिला मकान गिरवी रख दो बच्चों और पति को छोड़कर प्रेमी संग फरार हो गई। काफी तलाश के बाद भी महिला नहीं मिली तो पति ने एसएसपी कार्यालय में शिकायत दी है। अक्षरोंडा रोड निवासी एक व्यक्ति ने बताया कि पड़ोस के एक युवक का उसके घर आना जाना था। आरोप है कि इसी युवक के साथ उसकी पत्नी उसकी मकान ढाई लाख रुपये में गिरवी रखकर चली गई। एएसपी अंतरिक्ष जैन का कहना है कि मामले में जांच कर कार्रवाई की जा रही है।
विज्ञापन

 

होटल में महिला से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में एक आरोपी गिरफ्तार

लोहियानगर पुलिस ने रेलवे रोड क्षेत्र के एक होटल में महिला से सामूहिक दुष्कर्म करने के मामले में मुख्य आरोपी अहमद हसन निवासी खरदौनी इंचौली को गिरफ्तार किया है। इस मामले में तीन अन्य आरोपी फरार हैं। अन्य आरोपियों की भूमिका की भी पुलिस जांच कर रही है।

एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि लोहियानगर क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने 14 मई को तहरीर दी थी। जिसमें आरोप लगाया कि अहमद हसन ने अपने साथी अल्ताफ और दो अज्ञात आरोपियों के साथ मिलकर नशीला पदार्थ पिलाकर रेलवे रोड थाना क्षेत्र में होटल में सामूहिक दुष्कर्म किया था। आरोपी मोहम्मद, शहजाद ने गाली गलौज कर मारपीट और जान से मारने का प्रयास भी किया। आरोपी धमकी देकर फरार हो गए थे। पीड़िता की तहरीर पर सामूहिक दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज किया था। लोहियानगर पुलिस ने अहमद हसन को मुखबिर की सूचना पर बिजली बंबा बाईपास पीर वाले रास्ते से गिरफ्तार कर लिया। एसपी सिटी ने बताया कि महिला ने आरोप लगाया है कि वह बेगमपुल और अन्य होटलों में भी उसको ले गए हैं। जिसकी सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। अन्य आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
 
विज्ञापन
विज्ञापन

पति व सास के खिलाफ कराया दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज

पल्लवपुरम की भरत विहार निवासी रीनू रानी ने अपने पति चंचल उर्फ बिट्टू और सास के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया है। रीनू के मुताबिक उसकी शादी 15 जुलाई 2013 को राॅयल पार्क एक्सटेंशन निवासी चंचल कुमार से हुई थी। दंपती के एक बेटा और एक बेटी है। आरोप है कि शादी के बाद से पति और सास दहेज के लिए उसका उत्पीड़न करने लगे और आए दिन मारपीट करते। इससे वह बीमार रहने लगी। पति और सास ने उसे जनवरी वर्ष 2025 को मारपीट कर बच्चों के साथ घर से निकाल दिया। तभी, से पीड़िता अपने मायके में रह रही है। मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है।
 
विज्ञापन

अज्ञात वाहन की टक्कर से ऑटो चालक की मौत

परतापुर थाना क्षेत्र में भूड़बराल स्थित रजवाहे के पास अज्ञात वाहन ने बाइक सवार ऑटो चालक रोहित (26) निवासी शिवपुरम को टक्कर मार दी। पुलिस ने गंभीर घायल रोहित को सुभारती अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मूलरूप से बिहार के भागलपुर निवासी रोहित शिवपुरम में रहता है और दिल्ली रोड पर ऑटो चलाता है। शुक्रवार रात रोहित भाई अमित के साथ मोहिउद्दीनपुर में अपने दोस्त के यहां बर्थडे पार्टी में गया था। दोनों भाई अलग-अलग बाइक से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान भूड़बराल रजवाहे के पास पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उसकी स्प्लेंडर बाइक में टक्कर मार दी। भाई अमित ने बताया कि रोहित की शादी छह वर्ष पूर्व शिवानी से हुई थी उसकी तीन वर्ष की बेटी दिव्यांशी है। एएसपी अंतरिक्ष जैन का कहना है कि परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है।
 

दहेज हत्या में दोषी पति को 10 साल के कारावास की सजा

सिविल लाइन क्षेत्र के पीडब्ल्यूडी कंपाउंड में छह साल पहले दहेज के लिए हुई पूजा की हत्या के मामले में कोर्ट ने पति सुमित को दोषी मानते हुए 10 वर्ष के कारावास की सजा सुनाई है। कोर्ट ने सात हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है।

दिल्ली के उत्तमनगर निवासी पूजा की शादी वर्ष 2016 में पीडब्ल्यूडी कंपाउंड निवासी सुमित के साथ हुई थी। सुमित फ्रिज-एसी का मैकेनिक है। वह गंगानगर स्थित किसी दुकान पर काम करता था। शादी के बाद उनके बेटी कनक हुई। गत 24 अप्रैल 2019 को सुबह करीब साढ़े छह बजे पड़ोसियों ने पूजा की बेटी की रोने की आवाज सुनी। काफी देर तक भी जब वह शांत नहीं हुई तो पड़ोसी घर पहुंचे।
दरवाजा नहीं खुलने पर पड़ोसियों ने अंदर झांककर देखा तो पूजा का शव फंदे पर लटका था। सूचना पाकर सिविल लाइन पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने शव को नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। पूजा के पिता महेंद्र ने सुमित और उसके ससुर अशोक, सास बाला के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। कोर्ट ने इस मामले में अशोक और बाला को दोषमुक्त कर दिया। गवाहों के बयान और साक्ष्यों के आधार पर सुमित को दोषी मानते हुए सजा सुनाई।
 

प्रधानी चुनाव की रंजिश में दो पक्षों में संघर्ष, पथराव और फायरिंग में नौ घायल

फलावदा थाना क्षेत्र के गांव महलका में वर्तमान ग्राम प्रधान और चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे आशु पक्ष के बीच संघर्ष हो गया। इस दौरान जमकर पथराव हुआ। दोनों ओर से ताबड़तोड़ फायरिंग भी हुई। इससे गांव में भगदड़ मच गई। घटना में एक महिला समेत नौ लोग घायल हो गए। इनमें एक की हालत गंभीर बनी हुई है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ सट्टा कराने और रंगदारी मांगने थाने में तहरीर दी है। पुलिस जांच कर रही है।

महलका गांव आशु ने वर्तमान ग्राम प्रधान असलम पर गांव में जुआ सट्टा कराने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत की थी। आरोप है कि इसी को लेकर शनिवार शाम दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडे लेकर आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पत्थर बरसा दिए। इसी बीच दोनों ओर से फायरिंग होने लगी। इससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई। उन्होंने घरों में छिपकर जान बचाई। घटना में आशु पक्ष से सलमान, बिलाल, सद्दाम और दूसरे पक्ष से असलम के भाई शौकीन और शाहआलम गंभीर घायल हो गए। वहीं, उधर से गुजर रहे वारिस फायरिंग के छर्रे और ममता पत्थर लगने से घायल हो गए।
पुलिस मौके पर पहुंची तो दोनों पक्षों के आरोपी भाग निकले। पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। घायलों में सलमान की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे मेरठ रेफर कर दिया। आशु पक्ष से उसके भाई शोएब ने प्रधान असलम और उसके साथियों के खिलाफ तहरीर दी। एसपी देहात राकेश कुमार मिश्रा का कहना है कि चुनावी रंजिश को लेकर दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ था। मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

आशु कर रहा प्रधान का चुनाव लड़ने की तैयारी
आशु ग्राम प्रधान चुनाव की तैयारी कर रहा है। इसके लिए उसने गांव में पोस्टर लगवाए थे। इसी को लेकर दोनों पक्षों के बीच रंजिश शुरू हो गई। आशु ने असलम की शिकायत पुलिस से की तो विवाद ज्यादा बढ़ गया। इसके बाद दोनों पक्षों में संघर्ष हो गया।

शौकीन ने रंगदारी मांगने का लगाया आरोप
प्रधान असलम के भाई शौकीन ने दूसरे पक्ष पर रंगदारी मांगने का आरोप लगाया है। थाने में दी तहरीर में उसने बताया कि हिस्ट्रीशीटर आरिफ सरसवा उसके भाई से कई दिन से दो लाख रुपये की रंगदारी मांग रहा था। विरोध करने पर शनिवार शाम आरिफ ने अपने साथी आस मोहम्मद व अन्य के साथ उनके घर में घुस आए। उन पर लाठी-डंडाे से हमला किया और फायरिंग भी की। हमले में वह और उसका भाई शाहआलम गंभीर घायल हो गए। आरोपी रंगदारी न देने पर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए।
 

लिसाड़ी गेट में सरेराह तमंचे की बट से युवक को पीटा

लिसाड़ी गेट क्षेत्र के तारापुरी में शनिवार को करीब 7-8 लोगों ने एक युवक को तमंचे की बट से सरेराह बुरी तरह पीटा। इस दौरान बेखौफ होकर तमंचा हवा में भी लहराया। किसी ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। पुलिस वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान का प्रयास कर रही है।

यह घटना शनिवार की बताई जा रही है। वीडियो में लोग युवक को बुरी तरह पीटते दिख रहे हैं। जमीन पर गिराकर भी उस पर लात-घूंसे बरसा रहे हैं। एक युवक तमंचा निकालकर बट से युवक पर हमला कर रहा है। गाली-गलौज करते हुए वह तमंचा भी लहरा रहा है। इस दौरान धक्कामुक्की में पास में मौजूद एक बच्चा भी गिर गया। हालांकि बच्चे को ज्यादा चोट नहीं लगी। मारपीट के दौरान किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इस मामले में पिटने वाला युवक भी थाने नहीं पहुंचा। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि वीडियो की जांच कराई जा रही है। इसमें दिखाई दे रहे आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
 

चोरी की बाइक के साथ पुलिस ने दो चोर पकड़े

कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में लखवाया गांव के सामने मंडप से बाइक चोरी करने के दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान नीशू व ईशू व ईशांत निवासी अरनावली थाना रोहटा के रूप में हुई है। एसपी देहात राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि जानी थाना क्षेत्र के पांचली खुर्द गांव के ग्रामीण संजय अपनी बेटी के साथ बीती नौ मई को बाइक से लखवाया गांव के सामने बने मंडप में शादी में शामिल होने के लिए आया था। मंडप के बाहर से उनकी बाइक चोरी हो गई थी। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस बाइक बरामद करने पहुंची तो बाइक के पुर्जे अलग मिले। दोनों चोर बाइक काटकर पुर्जे बेचने की तैयारी कर रहे थे।
 

मारपीट के मामले में नौचंदी पुलिस ने अधिवक्ता को उठाया, थाने पर हंगामा

मारपीट के मामले में आरोपी अधिवक्ता को नौचंदी पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। इस पर अधिवक्ताओं ने थाने पर हंगामा कर दिया। सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी ने अधिवक्ताओं को समझा-बुझाकर शांत किया। आरोपी अधिवक्ता को 41ए का नोटिस देकर छोड़ दिया गया।
नौचंदी थाना क्षेत्र की पंचवटी काॅलोनी जयदेवी नगर निवासी नवीन उपाध्याय का अपनी पत्नी मीनू से विवाद चल रहा है। नवीन का आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग उनका मकान मीनू के नाम करने का दबाव बना रहे हैं। 28 मार्च को मीनू ने अपने मायके पक्ष के लोगों को फोन कर बुलाया। उसके पिता शिवकुमार, भाई कुलदीप, अजय, प्रमोद और प्रदीप, बुआ का लड़का शिवम और बहनोई मूलचंद तथा अधिवक्ता बादल नवीन उपाध्याय के घर पर पहुंच गए। आरोप है कि सभी लोग हथियार लेकर कार में सवार होकर आए थे। घर में घुसकर उन्होंने मारपीट की। उसके बुजुर्ग माता-पिता को भी नहीं छोड़ा।

नवीन ने नाैचंदी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने घटना का वीडियो भी कब्जे में ले लिया था। शनिवार को नौचंदी पुलिस ने अधिवक्ता बादल को हिरासत में ले लिया गया। इसकी जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में अधिवक्ता नौचंदी थाने पहुंच गए। उन्होंने थाने पर हंगामा कर दिया। हंगामे की सूचना पर सीओ सिविल लाइन थाने पहुंचे। उन्होंने मामले की जानकारी लेकर घटना की वीडियो देखी। इसमें सामने आया कि अधिवक्ता ने मारपीट नहीं की। मुकदमे में भी बादल को अधिवक्ता की जगह मीनू का पड़ोसी लिखा गया है। सीओ ने बादल को 41ए का नोटिस तामील कराकर छोड़ दिया। इसके बाद अधिवक्ता थाने से शांत होकर वापस लौट गए।
 

स्कूल चेयरमैन ने भाई और भतीजे पर हत्या की धमकी देने का लगाया आरोप

सिवाया स्थित वेद इंटरनेशनल स्कूल के चेयरमैन अजीत कुमार ने अपने भाई योगेंद्र और भतीजे अनुज पर स्कूल में घुसकर हत्या की धमकी देने का आरोप लगाया। आरोपियों ने स्कूल की चार दीवार भी तोड़ दी। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। भराला गांव निवासी अजीत कुमार ने बताया कि शुक्रवार को भतीजा ट्रैक्टर पर सवार होकर स्कूल में पहुंचा और टक्कर मारकर चार दीवारी तोड़ दी। आरोपी ने स्कूल स्टॉफ के साथ गाली गलौज की। शोर सुनकर वह बाहर आए, तो भतीजे ने गेट पर खड़े अपने पिता योगेंद्र के साथ मिलकर उसके साथ गाली गलौज की और हत्या करने की धमकी दी। धमकी के बाद से ही उनका परिवार दहशत में है, साथ ही स्कूल के बच्चों और स्टॉफ में भी दहशत का माहौल है। अजीत ने दौराला थाने पर मुकदमा दर्ज कराया। सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
 

अब्दुलापुर में मारपीट और पथराव में 14 लोग नामजद

भावनपुर थाना के अब्दुलापुर स्थित अबुबकर मस्जिद में जुमे की नमाज अदा करने के बाद मामूली विवाद को लेकर दो पक्षोंमे जमकर मारपीट लाठी-डंडे एवं पथराव हो गया था। इसमें एक पक्ष से अरसलान, फरहान, नजक और दूसरे पक्ष से फारूख, शाहरूख और नूर हसन घायल गए थे। दोनों पक्षों की ओर से चौदह लोगों के विरूद्व मुकदमा दर्ज किया गया है। अब्दुलापुर नई बस्ती निवासी फरहान पुत्र समद ने फारूख,सरन, समद, और नूर हसन का नामजद कराया। दूसरे पक्ष के नूर हसन पुत्र अमीरूदीन नई बस्ती निवासी ने अरसलान, हाजी राशिद, आदिल, शमशाद, दिलशाद, फरहान, हाजी कासिम, फैसल, उजेर, और सुफियान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। अभी तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
 

किशोरी से घर में घुसकर छेड़छाड़, एसएसपी से लगाई गुुहार

लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी महिला ने शनिवार को एसएसपी डॉ. विपिन ताडा को शिकायत पत्र देते हुए बताया कि पड़ोस में रहने वाला एक युवक काफी समय से उसकी नाबालिग बेटी को परेशान कर रहा है। आरोपी उनकी बेटी से जबरन शादी करने का दबाव दे रहा है। आरोप है कि 15 मई को दोपहर के समय उनकी बेटी घर पर अकेली थी। आरोपी ने उनकी बेटी के साथ छेड़छाड़ कर दी थी। विरोध करने पर पीड़ित के साथ मारपीट की थी। परिजनों का आरोप है कि तहरीर के बाद भी थाना पुलिस ने कार्रवाई नही की थी। एसएसपी ने थाना पुलिस को जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
 

डूडा में फाइल पास कराने के नाम पर 12 हजार की धोखाधड़ी

लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र निवासी अब्दुल कादिर ने एक आरोपी पर डूडा कॉलोनी में मकान की फाइल पास कराने के नाम पर 12 हजार रुपये लेकर धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने एसएसपी ऑफिस पर तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग की है। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच में लग गई है।

लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के कांच के पुल निवासी अब्दुल कादिर ने शनिवार को एसएसपी डॉ. विपिन ताडा को शिकायत पत्र देते हुए बताया कि वह आठ महीने पूर्व डूडा कार्यालय गए थे। जहां उन्होंने डूडा में मकान के लिए आवेदन किया था। इस दौरान उनकी मुलाकात एक युवक से हुई थी। आरोपी ने खुद को डूडा का कर्मचारी बताया था। आरोपी ने डूडा की फाइल पास कराने की बात कही थी। फाइल पास कराने के नाम पर 12 हजार रुपये लिए थे। पीड़ित का आरोप है कि न तो आरोपी न तो फाइल पास कराई और न ही रुपये वापस लौटाए। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि तहरीर मिल गई है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
 

चार कंपनियों के नकली स्टीकर लगे बिजली का सामान पकड़ा

टीपीनगर थाना पुलिस ने शुक्रवार को चार मालवाहक वाहन (छोटे हाथी) में भरा चार कंपनियों के नकली लोगो लगा बिजली का सामान बरामद किया है। पुलिस आरोपी चालक को लेकर थाने आ गई और चालक व विक्रेता के खिलाफ कॉपी राइट की धारा में केस दर्ज कर लिया है।

चंडीगढ़ सेक्टर 34 निवासी ललित कुमार ने बताया कि वह स्पीड सर्च एंड सिक्योरिटी नेटवर्क कंपनी में फील्ड मैनेजर हैं। मैनेजर ने बताया कि उनकी कंपनी को हेवेल्स, वीगार्ड, आरआर केबल व पॉली कैब कंपनी के नकली माल बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जिम्मेदारी मिली हुई है। मैनेजर के अनुसार उन्हें काफी समय से सूचना मिल रही थी कि दिल्ली का एक व्यापारी चारों कंपनी के नाम व नकली स्टीकर का इस्तेमाल कर सामान मेरठ में बेच रहा है।
इसकी शिकायत टीपीनगर पुलिस से की गई। मामले को लेकर शिकायत की। पुलिस ने शुक्रवार को शेखो पेट्रोल पंप के पास खड़े एक छोटे हाथी की चेकिंग की। पुलिस ने हेवेल्स लिखे 136 तार के बंडल, आरआर लिखे केबल के 79 तार के बंडल, पॉलीकैब लिखे 95 बंडल व वीगार्ड लिखे 80 बंडल बरामद किए। पकड़े गए चालक की पहचान कृष्णा निवासी रानी गार्डन दिल्ली के रूप में हुई। पूछताछ में चालक ने बताया कि वह श्याम ट्रेडर्स न्यू गुप्ता कॉलोनी न्यू दिल्ली से सामान लेकर आया है। चालक के अनुसार श्याम ट्रेडर्स ने उसका वाहन बुक किया था। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि नकली सामान बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।




 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed