Meerut Crime News: लापता ट्रांसपोर्टर अमित की गंगनहर में तलाश जारी, सोने का सेट चुराने वाली दो महिला गिरफ्तार
मेरठ कोतवाली क्षेत्र के भगत सिंह मार्केट में 10 दिन पूर्व महिला का बैग काटकर सोने का सेट चोरी करने वाली दो महिलाओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पढ़ें मेरठ से अपराध संक्षेप।
विस्तार
ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र की ध्यानचंदनगर कॉलोनी निवासी लापता ट्रांसपोर्टर अमित मनचंदा (40) की पुलिस ने गंगनहर में तलाश की, मगर कोई सुराग नहीं मिल सका। सोमवार को पीएसी बाढ़ नियंत्रण के गोताखोर जवानों ने मुरादनगर से लेकर मसूरी तक गंगनगर में उसकी तलाश की, मगर कोई सफलता नहीं मिल सकी।
अमित मनचंदा शनिवार से लापता है। मुरादनगर गंग नहर के पास उसका मोबाइल फोन मिला था। मोबाइल फोन में उसने दो वीडियो बना रखी है, जिसमें उसने अपनी मौत का जिम्मेदार बड़े भाई अशोक और उसके बेटों को बताया है। आशंका जताई जा रही है कि अमित मनचंदा मानसिक अवसाद में गंगनहर में कूद गया। ब्रहमपुरी थाना पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज की है।
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि ध्यानचंदनगर निवासी अमित मनचंदा का मोबाइल फोन मुरादनगर गंग नहर के पास रखा मिला था। गंगनहर में उसकी तलाश की जा रही है। सोमवार को पीएसी के गोताखोर जवानों की मदद से तलाश की गई, मगर कोई सुराग नहीं मिला। आज भी तलाश कराई जाएगी।
सोने का सेट चोरी करने वाली दो महिला गिरफ्तार
मेरठ कोतवाली क्षेत्र के भगत सिंह मार्केट में 10 दिन पूर्व महिला का बैग काटकर सोने का सेट चोरी करने वाली दो महिलाओं गुलफशा उर्फ पिंकी और तरन्नुम निवासी काशीराम कॉलोनी मुरादाबाद को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने सोने का सेट भी बरामद कर लिया है।
कोतवाली क्षेत्र के गुदड़ी बाजार निवासी शुऐब ने थाने में दी तहरीर में बताया कि 17 मई को वह अपनी पत्नी हिना के साथ सोने का सेट बेचने सराफ की दुकान पर आया था। सोने का सेट रेक्सीन के बैग में था। सराफ से सौदा नहीं बन पाया। उसकी दुकान में बुर्का पहने दो महिलाएं हिना से सटकर बैठी थी।
पति-पत्नी दुकान से बाहर निकले तो दोनों महिलाएं भी दुकान से चली गई। दंपती दूसरी दुकान पर सेट बेचने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने देखा कि बैग कटा हुआ है। सोने का सेट उसमें नहीं था। पीड़ित के मुताबिक दोनों महिलाओं ने ही सेट चुराया था।
यह भी पढ़ें: Meerut News Today Live: मेरठ और आसपास की ताजा और अहम खबरें, पढ़ें 27 मई को आपके शहर में क्या हुआ
लिसाड़ी गेट पुलिस ने युवक से मोबाइल लूटने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मदीना कॉलोनी निवासी अबूबकर ने 18 मई को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें बताया था कि बाइक सवार दो आरोपी उसका मोबाइल छीनकर भाग गए थे।
पुलिस आरोपियों को तलाश कर रही थी। सीओ कोतवाली आशुतोष कुमार ने बताया कि सोमवार को पुलिस ने लोहियानगर क्षेत्र की जाकिर कॉलोनी निवासी समद और मुक्तिवाड़ा निवासी सुहैल को विकासपुरी बिजलीघर के पास से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटा गया मोबाइल और घटना में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की। पुलिस ने आरोपियों को पूछताछ के बाद कोर्ट में पेश किया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
परतापुर थाना क्षेत्र में कक्षा पांच की छात्रा से दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस ने सोमवार को जेल भेज दिया। रविवार को तहरीर देते हुए छात्रा के माता-पिता ने पुलिस को बताया था कि 17 मई को दोनों काम पर गए थे। इसी दौरान आरोपी चंचल घर पहुंचा और काम के बहाने उनकी बेटी को कमरे में ले गया। उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी ने परिजनों को बताने पर उसे जान से मारने की धमकी दी। रविवार सुबह अचानक छात्रा की तबियत बिगड़ने पर परिजन उसे डाॅक्टर के पास लेकर पहुंचे। जांच में छात्रा के साथ दुष्कर्म होने की बात सामने आई। इसके बाद परिजन परतापुर थाने पहुंचे और पुलिस को तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग की। एएसपी अंतरिक्ष जैन का कहना है कि आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत
सीओ कैंट संतोष कुमार ने बताया कि सोमवार सुबह पुलिस को सूचना मिली थी कि कैंट रेलवे स्टेशन के ट्रैक पर एक युवक का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलने के बाद सदर पुलिस व जीआरपी मौके पर पहुंचे। जहां मामला सदर बाजार का निकला। पुलिस के अनुसार युवक संभवत ट्रेन की चपेट में आ गया था।
पुलिस ने मृतक की पहचान कराने की कोशिश की, लेकिन पहचान नहीं हो सकी। जिसके बाद पुलिस ने युवक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ का कहना है कि युवक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। आसपास के थानों व जिले में युवक के फोटो भेज दिए गए हैं।
चीनी मांझे के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस की सख्ती के बावजूद भी शहर में चीनी मांझे की बिक्री रुक नहीं रही है। लिसाड़ी गेट पुलिस ने सोमवार को दो लोगों को चीनी मांझे के साथ गिरफ्तार कर लिया है। सीओ कोतवाली आशुतोष कुमार ने बताया कि अनिल जौली निवासी आजाद रोड गोलाकुआं और साजिद निवासी शाहजहां कॉलोनी श्यामनगर को गोलाकुआं स्थित अतुल काइट शॉप के बाहर से गिरफ्तार किया गया। इनके पास से बड़ी मात्रा में चीनी मांझा बरामद हुआ। आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
उधार दिए रुपये मांगने पर सरिये से किया हमला
ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के माता का बाग में उधार दिए रुपये मांगने पर युवक पर पड़ोसी ने सरिये से हमला कर दिया। पीड़ित दीपक ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि वह शनिवार रात पड़ोसी विष्णु से उधार दिए रुपये वापस मांगने गया था।
आरोप है कि विष्णु ने उसके साथ गाली-गलौज की और रुपये देने से मना कर दिया। सरिया लेकर उसके पीछे दौड़ा। आरोपी ने सिर में सरिया मारकर उसे घायल कर दिया। एएसपी अंतरिक्ष जैन ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को तलाश किया जा रहा है।
गंगानगर में ई-रिक्शा चालक ने फांसी लगाई
लाल पार्क निवासी ई-रिक्शा चालक 27 वर्षीय मोनू ने फांसी लगा ली। उसका शव कमरे में लटका मिला। पुलिस की जांच में घरेलू विवाद सामने आया है। जानकारी के अनुसार रात में किसी बात पर मोनू का परिजनों से विवाद हुआ।
सुबह कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों ने खिड़की से देखा तो मोनू का शव फंदे पर लटका था। उसने अंगोछे से फंदा लगाया हुआ था। पुलिस ने शव को उतारकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। परिजनों से पूछताछ में आत्महत्या का कारण घरेलू विवाद सामने आया। कपड़ों की तलाशी में उसकी जेब से कुछ रुपए और कागज मिले। परिजनों ने तहरीर नहीं दी है।
महिला अस्पताल में एसी खराब मिले
प्रमुख अधीक्षक डॉ. मीनाक्षी ने सोमवार को जिला महिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने पैथलॉजी लैब व अन्य चिकित्सकीय व्यवस्था की जांच को परखा। एमओटी यानी मॉड्यूलर ऑपरेटिंग थियेटर में एसी खराब मिलें। इसको ठीक कराने का कर्मचारियों को आदेश दिया गया।
उन्होंने सभी कर्मचारियों को समय पर अस्पताल में उपलब्ध रहने को कहा है। डॉ. राजीव सिंघल ने कहा कि महिलाओं और शिशु दोनों को पर्याप्त इलाज मिल रहा है। जनरल वॉर्ड में तीन नोब पंखों की मांग है। दूसरे तल पर बनी गैलरी में छत का पंखा खराब मिला। ऐसे में अस्पताल में जनरल वाॅर्ड में स्लैब और फ्लेक्सीबल पाइप की कमी पाई गई। प्रमुख अधीक्षक डॉ. मीनाक्षी ने दुरुस्त कराने की सलाह दी है।
मिलक में दुकानदार को गोली मारी
दौराला रोड पर मिलक गांव में दुकान पर बैठे प्रवीण को बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े गोली मार दी। गोली चलने की आवाज सुनकर मौके पर भगदड़ मच गई। आरोपी हमलावर मौके से भाग गए। गोली दुकानदार के दाहिने हाथ से निकलते हुए शटर में जाकर फंस गई। ग्रामीणों ने घायल को सीएचसी सरधना में भर्ती कराया।
गांव मिलक गांव निवासी प्रवीण पुत्र भूषण दौराला रोड पर परचून की दुकान करता है। सोमवार शाम करीब 4:30 बजे वह अपनी दुकान पर बैठा था। तभी बाइक पर सवार दो बदमाश आए और दुकानदार को गोली मार दी। गोली प्रवीण के दाहिने हाथ में जाकर लगी। इसके बाद शटर में जाकर फंस गई। प्रवीण घायल हो गया।
मेरठ-भोला मार्ग पर गांव पेपला के पास स्थित पेट्रोल पंप पर सोमवार रात बाइक सवार बदमाशों ने सेल्समैन से डेढ़ लाख रुपए लूट लिए। लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने गोली भी चलाई। देर रात तक पुलिस बदमाशों की तलाश में लगी रही, मगर कोई सफलता नहीं मिल सकी।
मेरठ-भोला मार्ग पर गांव पेपला के पास सरदार नाम से पेट्रोल पंप है। पेट्रोल पंप पर सोमवार रात साढ़े नौ बजे के आसपास दो बाइकों पर सवार छह नकाबपोश बदमाश आए। तमंचे लिए बदमाशों ने पेट्रोल पंप पर मौजूद सेल्समेन राजू से रुपए से भरा थैला छीनने का प्रयास किया। राजू ने थैला छीनने का विरोध किया। इसके बाद बदमाशों ने गोली चला दी। गोली चलने से घबराए राजू से रुपए से भरा थैला छीनकर बदमाश भाग गए। जानकारी पर सीओ सरधना संजय कुमार जायसवाल और जानी पुलिस मौके पर पहुंचें। उन्होंने पेट्रोल पंप पर मौजूद कर्मियों से घटना के बारे में जानकारी ली।
बदमाशों की तलाश में पुलिस ने काफी भागदौड़ की, मगर कोई सफलता नहीं मिल सकी। बदमाशों की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की भी पुलिस फुटेज चेक कर रही है। एसपी देहात राकेश कुमार मिश्र ने बताया कि बदमाशों की तलाश के लिए पुलिस की चार टीमें लगाई गई है। सीसीटीवी फुटेज से भी बदमाशों को चिन्हित किया गया है। जल्द वारदात का खुलासा किया जाएगा।