फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Meerut News ›   Meerut Crime News: Making fake products in the name of the brand, the person who fired at Nauchandi police arr

Meerut Crime News: ब्रांड के नाम पर बना रहे नकली उत्पाद, नौचंदी पुलिस पर फायरिंग करने वाला गिरफ्तार

Wed, 21 May 2025 06:36 PM IST
डिंपल सिरोही न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ Published by: डिंपल सिरोही Updated Wed, 21 May 2025 06:36 PM IST
सार

उत्तर प्रदेश के मेरठ से जुड़ी अपराध की मुख्य खबरें जानने के लिए बन रहें अमर उजाला के साथ जुड़े रहें। इस ब्लॉग के जरिए आपको शहर और उसके आस-पास की बड़ी खबरों के अलावा अलग-अलग स्थानों पर होने वाले घटनाक्रमों के बारे में भी जानने को मिलेगा, तो जुड़े रहिए अमर उजाला के साथ।

विज्ञापन
Meerut Crime News: Making fake products in the name of the brand, the person who fired at Nauchandi police arr
- फोटो : अमर उजाला

विस्तार

मेरठ के परतापुर उद्योग मंदिर में परतापुर इंडस्ट्रीयल एस्टेट मैन्यूफेक्चर्स एसोसिएशन ने डीआईसी अधिकारियों के सामने उद्यमियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को रखा। डिप्टी कमिश्नर ने उद्यमियों की सभी मांगों को शासन स्तर तक पहुंचाने के साथ हर विषय का समाधान कराने का आश्वासन दिया। उद्यमियों ने ब्रांड के नाम पर नकली उत्पाद बनाकर बेचने वालों पर कार्रवाई करने की मांग प्रमुखता से उठाई।

विज्ञापन


कक्कड़ इंजीनिरिंग कार्पोरेशन के एमडी राजेंद्र सिंह कक्कड़ ने बताया कि हमारे उत्पादों को बीआईएस से अप्रूवल है। हमने ट्रेड मार्क भी ले रखा है। लाखों रुपये का टैक्स देते हैं। इसके बाद भी हमारे नाम से जली कोठी के आसपास कुछ लोग नकली माल बना रहे हैं। इस पर कठोर कदम उठाए जाने की आवश्यकता है। 
विज्ञापन


पीमा के अध्यक्ष निपुन जैन ने कहा कि 35 वर्ष का लंबा कार्यकाल होने के बाद भी कोई नई औद्योगिक संपदा नहीं बनाई गई। आभूषण से लेकर केमिकल, खेल से लेकर कारपेट तक मेरठ का संपूर्ण उद्योग जगत उद्योग का विस्तार करना चाहता है। भूमि का आवंटन, एनओसी और अन्य समस्याओं के कारण उद्योगों का विस्तार नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था व्यापारियों के अनुकूल है। पुलिस अपनी छवि को थोड़ा सुधारे, जिससे आम आदमी उन्हें सीमा पर खड़ी सेना के समान अपना रक्षक समझे।  

विज्ञापन
विज्ञापन

कार ओवरटेक करने पर नशे में धुत युवकों ने पीटा, तोड़फोड़ की
नौचंदी थाना क्षेत्र में गढ़ रोड पर सोमवार रात ओवरटेक करने से झल्लाए नशे में धुत कार सवार युवकों ने दूसरी कार के चालक और उसके साथी को बुरी तरह पीटा। कार में भी तोड़फोड़ कर दी। जान से मारने की धमकी देते हुए आरोपी भाग गए। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों को तलाश कर रही है। 

नेहरूनगर फूलबाग कॉलोनी निवासी सचिन चौहान सोमवार रात 11 बजे अपने साथी के साथ कार से जा रहे थे। वैशाली काॅलोनी के पास आगे जा रही कार को चालक लापरवाही से चला रहा था। सचिन ओवरटेक करते हुए आगे निकल गए। आरोप है कि कुछ दूर चलने पर ही आरोपी चालक ने अपनी कार उनकी कार के आगे लगाकर रोक दी। कार से पांच-छह युवक उतरे और सचिन व उनके साथी से गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर उन्हें कार से नीचे उतार लिया और बुरी तरह से पीटा। सभी आरोपी शराब के नशे में धुत थे। 

सचिन और उनका साथी किसी तरह आरोपियों से छूटकर भाग निकले। आरोपियों ने लाठी-डंडों से उनकी कार में तोड़फोड़ कर दी। आसपास के लोगों के आने पर आरोपी अपनी कार में सवार होकर भाग गए। मारपीट व कार में तोड़फोड़ की घटना पास के ही लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सचिन ने डायल-112 को सूचना दी। पुलिस ने फुटेज कब्जे में ली। सचिन ने थाना नौचंदी पर घटना की तहरीर दी है। 

एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

नौचंदी पुलिस पर फायरिंग करने वाला गिरफ्तार
मेरठ की नौचंदी पुलिस पर फायरिंग कर जानलेवा हमला करने और 25 हजार के इनामी आरोपी शिवनाथ उर्फ सोनू को रोहतक पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से अवैध पिस्तौल और चोरी की कार बरामद की है। आरोपी 19 अप्रैल को रोहतक में नौचंदी पुलिस की टीम पर फायरिंग कर भाग गया था।

रोहतक पुलिस के अनुसार नौचंदी थाना पुलिस 19 अप्रैल को वाहन चोरी और 25 हजार के इनामी आरोपी शिवनाथ उर्फ सोनू निवासी मेरठ को रोहतक में गिरफ्तार करने आई थी। आरोपी पुलिस पार्टी पर फायरिंग करते हुए चोरी की गाड़ी के साथ भाग गया था। 

नौचंदी पुलिस ने रोहतक पुलिस से संपर्क कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए मदद मांगी। मंगलवार को रोहतक पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मेरठ पुलिस को सौंप दिया।

ऑन डिमांड करता था कार चोरी
रोहतक पुलिस ने बताया कि आरोपी शिवनाथ उर्फ सोनू ऑन डिमांड लग्जरी कारों की चोरी करके उनको दूसरे प्रदेशों में बेच देता था। अधिकारियों ने बताया कि गैंग के सदस्य क्रेटा से लेकर फाॅर्च्यूनर के बीच लग्जरी कारों की मांग आने पर उनको चोरी करके पहुंचाता था।

मेजर ध्यानचंद नगर में इलेक्ट्रिक स्कूटी की बैटरी फटने से ऑफिस में लगी आग
ब्रह्मपुरी क्षेत्र के मेजर ध्यानचंद नगर में मंगलवार दोपहर इलेक्ट्रिक स्कूटी की बैटरी फटने से कोरियर सर्विस के ऑफिस में आग लग गई। इसमें स्कूटी के साथ चार कंप्यूटर, प्रिंटर समेत अन्य सामान जलकर राख हो गया। मौके पर पहुंची फायर बिग्रेड की गाड़ी ने आग पर काबू पाया। 

मेजर ध्यानचंद नगर में त्यागी कोरियर सर्विस से का ऑफिस है। कंपनी के मैनेजर अरजेश ने बताया कि ऑफिस में मंगलवार दोपहर इलेक्ट्रिक स्कूटी चार्जिंग पर लगी थी। अचानक बैटरी फट गई और स्कूटी में आग लग गई। कुछ ही देर में आग पूरे ऑफिस में फैल गई। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने भागकर जान बचाई और फायर बिग्रेड को फोन कर घटना की जानकारी दी। फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और आग बुझाई। मैनेजर के अनुसार आग में करीब एक लाख रुपये का सामान जल गया है।  

चोरी के आरोप में युवक को बंधक बनाकर पीटा
कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के रोहटा रोड स्थित लखवाया गांव निवासी संजीव जाटव ने ठेकेदार वकील पर बंधक बनाकर मारपीट करने का आरोप लगाया। वहीं, ठेकेदार ने संजीव पर पैसे चोरी करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। पुलिस तहरीर के आधार पर दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है।  एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि मुरलीपुर गांव में जनेश्वर के मकान पर काम चल रहा है। मुरलीपुर निवासी ठेकेदार वकील मकान में पत्थर लगाने का काम कर रहा है।

ठेकेदार ने पुलिस को बताया कि संजीव ने कमरे में रखी उसकी पेंट की जेब से 5200 रुपये चोरी कर लिए थे। जिसको लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई थी। दोनों पक्षों में मारपीट हो गई थी। वहीं, संजीव मकान पर पुताई का काम कर रहा है। संजीव का आरोप है कि ठेकेदार ने उसे जाति सूचक शब्द बोले। साथ ही ठेकेदार पर हाथ पैर बांधकर कमरे में पीटने का आरोप लगाया।

पीड़ित के अनुसार शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाकर शांत किया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ थाने पर तहरीर दी। एसपी सिटी का कहना है कि तहरीर के आधार पर दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है। 

हरिया लस्सी वाले का बेटा फर्जी नंबर की बुलेट संग पकड़ा
मेरठ के लालकुर्ती पुलिस ने बुलेट बाइक पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर चलाते हुए हरिया लस्सी वाले सुधीर कुमार साहू के बेटे शुभम साहू को मंगलवार को पकड़ लिया। पुलिस ने उसके खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। 

सीओ कैंट संतोष कुमार ने बताया कि माल रोड पर इलाहाबाद बैंक के कट के पास मंगलवार दोपहर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान लालकुर्ती क्षेत्र के बकरी मोहल्ला निवासी शुभम साहू की बुलेट बाइक रोककर कागजातों की जांच की गई। जांच में सामने आया कि वह बाइक पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर चला रहा था। शुभम साहू से इस बारे में पूछताछ की गई तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। इस पर पुलिस ने उसकी बाइक सीज कर दी और धोखाधड़ी की धाराओं में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपी का चालान कर दिया। 

नकली क्रीम बनाकर बेचने वाले तीन गिरफ्तार
रेलवे रोड थाना पुलिस ने ब्रांडेड कंपनी की नकली क्रीम बनाकर बेचने वाले दो भाइयों सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दो दुकानों को पुलिस ने सील कर दिया। इनके पास से पुलिस ने क्रीम के 39 डिब्बे बरामद किए हैं। एक आरोपी पुलिस को देखकर भाग निकला। आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और कॉपीराइट एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। 

बंगलुरु की जासूसी कंपनी की अधिकारी नयनतारा डेमी सोमवार शाम अपने सहयोगी सुमोन मांझी के साथ रेलवे रोड थाने पहुंची थीं। उन्होंने थाने में दी तहरीर में बताया कि वह कॉस्मेटिक उत्पाद बनाने वाली कंपनी केविन केयर की अधिकृत अधिकारी हैं। उन्हें जानकारी मिली है कि विमलश्री हॉस्पिटल के पास एक दुकान पर उनकी कंपनी के नकली उत्पाद बेचे जा रहे हैं। इससे उनकी कंपनी के साथ सरकार को भी राजस्व का नुकसान हो रहा है। पुलिस ने कंपनी के अधिकारियों को साथ लेकर एक दुकान पर छापा मारा। यहां कंपनी के नकली उत्पादों के 31 डिब्बे मिले। मौके से आसिम और उसके भाई आकिब निवासी कोटला, घंटाघर थाना देहलीगेट को गिरफ्तार किया गया।  

थाने लाकर आरोपियों से पूछताछ की गई तो उन्होंने बताया वह यह उत्पाद सावेज निवासी पत्थर वाला अहाता से खरीदते हैं। पुलिस ने उनकी दुकान सील कर सावेज की दुकान पर छापा मारा। सावेज की दुकान पर नकली क्रीम के आठ डिब्बे मिले। उसे भी गिरफ्तार कर दुकान सील कर दी गई। सावेज ने बताया कि साकिब निवासी मोहल्ला सराय बहलीम थाना कोतवाली अपनी दुकान में नकली क्रीम बनाता है। इन्हें हम मिलकर बेचते हैं।

उसे साथ लेकर पुलिस साकिब के यहां पहुंची तो वह दुकान बंद कर भाग निकला। पुलिस पकड़े गए तीनों आरोपियों को थाने ले आई। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ के बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। साकिब को तलाश किया जा रहा है।

किशोरी लापता, युवती और युवक पर आरोप
 टीपी नगर की एक किशोरी बीते शनिवार को संदिग्ध हालात में लापता हो गई। किशोरी की मां ने नोएडा की एक युवती व अपनी बड़ी बेटी के देवर पर आरोप लगाया है। महिला ने एसएसपी कार्यालय पर शिकायत पत्र देते हुए कार्रवाई की मांग की है। एसएसपी ने थाना पुलिस को जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए हैं। 

टीपी नगर थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी निवासी महिला ने मंगलवार को एसएसपी डाॅ. विपिन ताडा को शिकायती पत्र देते हुए बताया कि उसकी 16 वर्षीय बेटी की दोस्ती लगभग एक वर्ष पूर्व नोएडा निवासी एक युवती से इंस्टाग्राम पर हुई थी। युवती ने उसकी बेटी से नोएडा में नौकरी लगवाने की बात कही थी। उसने बेटी को नौकरी करने से मना कर दिया था। आरोप है कि 17 मई को उनकी बेटी दोपहर के समय बिना बताए घर से निकल गई थी। जब देर रात तक किशोरी वापस नहीं आई तो परिजनों को चिंता हुई। 

इसके बाद परिजनों ने आसपास के क्षेत्र में किशोरी की तलाश की, लेकिन जानकारी नहीं हो सकी। पीड़िता ने युवती व युवक पर बेटी को गायब करने का आरोप लगाया है। एसएसपी के आदेश के बाद पुलिस मामले की जांच में लग गई है। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि किशोरी की बरामदगी के लिए एक टीम काम कर रही है।

ट्रेजरी कर्मचारी ने अधिवक्ताओं को दी पिस्टल से गोली मारने की धमकी
कलक्ट्रेट स्थित ट्रेजरी परिसर में सोमवार शाम ट्रेजरी कर्मचारी ने स्टूल पर बैठकर चाय पी रहे अधिवक्ताओं को गाड़ी निकालते समय टक्कर मार दी। आरोप है कि विरोध जताने पर गाली-गलौज करते हुए पिस्टल से गोली मारने की धमकी दी। अधिवक्ताओं ने मंगलवार को मुख्य कोषागार अधिकारी से मिलकर घटना का विरोध जताया। आरोपी कर्मचारी के खिलाफ चौकी में तहरीर दी। 

अधिवक्ता विनय कुमार और लोकेंद्र कुमार सोमवार शाम करीब साढे छह बजे कलक्ट्रेट स्थित ट्रेजरी परिसर में चाय पी रहे थे। वह स्टूल पर बैठे थे। तभी ट्रेजरी में तैनात एक कर्मचारी पास ही खड़ी अपनी गाड़ी निकालने लगा।

आरोप है कि उसने हॉर्न नहीं बजाया और अधिवक्ताओं के स्टूल में टक्कर मार दी। अधिवक्ताओं ने इसका विरोध किया और कर्मचारी से हॉर्न बजाकर निकलने के लिए कहा तो आरोप है वह गाली-गलौज करने लगा। गाड़ी में रखी लाइसेंसी पिस्टल से उन्हें गोली मारने की धमकी दी। तब आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह दोनों पक्षों को शांत किया।

 मंगलवार को कई अधिवक्ता मुख्य कोषागार अधिकारी से मिले और आरोपी कर्मचारी की शिकायत की। तब कर्मचारी ट्रेजरी में मौजूद नहीं था। अधिवक्ताओं की ओर से पुलिस चौकी में तहरीर दी गई। सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी का कहना है कि मामले की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।

स्कूटी सवार पर दो हमलावरों ने किया हमला
मेरठ मेडिकल क्षेत्र में स्कूटी सवार अक्षय बहनवाल पर बाइक सवार दो हमलावरों ने हमला कर दिया। इसमें स्कूटी सवार घायल हो गया। पीड़ित ने आरोपियों पर जातिसूचक शब्द कहने का आरोप लगाया। उसकी तहरीर पर पुलिस ने एससी/एसटी एक्ट में केस दर्ज कर लिया है। वैश्य अनाथालय शिवाज रोड निवासी अक्षय ने बताया कि वह मेडिकल की ओर किसी काम से गया था। लाैटते समय बाइक सवार हमलावरों ने मंगल पांडे नगर में स्कूटी को रोक लिया और मारपीट की। बाद में आरोपी भाग गए। उसने यश लोधी व अनिकेत गिरी के खिलाफ केस दर्ज कराया है। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि केस दर्ज कर दिया गया है। सीओ सिविल लाइन जांच कर रहे हैं।  

घर में घुसकर हमलावरों ने परिवार पर किया हमला
 लिसाड़ी गेट में महिला ने पांच हमलावरों पर घर में घुसकर छेड़छाड़, मारपीट व पथराव करने का आरोप लगाया। पीड़िता मंगलवार को एसएसपी ऑफिस पहुंची और तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। क्षेत्र की एक कॉलोनी निवासी महिला ने तहरीर देकर बताया कि उसके पति विदेश में नौकरी करते हैं। वह बच्चों संग घर पर रहती हैं। पड़ोस में ही एक महिला का परिवार है। उसके घर पर देर रात तक लड़के व लड़कियों का आना-जाना लगा रहता है। यहां आने वाला एक युवक उसकी बेटी पर गलत नजर रखता है। आरोप है कि सोमवार रात पांच हमलावर घर में घुस गए और हमला कर दिया। एसएसपी ने थाना पुलिस को जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने कहा कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।  

महिला से छेड़छाड़, पति पर किया हमला
लालकुर्ती क्षेत्र के एक मोहल्ले में पड़ोसी युवक ने घर में अकेली महिला से कई बार छेड़छाड़ की। विरोध किया तो पति पर हमला कर दिया गया। आरोप है कि तीन बार शिकायत करने के बाद भी पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। एसएसपी से शिकायत में पति ने बताया कि पड़ोसी युवक उसकी पत्नी के साथ अक्सर छेड़छाड़ करता है। पहले भी इसका विरोध किया गया। इस बार भी आरोपी ने उन पर हमला कर दिया।एसएसपी ने मामले की जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। 

मुस्कान-साहिल का नाम लेकर ड्रम में डालने की धमकी 
लिसाड़ी गेट के एक युवक ने पत्नी से जान का खतरा जताते हुए मंगलवार को एसएसपी से शिकायत की। आरोप है कि उसकी पत्नी मुस्कान और साहिल का नाम लेकर उसे नीले ड्रम में डालने की धमकी देती है। एक कॉलोनी निवासी युवक ने एसएसपी डॉ. विपिन ताडा को शिकायत पत्र देते हुए बताया कि उसकी शादी हरियाणा निवासी युवती से हुई थी। पत्नी रोजाना झगड़ा करती है।

आरोप लगाया कि महिला अपने पुरुष मित्र से बात करती है। विरोध करने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देती है। पीड़ित ने सोमवार को महिला की हरकतों का विरोध जताया था। महिला ने पति को धमकी दी। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी। थाना पुलिस को जांच के निर्देश दिए। 

मारपीट-पथराव में घायल पूर्व प्रधान की मौत
परतापुर बाईपास स्थित डुंगरावली गांव में एक सप्ताह पूर्व बाइक और कार टकराने के बाद हुई मारपीट और पथराव में घायल 102 वर्षीय पूर्व प्रधान श्यामलाल पुत्र नारायण की मंगलवार को सुभारती अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को चार आरोपियों का चालान कर जेल भेज दिया। 

14 मई को डुंगरावली निवासी अक्षय पुत्र थानसिंह की कार और आकाश पुत्र संजय की बाइक टकरा गई थी। इसके बाद दोनों में मारपीट हो गई। मारपीट की सूचना पर आकाश पुत्र संजय पक्ष के दर्जनों लोग लाठी-डंडे लेकर अक्षय के घर पहुंचे और उन पर हमला बोल दिया। आरोपियों ने अक्षय के घर पर पथराव किया था। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस को देखकर आरोपी फरार हो गए थे। मारपीट और पथराव में 102 वर्षीय श्यामलाल, पूनम, माया देवी, आकाश, मनोज, नवीन और दीपक घायल हो गए। पुलिस ने सभी को उपचार के लिए सीएचसी भूड़बराल भेजा था। हालत ज्यादा खराब होने पर परिजनों ने श्यामलाल को सुभारती अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

अक्षय के चचेरे भाई मनोज पुत्र जयप्रकाश की ओर से अक्षय पक्ष के एसपी शामली के गनर सहित 24 लोगों के खिलाफ परतापुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया। मंगलवार को अस्पताल में उपचार के दौरान श्यामलाल की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मंगलवार को ही पुलिस ने मुकदमे में नामजद आकाश, सुमित, हिमांशु और गोपाल उर्फ राहुल को गिरफ्तार किया था। एएसपी अंतरिक्ष जैन का कहना है कि मारपीट में शामिल चार लोगों को जेल भेज दिया गया है, बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed