Meerut Crime News: कहासुनी में सिर में डंडा मारकर की हत्या, शादी का झांसा देकर किया यौन शोषण
लोहियानगर थाना क्षेत्र के पीपलीखेड़ा गांव में किसान के खेत में खड़ी फसल उसके भाई और भतीजों ने ट्रैक्टर चलाकर नष्ट कर दी। सिविल लाइन थाना क्षेत्र की एक युवती ने आरोपी युवक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पढ़ें मेरठ से अपराध संक्षेप।
विस्तार
शादी का झांसा देकर किया यौन शोषण
सिविल लाइन थाना क्षेत्र की एक युवती ने आरोपी युवक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। आरोपी ने होटल में दुष्कर्म किया और अश्लील फोटो व वीडियो बना ली। आरोपी वीडियो वायरल करने की धमकी दे रहा है। शुक्रवार को पीड़िता ने एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई है। एसएसपी के निर्देश के बाद पुलिस मामले की जांच में लग गई है। पीड़िता का कहना है कि आठ महीने पूर्व उसकी मुलाकात नौचंदी थाना क्षेत्र के युवक से हुई थी। आरोपी ने उससे शादी करने की बात कही थी। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है की तहरीर के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
कक्षा-नौ के छात्र को पीटा, केस दर्ज
कक्षा-नौ के छात्र को कुछ लोगों ने रस्सी से बांधकर बुरी तरह पीटा। छात्र के पिता ने थाने में दी तहरीर में बताया कि उसके 14 वर्षीय पुत्र को कुछ दिन पहले शान, कल्लू, फम्मू, उजैफ घर से बुलाकर ले गए थे। आकिब के घर में रस्सी से बांधकर बुरी तरह पीटा। कई दिन बाद उनके पुत्र ने इस घटना के बारे में बताया। सीओ कोतवाली आशुतोष कुमार का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों को तलाश किया जा रहा है।
कक्षा तीन की छात्रा बिन बताए मां के स्कूल पहुंची
कंकरखेड़ा के अशोक नगर निवासी कक्षा तीन की छात्रा शुक्रवार को बिना बताये अपनी मां के स्कूल चली गई। अपहरण की आशंका पर परिजन ने स्कूल में जाकर हंगामा कर दिया। वहीं छात्रा बिना बताए अपनी सहेली के साथ मां के स्कूल पहुंच गई। बेटी के सकुशल मिलने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली। हालांकि पुलिस को इस मामले की सूचना नहीं दी गई।
बंद मकान में चोरी करते हिस्ट्रीशीटर पकड़ा
पल्लवपुरम फेज- दो में शुक्रवार को पुलिस ने बंद मकान में चोरी कर रहे हिस्ट्रीशीटर हैप्पी उर्फ जौरी निवासी पल्हैड़ा थाना पल्लवपुरम को पकड़ लिया। पुलिस काफी समय से आरोपी की तलाश कर रही थी। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि पल्लवपुरम पाॅकेट एमएच-26 निवासी विभु अग्रवाल इंद्रापुरम गाजियाबाद में रहते हैं। आरोपी पल्लवपुरम थाने का हिस्ट्रीशीटर है। आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें: Meerut News Today Live: मेरठ और आसपास की ताजा और अहम खबरें, पढ़ें 17 मई को आपके शहर में क्या हुआ
लोहियानगर में परिवार पर किया हमला, चार घायल, रिपोर्ट दर्ज
लोहियानगर में शुक्रवार रात दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। जिसमें हमलावरों ने पीड़ित पक्ष पर लोहे की रॉड व लाठी डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। पीड़ित पक्ष के सरताज, राबिया, शाहानबाज व गुलिस्ता चोट लगने से घायल हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पहुंची। पुलिस ने घायलों को मेडिकल के लिए भेज दिया। पुलिस तहरीर के आधार पर केस दर्ज की कार्रवाई कर रही है।
थाना क्षेत्र के हाजीपुर गांव निवासी सरताज ने थाने पर तहरीर देते हुए बताया कि वसीम व शगीर उसके जीजा शाहरूख को कॉल करते हैं और गाली-गलौज करते हैं। शुक्रवार शाम वह अपने घर पर मौजूद था। आरोपियों ने पीड़ित व उसके परिवार पर धारदार हथियार, लोहे की राॅड व लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
मारपीट में सरताज सिर में चोट लगने से घायल हो गया। वहीं अन्य तीन महिलाएं हाथ व पैर चोट लगने से घायल हो गई। इस दौरान किसी ने अपने मोबाइल से वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। सीओ कोतवाली आशुतोष कुमार का कहना है कि तहरीर के आधार कार्रवाई की जाएगी।
जानी थाना पुलिस ने गांव कुसैड़ी के अजय उर्फ बिट्टू हत्याकांड में चार्जशीट कोर्ट में दाखिल कर दी है। पत्नी संगीता ने अपनी बहन पूनम के साथ मिलकर अपने प्रेमी अवनीश से 25 फरवरी को पति अजय की हत्या कराई थी। अजय की हत्या के बाद दोनों शादी करना चाहते थे। प्रेमी ने अपने साथी आशु के साथ मिलकर अजय की शराब पिला कर गला घोट कर हत्या की थी।
जानी पुलिस ने चार्जशीट में संगीता, पूनम, अवनीश और आशु को दोषी माना है। प्रेम प्रसंग में हत्या की गई। साथ ही पूनम ने भी अपने पति की मौत का बदला लेने के लिए अपने बहन संगीता का साथ दिया। सभी हत्यारोपी जेल में बंद है और पति सौरभ की प्रेमी साहिल संग हत्या करने वाली मुस्कान की सहेली बन चुकी है।
शराब पीने के दौरान कहासुनी होने पर सिर में डंडा मारकर की हत्या
फलावदा पुलिस ने सकौती टांडा के पूर्व सैनिक मुकेश कुमार की हत्या का खुलासा कर दिया। शराब पीने के दौरान आरोपी टिंकू उर्फ पिंटू निवासी बातनौर ने कहासुनी होने पर उसके सिर में डंडा मार कर हत्या कर दी थी। बाद में शव को सकौती महलका रोड पर फेंक दिया था। पुलिस ने हत्या आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। उसके कब्जे से मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
एसपी देहात राकेश कुमार मिश्र ने बताया कि पूर्व सैनिक मुकेश की 10 मई की शाम को हत्या कर दी गई थी। 11 मई की सुबह महलका गांव के पास पेट्रोल पंप के निकट के खेत में मुकेश का शव पड़ा मिला था।
उसकी पत्नी रेणु ने अज्ञात में हत्या का मामला फलावदा थाने पर दर्ज कराया था। एसपी देहात ने बताया कि जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने हत्यारोपी टिंकू उर्फ पिंटू को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया। पूछताछ में बताया कि 10 मई शनिवार की शाम दोनों दौराला में सनौली रोड पर ठेके पर शराब पी रहे थे। मुकेश ने उसे मोटरसाइकिल से सकौती तक छोड़ने को कहा था। रास्ते में कहासुनी के बाद गाली गलौज हो गई।
महलका पेट्रोल पंप के पास उसने मुकेश के सिर में डंडा मारकर हत्या कर दी और शव को एक के खेत में फेंक दिया था। हत्या आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
सदर बाजार में युवक पर किया हमला
सदर बाजार में एक युवक पर नुकीली चीज से हमला किया गया। नुनिया मोहल्ला निवासी बबलेश कुमार सदर बाजार थाने पहुंचा। उसने बताया कि बृहस्पतिवार को उनका बेटा शिवम दुकान बंद करके घर जा रहा था। गली के बाहर गौतम ने उसके साथ अभ्रदता कर दी।
शिवम ने विरोध किया तो उसने किसी नुकीली चीज से सिर पर वार किया। इससे शिवम घायल हो गया। शोर मचने पर आसपास के लोग आ गए। तभी आरोपी मौके से भाग गया। बाद में बबलेश बेटे शिवम को लेकर थाने पहुंचे। पुलिस ने घायल शिवम का मेडिकल कराया। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
चिकित्सक की बेटी के टॉप्स व नकदी चोरी
नौचंदी थाना क्षेत्र में हापुड़ अड्डे के पास चिकित्सक के घर से बेटी के टॉप्स और छह हजार की नकदी चोरी हो गई। डॉ. इसरार अहमद ने थाने में दी तहरीर में बताया कि हापुड़ अड्डे के पास उनका भूतल पर आयशा आई सेंटर के नाम से क्लीनिक है। प्रथम तल पर वह परिवार के साथ रहते हैं। दो दिन पूर्व उनके घर से बेटी के टॉप्स और नकदी कोई चुरा ले गया। सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई
गंगानगर निवासी कृष्ण कपिल त्यागी ने सदर बाजार थाने में धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें बताया कि कार के इंजेक्टर में खराबी आने पर उन्होंने राजा और शाहरूख अलीम से बात की। इन दोनों ने 10,500 रुपये इंजेक्टर ठीक कराने के नाम पर ऑनलाइन ले लिए।
आरोप है कि उनकी गाड़ी के असली इंजेक्टर निकालकर किसी दूसरी गाड़ी के इंजेक्टर डाल दिए। घर पहुंचकर उनकी गाड़ी स्टार्ट नहीं हुई। उन्होंने इंजेक्टर वापस कर दिए और अपनी रकम वापस मांगी। आरोपी रुपये नहीं लौटा रहे हैं और जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। सीओ कैंट संतोष कुमार का कहना है कि जांच की जा रही है। तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस को देख भट्ठी में स्क्रैप गला रहे लोग भागे
लोहियानगर क्षेत्र के बजौट गांव में भट्ठी में स्क्रैप गला रहे पांच लोग पुलिस को देख भाग निकले। उप निरीक्षक महेश कुमार ने तीन नामजद और दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। सीओ कोतवाली आशुतोष कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि बजौट गांव में लिसाड़ीगेट जाने वाले रास्ते पर कुछ लोग अवैध भट्ठी पर स्क्रैप गला रहे हैं।
भट्ठी से निकलने वाले जहरीले धुएं से वातावरण प्रदूषित हो रहा है। भट्ठी का संचालन सोहेल निवासी ढबाई नगर थाना नौचंदी, जमील निवासी शौकीन गार्डन और उवैद व दो अज्ञात व्यक्ति कर रहे हैं। पुलिस आरोपियों को तलाश कर रही है।
चोरी की बाइक के साथ एक गिरफ्तार
लालकुर्ती थाना पुलिस ने चोरी की बाइक के साथ बुलंदशहर के जीराजपुर गांव निवासी नरेंद्र को गिरफ्तार किया है। सीओ कैंट संतोष कुमार ने बताया कि चेकिंग के दौरान आरोपी को पकड़ा गया। वह बाइक पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर चला रहा था। मेरठ से चोरी की बाइक पर बुलंदशहर जिले की फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई थी। उसके पास से 2530 रुपये और एक मोबाइल भी पुलिस ने बरामद किया है।