फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Meerut News ›   Meerut Crime News: After murder, body was thrown on a bike, family was attacked after entering house

Meerut Crime News: हत्या के बाद बाइक पर शव लाकर फेंका, घर में घुसकर परिवार पर हमला, चार घायल

Tue, 13 May 2025 05:22 PM IST
डिंपल सिरोही न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ Published by: डिंपल सिरोही Updated Tue, 13 May 2025 05:22 PM IST
सार

मेरठ के तारापुरी निवासी 30 वर्षीय युवक उमर की रविवार देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पढ़ें मेरठ से अपराध संक्षेप।

विज्ञापन
Meerut Crime News: After murder, body was thrown on a bike, family was attacked after entering house
मेरठ पुलिस मौके पर जांच करते हुए - फोटो : संवाद

विस्तार

सकौती टांडा निवासी पूर्व सैनिक मुकेश की हत्या करके शव को बाइक पर लाकर सकौती-महलका मार्ग पर ईंख के खेत में फेंका था। बाइक सवार दो हत्यारोपी पास ही पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गए।

विज्ञापन


पुलिस ने फुटेज ले ली है और इसके जरिए हत्यारोपियों की पहचान कराकर का प्रयास कर रही है, मगर अभी तक दोनों हत्यारोपियों को पहचान नहीं हो सकी है। हालांकि पुलिस ने मुकेश के साथ मोदीपुरम में काम करने वाले दो लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
विज्ञापन


शनिवार को मुकेश मजदूरी करने के लिए मोदीपुरम गया था, मगर लौट कर नहीं आया। उसी रात उसकी हत्या कर दी गई। हत्यारोपियों ने उसका शव महलका-सकौती मार्ग पर पेट्रोल पंप के पास ईख के खेत में फेंक दिया था। रविवार सुबह उसका शव पड़ा मिला था। मृतक की पत्नी रेणु ने अज्ञात में हत्या का मामला फलावदा थाने में दर्ज कराया है। जांच करने पर पता चला कि दो बाइक सवार उसका शव बाइक पर लाकर यहां फेंकते हुए पेट्रोल पंप के कैमरे में दिखाई दे रहे है। दो दिन बाद भी फलावदा पुलिस हत्यारोपियों तक नहीं पहुंच सकी है।
विज्ञापन
विज्ञापन


सिर में चोट लगने से हुई मौत
एसपी देहात राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार कंधे और सिर में पीछे चोट आई है। सिर में पीछे हिस्से में डंडे से प्रहार से उसकी मौत हुई है। शनिवार को उसके साथ काम करने वाले दो लोगों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। सीसीटीवी कैमरे में दिखाई दे रहे दोनों हत्यारोपियों की पहचान के भी प्रयास जारी है। सर्विलांस और स्वाट टीम को भी घटना के खुलासे के लिए लगाया गया है।

यह भी पढ़ें: सौरभ हत्याकांड: 54 दिन में चार्जशीट...पहले मोहब्बत, बेइंतहा नफरत और फिर कत्ल की 1000 पन्नों में दर्ज हुई कहानी

मजदूरी के रुपये मांगने पर युवक को बंधक बनाकर पीटा
सरधना में गांव झिटकरी में मजदूरी के रुपये मांगने पर युवक को बंधक बनाकर पिटाई कर दी। पीड़ित ने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। किसी तरह आरोपियों से बचकर थाने पहुंचे पीड़ित ने पुलिस को मामले से अवगत कराया और नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। 

पीड़ित शिवम की मां सुमन ने तहरीर में बताया कि उसका पुत्र रविवार देर शाम करीब सात बजे गांव के लोगों के यहां अपनी मजदूरी लेने गया था। आरोप है कि शिवम ने उसे मजदूरी के 2750 रुपये देने के लिए अपने घर बुलाया। तभी आरोपियों ने उसे  अपने घर में बंधक बना लिया। साथ ही जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए उसके साथ को बेरहमी से पीटा। दोबारा रुपये मांगने पर उसे हत्या की धमकी दी। मोहल्ले के लोगों की मदद से युवक ने अपनी जान बचाई और थाने पहुंचा। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पिता नितिन व आदेश के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। संवाद

ग्रामीणों का सीएनजी प्लांट पर हंगामा
जीतपुर मार्ग स्थित सीएनजी प्लांट पर सोमवार को जीतपुर के ग्रामीणों ने हंगामा किया। आरोप है कि प्लांट से निकलने वाली मैली को गांव के चारों ओर से आने वाले रास्ते पर डाल दिया जाता है, जिस कारण बारिश में यहां फिसलन हो जाती है। मैली से उठती बदबू व पनप रहे मच्छरों से ग्रामीण बीमारियों से जूझ रहे हैं। उन्होंने प्लांट मालिक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। 

प्रधान विजय पंवार के नेतृत्व में ग्रामीण सोमवार सुबह प्लांट पर एकत्रित हुए और प्लांट मालिक के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हंगामा किया। प्रधान ने बताया कि प्लांट सरकार के आदेश पर मानक के अनुसार स्थापित किया गया था, लेकिन मालिक मानकों का उल्लंघन कर रहे हैं। प्लांट से निकलने वाली मैली को रास्ते पर डाल दिया जाता है। पूर्व प्रधान जयवीर ने बताया कि ग्रामीणों की ओर से जिलाधिकारी, एसएसपी, एसडीएम, मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत की जा चुकी है, परंतु आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। कार्रवाई नहीं होने से प्लांट मालिक अपनी मर्जी चला रहा है। ग्रामीण प्रशांत ने चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीणों को आंदोलन करने पर विवश होना पड़ेगा। 

श्वान प्रकरण में महिला आयोग अध्यक्ष को पत्र
पल्लवपुरम में श्वान के विवाद में तुलिका मिश्रा ने सोमवार को महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता चौहान और अन्य विभागों के अधिकारियों को भी पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की। तूलिका के अनुसार वह सात मई को बेटी अग्रिमा के साथ पालतू श्वान को घुमा रही थी। आरोप है कि वैभव राणा, आरती, उनकी भाभी व नौकरानी ने मां-बेटी पर ईंटों से हमला कर दिया। इस मामले में उन्होंने पल्लवपुरम थाने पर मुकदमा भी दर्ज कराया, लेकिन पुलिस ने अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं की।

गिरफ्तारी नहीं होने से आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और पीड़ित परिवार के लोगों को अपना रसूख का दबदबा दिखाते हुए धमकी दे रहे हैं। आरोप लगाया कि उनके साथ कुछ सपा के नेता और किसान यूनियन की पदाधिकारी भी उनके परिवार को फंसाने में जुटे हैं। आरोपी लगातार उन्हें पल्लवपुरम से मकान छोड़कर भगाने व नौकरानी के साथ मिलकर एससी/एसटी का झूठा मुकदमा दर्ज कराने की धमकी दे रहे हैं। मुकदमा दर्ज कराए जाने के बाद भी पुलिस ने कोई गिरफ्तारी नहीं की, जिस कारण उनका परिवार दहशत में है।  उन्होंने महिला आयोग की अध्यक्षा से कार्रवाई  की मांग की है। 

नंगलाशाहू गांव में पांचवीं के छात्र को पीटा
भावनपुर थाना के गांव नंगलाशाहू निवासी आठ वर्षीय साहिल गांव के ही स्कूल में पांचवीं में पढ़ता है। रविवार को गांव में ही उसका पांच साल के अलतमस से झगड़ा हो गया था। दोनों बच्चों के बीच हुई मारपीट को लेकर सोमवार को अलतमस के पिता ने स्कूल के गेट के सामने ही साहिल को बुरी तरह से पीटा। जिसकी सूचना पर पहुंचे परिजनों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। पिता फरमान और अन्य परिजन घायल साहिल को लेकर थाने पहुंचे। पुलिस ने घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया। जहां से चिकित्सकों ने उसे मेरठ रेफर कर दिया। पीड़ित पक्ष की ओर से दी गई तहरीर     के आधार पर पुलिस मामले में कार्रवाई कर रही है। 

घर में घुसकर चोरी का प्रयास, केस दर्ज
लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के प्रह्लाद नगर निवासी ममता ने थाने पर केस दर्ज कराते हुए बताया कि रविवार दोपहर वह घर पर अपने कमरे में सोई हुई थी। इसी बीच उसे दूसरे कमरे से कुछ आवाज आई, उसने जाकर देखा तो एक युवक कमरे में चोरी का प्रयास कर रहा था। आरोपी को देखकर महिला ने शोर मचा दिया। आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने महिला के सिर पर डंडे से हमला कर दिया, जिसमें वह घायल हो गई। महिला का शोर सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े। पीड़ित ने थाने में नदीम के खिलाफ केस दर्ज कराया था। पुलिस ने सोमवार को आरोपी को कोर्ट में पेश कर दिया। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि आरोपी को जेल भेज दिया गया है।  

बाइक सवार को बचाने में पलटा कोयले से लदा ट्रक
भावनपुर थाना क्षेत्र के काली नदी के समीप बिहार के औरंगाबाद से कोयला लादकर मेरठ जा रहा ट्रक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में पलट गया। जिससे ट्रक में लदा कोयला नदी के समीप खेत में जा गिरा। ट्रक पलटता देख बाइक सवार मौके से फरार हो गया। ट्रक पलटने से चालक अमानत पुत्र अखबर शाहजहांपुर और क्लीनर हसन पुत्र मन्नवर मामूली रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल चालक को उपचार दिलाया। 

दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस ने भेजा जेल
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने पांच दिन पूर्व केस दर्ज कराते हुए बताया था उसके घर पर गाजियाबाद के एक युवक का आना जाना था। इस दौरान दोनों में दोस्ती हो गई। दोस्ती कुछ ही दिनों में प्यार में बदल गई थी। कुछ दिन बाद युवती ने युवक से शादी के लिए कहा था। युवक ने शादी करने से इन्कार कर दिया। आरोप है कि आरोपी युवक ने शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज करा दिया था। पुलिस आरोपी की तलाश में लग गई थी। सोमवार सुबह पुलिस ने आरोपी को सरधना फ्लाइओवर के पास से पकड़ लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान वसीम के रूप में हुई। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। 

शराबी ई-रिक्शा चालक ने बाइक सवार को घसीटा 
भावनपुर थाने के जयभीमनगर स्थित शिव शक्ति विहार चौराहे से तेज गढ़ी चाैराहे तक दर्जनों ई-रिक्शा चलते हैं। सोमवार को एक ई-रिक्शा चालक शराब के नशे में धुत होकर तेज गति से शिव शक्ति विहार की ओर जा रहा था। तभी चौराहे के समीप रहने वाला रकम सिंह पुत्र नानक चंद्र किसी काम से बाहर जाने के लिए अपने घर के बाहर बाइक पर बैठा ही था, तभी ई-रिक्शा चालक ने बाइक को टक्कर मारते हुए दूर तक घसीट डाला। आसपास के लोग ई-रिक्शा के पीछे दौड़ पड़े। चालक ई-रिक्शा छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी ली। ई-रिक्शा चालक की तलाश की जा रही है।
 

युवक की मौत, परिजनों  ने चंदे से दफीना कराया
तारापुरी निवासी 30 वर्षीय युवक उमर की रविवार देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक के पिता और दो भाइयों की काफी समय पहले मौत हो चुकी है। उसके परिवार की आर्थिक हालत भी ठीक नहीं हैं। इसके चलते परिजनों ने चंदा इकट्ठा करके शव का दफीना कराया।

ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र की तारापुरी का निवासी उमर मजदूरी करता था। पुलिस के अनुसार युवक काफी शराब पीता था। रविवार रात बहन ने युवक को खाना खाने के लिए आवाज लगाई। जब वह काफी देर तक कमरे से बाहर नही आया तो परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद बहन ने कमरे में जाकर देखा तो युवक बिस्तर पर अचेत अवस्था में पड़ा था। महिला का शोर सुनकर आसपास के लोग दौड़े। 

बाद में सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को पास के अस्पताल में भर्ती कराया। यहां युवक को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस ने शव का विसरा सुरक्षित रख लिया है।  

घर में घुसकर परिवार पर हमला, चार घायल
मोदीपुरम। खनौदा गांव में ओमवीर व उसके परिजनों पर पांच युवकों ने घर में घुसकर हमला कर दिया। हमले में महिला समेत चार लोग घायल हो गए। पीड़ित ने रिपोर्ट दर्ज कराकर कार्रवाई की मांग की। ओमवीर के मुताबिक वह घर पर परिवार के साथ खाना खाने के बाद आराम कर रहा था। आरोप है कि गांव निवासी सोनू, सनी, मिंटू, और गावड़ी गांव निवासी गौरव व सुरेश जबरन उनके घर में घुस आए। उन्होंने अभद्रता की। विरोध करने पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।

हमले में ओमवीर, विनोद कुमार, कपिल कुमार और पुत्रवधू रीता घायल हो गई। पीड़ितों का शोर सुनकर ग्रामीण एकत्रित होकर घर की ओर दौड़े। इस पर आरोपी धमकी देकर भाग निकले। ग्रामीणों को आता देख एक बाइक मौके पर ही छोड़कर चले गए। केस दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। परिजनों ने बताया कि उनकी हमलावरों से कोई रंजिश नहीं है। सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि केस दर्ज कर जांच की जा रही है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।  

25 हजार का इनामी पुनीत भड़ाना भेजा जेल
मेडिकल थाना क्षेत्र में छात्र से बाइक लूट की कोशिश और विरोध पर घर पहुंचकर पिस्टल से फायरिंग करने का आरोपी हिस्ट्रीशीटर पुनीत भड़ाना सोमवार को जेल भेजा गया। इस मामले में उसके पांच साथियों के नाम भी प्रकाश में आए हैं। पुलिस उन्हें तलाश कर रही है। 

शास्त्रीनगर के-ब्लॉ निवासी सतीश कुमार ने बताया कि उनका बेटा संजीव कुमार कक्षा 12 में पढ़ता है। सात मई की शाम करीब छह बजे वह बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान उसे पड़ोसी पुनीत ने अपने साथियों के साथ मिलकर रोक लिया। 

आरोप है कि पुनीत ने उससे बाइक छीनने की कोशिश की। संजीव ने विरोध किया तो उसने पिस्टल निकालकर गोली मारने की धमकी दे दी। पुनीत ने 24 घंटे के भीतर संजीव व उसके भाइयों को मारने की धमकी दी थी। आठ मई को पुनीत अपने पांच साथियों के साथ घर पर आ गया और संजीव के बारे में पूछा। महिलाओं ने कारण पूछा तो वह अभद्रता करने लगा और पिस्टल निकालकर फायरिंग कर दी थी।

पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को तलाश कर रही थी। एसएसपी ने आरोपी पर 25 हजार का इनाम घोषित कर दिया था। वह गौतमबुद्धनगर के दादरी में अपनी बहन के यहां छिपा था। आरोपी सोशल मीडिया पर गुर्जर सम्मेलन से संबंधित पोस्ट कर रहा था। रविवार शाम पुलिस ने उसे दादरी पहुंचकर गिरफ्तार कर लिया। 

एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि सोमवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया। उसके साथियों को तलाश किया जा रहा है।

न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने दुकान पर कब्जा दिलाया
न्यायालय के आदेश पर मिल रोड स्थित दुकान को खाली कराकर दुकान मालिक को पुलिस ने कब्जा दिलाया। न्यायिक मजिस्ट्रेट मवाना द्वारा अपने आदेश में दर्शित भूमि की बाबत डिक्रीदार मोहम्मद हुसैन को पुलिस बल की सहायता से डिक्रीशुदा जमीन जो वादी की मिल्कीयत है पर तृतीय पक्ष मोहम्मद रिजवान को बेदखल कर कब्जा दिलाने के आदेश दिए। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मोहम्मद हुसैन को दुकान का कब्जा दिलाया। जिसके बाद मोहम्मद हुसैन ने दुकान पर अपना कब्जा ले लिया। 

बुलेट बाइक नहीं मिलने पर विवाहिता को दिया तलाक
सरधना। नंगला ऑर्डर निवासी विवाहिता से बुलेट बाइक की मांग पूरी नहीं होने पर ससुराल वालों ने मारपीट कर तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया। मायके पहुंची विवाहिता ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। पीड़िता ने पति सहित अन्य ससुराल वालों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। नंगला ऑर्डर रोड निवासी इकरा ने बताया कि उसकी शादी 2019 में खतौली मुजफ्फरनगर में हुई थी। पिता ने अपनी सामर्थ्य अनुसार काफी दहेज दिया था। बावजूद इसके ससुराल वाले बुलेट बाइक लाने का उस पर दबाव बना रहे थे। उसने जब भी इसका विरोध किया तो ससुराल वाले उसके साथ मारपीट करते हैं। आरोप है कि सोमवार दोपहर करीब दो बजे उसके ससुर व अन्य ससुराल वालों ने उसके साथ मारपीट की। पीड़िता ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।  

पीएम-सीएम पर की अभद्र टिप्पणी, रिपोर्ट दर्ज
जानी क्षेत्र में दो दिन से सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और मुख्यमंत्री के खिलाफ अभद्र टिप्पणी का वीडियो वायरल हो रहा है। इससे ग्रामीणों में रोष है। वीडियो क्लिप जानी पुलिस तक भी पहुंची। पुलिस ने अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज कर वीडियो की जांच शुरू कर दी है। वीडियो में एक युवक अश्लील बातें कर रहा है। पुलिस ने अज्ञात युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीओ सरधना संजय कुमार जायसवाल के अनुसार रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी युवक की तलाश की जा रही है। 

प्लास्टिक के स्क्रैप में लगी आग
खरखौदा। कस्बा खरखौदा के माता मोहल्ला निवासी बबली पुत्र खचेडू के प्लॉट में काफी समय से असम निवासी कचरा बीनने वाले कुछ लोग झुग्गी झोपड़ी बनाकर रह रहे थे। इन्हीं में साईं नाम का व्यक्ति भी अपने परिवार के साथ रहता है। व्यक्ति ने अपनी झोपड़ी के बराबर में ही प्लास्टिक का स्क्रैप इकट्ठा कर रखा था। अन्य लोगों के अनुसार साईं पिछले कई दिनों से परिवार के साथ अपने गांव गया हुआ है। सोमवार को दोपहर के समय उसकी झुग्गी में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। बाद में आग स्क्रैप तक पहुंच गई। आसपास के लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने नगर पंचायत के पानी के टैंकर व अन्य संसाधनों से समय रहते ही आग पर काबू पा लिया। पुलिस ने लोगों की मदद से जलती हुई झोपड़ी से गैस का सिलिंडर निकाल कर बाहर फेंका, नहीं तो घटना बड़ी हो सकती थी। 

संदिग्ध परिस्थितियों में युवती लापता
सरधनाक्षेत्र के एक गांव से एक युवती संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। काफी तलाश के बाद भी उसका सुराग नहीं लग सका। युवती की मां ने किसी अनहोनी की आशंका जताकर थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज की और उसकी तलाश में जुट गई। 

युवक को जान से मारने की धमकी दी
सरूरपुर में कस्बा हर्रा निवासी जोल हक ने तहरीर में बताया कि नौ माह पूर्व कस्बा निवासी युवक को अपनी सेंट्रो कार बेची थी। बताया कि उसने कार के सभी दस्तावेज भी युवक सौंप दिए थे। जिसके बाद उसने युवक को कई बार कार को उसके नाम करने के लिए कहा था। लेकिन उसने कार को अपने नाम नहीं कराया। बताया कि आरोपी पिछले दो दिनों से उसके फोन पर किसी दरोगा के नाम से फोन करा रहा है। 

आरोपी उसे जितने में कार बेची थी उतनी रकम वापस करने का दबाव बना रहा है। कार वापस नहीं लेने पर आरोपी ने उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी है। सोमवार को थाना पहुंचकर आरोपी के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में सीओ सरधना का कहना है तहरीर व ऑडियो क्लिप की जांच की जा रही है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
 

महिला व बेटे के साथ की मारपीट
सरधना केमोहल्ला किला खेवान निवासी राधा पत्नी राजू ने तहरीर में एसएसपी की शिकायत में बताया कि दस अप्रैल को मोहल्ला निवासी आरोपी ने उसकी गली के बाहर खड़े उसके बेटे के साथ गाली गलौज कर दी थी। विरोध करने पर आरोपी लाठी-डंडे लेकर घर में घुस  आया और उन पर जानलेवा हमला कर दिया। 

पीड़िता ने थाने में तहरीर दी थी। एक माह बीतने के बाद भी थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। पीड़िता ने थाना पुलिस पर आरोपियों के साथ साठगांठ का आरोप लगाया है। सोमवार को पीड़िता ने एसएसपी डॉ. विपिन ताडा से मिलकर शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।  

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed