Meerut Crime News: एटीएम बदलकर खाते से उड़ाए 80 हजार, बरात घर पर चला बुलडोजर, पढ़ें-अपराध संक्षेप
मेरठ में मकान किराए पर लेने का झांसा देकर लाखों की ठगी कर ली। मेरठ विकास प्राधिकरण (मेडा) के प्रवर्तन दल ने बृहस्पतिवार को दो अवैध कॉलोनी व बरात घर को जमींदोज कर दिया। पढ़ें खास खबरें
विस्तार
जगबीर सिंह ने तहरीर में बताया कि मंगलवार को वह एसबीआई के एटीएम से रुपये निकालने गए थे। उन्होंने एटीएम से रुपया निकालने का प्रयास किया, लेकिन रुपये नहीं निकल सके।
आरोप है कि वहां खड़े एक युवक ने उनसे दूसरी मशीन से रुपये निकालने के लिए कहा और इसी दौरान कार्ड बदल दिया। आरोपी ने दो दिन में उनके खाते से 80 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने बैंक में शिकायत दर्ज कराने के साथ थाने पर भी मुकदमा दर्ज कराया।
यह भी पढ़ें: Meerut News Today Live: मेरठ और आसपास की ताजा और अहम खबरें, पढ़ें 27 जून को आपके शहर में क्या हुआ
मकान किराये पर लेने का झांसा देकर एक लाख ठगे
कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र की श्रद्धापुरी में बुजुर्ग महिला रीता वर्मा के साथ साइबर अपराधी ने मकान किराये पर लेने का झांसा देकर एक लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़िता को खाते से पैसे कटने का मेसेज आया। जिसकेे बाद ठगी की जानकारी हुई। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर दिया है।
श्रद्धापुरी निवासी रीता वर्मा ने बुधवार को थाने पर केस दर्ज कराते हुए बताया कि जनवरी में उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई थी। जिस पर आरोपी ने पीड़िता से एक मकान किराये पर लेने की बात कही थी।
आरोपी ने पीड़िता से एडवांस में पैसे डालने के लिए कहा और आरोपी ने ऑनलाइन क्यूआर कोड मांगा। कुछ देर बाद पीड़िता के खाते से चार बार में एक लाख रुपये कट गए। पैसे कटने का मेसेज देख पीड़िता ने ऑनलाइन शिकायत कर खाता बंद कराया।
पीड़िता ने आरोपी के नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया। मगर संपर्क नहीं हो सका। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि केस दर्ज कर दिया गया है। साइबर टीम मामले की जांच कर रही है।
बरात घर पर चला बुलडोजर
मेरठ विकास प्राधिकरण (मेडा) के प्रवर्तन दल ने बृहस्पतिवार को दो अवैध कॉलोनी व बरात घर को जमींदोज कर दिया। प्रवर्तन अधिकारी निकेता सिंह ने बताया कि थाना गंगानगर क्षेत्रांतर्गत सोनू शिवाच द्वारा मेन सोफीपुर लावड़ रोड कृष्णा कुंज के सामने निकट बाग में आठ हजार वर्ग मीटर जमीन पर अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही थी, जिसे ध्वस्त कर दिया गया। ट्रांसलेम कॉलेज की शैक्षिक जमीन पर अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनी पर कार्रवाई की गई। सर्वाेदय स्कूल के पीछे एनएच-58 ग्राम मटौर दौराला पर बिना तलपट मानचित्र स्वीकृत कराए।
प्रबंध निदेशक पीवीवीएनएल ईशा दुहन ने बृहस्पतिवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से मेरठ, अमरोहा व अन्य क्षेत्र के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने मेरठ समेत सभी जिलों के अधिकारियों को टॉप-टेन बकाएदारों की सूची अपने बिजलीघरों पर चस्पा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने राजस्व वसूली व विद्युत कार्यों में लापरवाही पर तीन अवर अभियंताओं को चार्जशीट व दो अवर अभियंता को चेतावनी दी। अवर अभियंता विवेक के मीटिंग में नहीं रहने पर एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। अवर अभियंता राजीव कुमार सिंह, जितेंद्र शर्मा, योगेश कुशवाहा, मामचंद को स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए।
परतापुर थाना क्षेत्र के रिठानी में किराए के मकान में रहने वाले प्रेम (38) की तीन दिन पहले संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। नाक कान से खून बहकर पूरे कमरे में बिखरा हुआ था। बृहस्पतिवार को शव से बदबू आने पर मकान मालिक ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस का कहना है कि मृतक नशे का आदी था। करंट से उसकी मौत हुई।
रिठानी प्रदीप शर्मा ने अपने मकान में प्रेम को एक कमरा किराए पर दे रखा था। प्रेम मोहकमपुर की पंप फैक्टरी में काम करता था। तीन दिनों से प्रेम दिखाई नहीं दे रहा था। बृहस्पतिवार सुबह प्रेम के कमरे से दुर्गंध आ रही थी। बगल में कमरे में रहने वाले विनोद ने मकान मालिक प्रदीप को इसकी जानकारी दी। इसके बाद पता चला।
फिजियोथैरेपिस्ट के बेटे पर हमला, हंगामा
मेरठ। केंद्रीय विद्यालय पंजाब लाइंस में फिजियोथैरेपिस्ट के बेटे पर उसके सहपाठी छात्रों ने जानलेवा हमला किया। स्कूल में प्रधानाचार्य से शिकायत की तो आरोप है कि बेटे का सेक्शन बदल दिया गया। पीड़ित ने पुलिस ने कार्रवाई की मांग की है। खड़ौली निवासी डा. अक्षय भारद्वाज का बेटा सातवीं क्लास में पढ़ता है।
बुधवार को कुछ छात्रों ने उसकी पिटाई की। जान से मारने की कोशिश भी की। बेटे के सिर पर चोट आई है। पिता का आरोप है कि उनका बेटा स्वीमिंग अच्छी करता है। इसलिए कुछ छात्र ईर्या रखते हैं। यूपी 112 एक आरोपी छात्र के घर जरुर पहुंची लेकिन छात्र के परिजनों ने घर का दरवाजा नहीं खोला।
पीड़ित पिता ने कहा कि उन्होंने प्रधानाचार्य से मिलकर मांग रखी है कि केंद्रीय विद्यालय डोगरा लाइंस या फिर केंद्रीय विद्यालय सिख लाइंस में बेटे को ट्रांसफर कर दें लेकिन उन्होंने ऐसा न करके क्लास का सेक्शन बदल दिया। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि जानकारी में यह मामला नहीं है। जांच कराएंगे।
नौचंदी मेले में महिला पुलिसकर्मियों पर अभद्र टिप्पणी करने वाले दो गिरफ्तार, एक फरार
नौचंदी मेले में डयूटी कर रही पुलिसकर्मियों पर अभद्र टिप्पणी करते हुए वीडियो बनाने वाले आरोपी अमन और समीर निवासी गली नंबर 15 जाकिर कालोनी लोहिया नगर को गिरफ्तार कर लिया। मुख्य आरोपी आदिल निवासी गली नंंबर 14 जाकिर कालोनी फरार चल रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।
नौचंदी मेले में महिला पुलिसकर्मियों पर अभद्र टिप्पणी करने का वीडियो मंगलवार को वायरल हुआ था। अखिल भारतीय हिंदू सुरक्षा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सचिन सिरोही ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जल्द गिरफ्तारी की मांग की थी।
एनर्जी ड्रिंक पर मैन्युफैक्चरिंग डेट में गड़बड़, जांच की
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की टीम ने बृहस्पतिवार को आशियाना कॉलोनी में एक एनर्जी ड्रिंक के गोदाम में छापेमारी की। यहां से एनर्जी ड्रिंक का सैंपल लिया गया है और 38 एनर्जी ड्रिंक की बोतल सीज की गई हैं। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी रवि शर्मा ने बताया कि एनर्जी ड्रिंक पर मैन्युफैक्चरिंग डेट 28 जून 2025 अंकित है, जबकि बृहस्पतिवार को 26 जून 2025 थी, इसलिए यह कार्रवाई की गई है।
पूर्व सैन्यकर्मी से धोखाधड़ी पर चार नामजद
मुजफ्फरनगर में खतौली की आर्यपुरी निवासी बल सिंह ने बताया कि एक साल पूर्व उनकी मुलाकात कंकरखेड़ा के रामनगर निवासी जयप्रकाश से हुई थी। आरोपी जयप्रकाश व उसके बेटों अतुल, अंकित व नितिन ने उनसे बेटे की मेडिकल में नौकरी लगवाने के नाम पर 1.20 लाख रुपये लिए थे, लेकिन नौकरी नहीं लगवाई। रकम मांगने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी।
एटीएम में चोरी का प्रयास करने का आरोपी दबोचा
मेरठ में बुधवार रात गगोल रोड स्थित एचडीएफसी बैंक के एटीएम में एक युवक ने चोरी करने का प्रयास किया। बैंक द्वारा आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। बृहस्पतिवार को पुलिस ने एटीएम व गगोल रोड पर लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली।
इसके आधार पर पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया। एएसपी अंतरिक्ष जैन बताया कि पकड़ा गया आरोपी विशाल शर्मा मूलरूप से मोदीनगर के गदाना गांव निवासी है जो वर्तमान में अछरोंडा मोड़ पर ब्रिजेश के मकान में किराए पर रहता है।
बेटी पर चाकू से हमले का आरोप लगाया
शिवपुरम कॉलोनी की महिला बबीता ने पति व देवर पर बेटी पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला करने का आरोप लगाया है। बबीता मूलरूप से दिल्ली की रहने वाली है। वह बेटी खुशी और पति दिनेश के साथ किराए के मकान पर रह रही है। बबीता एक फैक्ट्री में काम करती है।
गुरुवार शाम उसका देवर से विवाद हो गया था। इसकी शिकायत करने चौकी पर गई थी। इस दौरान घर पर बेटी खुशी अकेली थी। घर पहुंचकर बेटी फर्श पर लहूलुहान मिली। पीड़िता ने बताया कि उसके देवर व पिता ने चाकू से हमला किया है। घटना को अंजाम देने के बाद चाचा मौके से भाग गया।
अपहरण का आरोपी तमंचे के साथ गिरफ्तार
सदर बाजार पुलिस ने युवती के अपहरण के आरोपी सोहेल उर्फ गुड्डू को तमंचे के साथ गिरफ्तार कर लिया। थाना क्षेत्र निवासी महिला ने रिपोर्ट दर्ज कर बताया था कि दुर्गाबाड़ी निवासी सोहेल बेटी से फोन पर बात किया करता था। गत 23 जून की रात एक बजे आरोपी घर आया और दरवाजा खटखटाया। महिला के पति ने गेट खोला तो आरोपी ने उन्हें थप्पड़ जड़ दिया। बाद में वह बेटी को अगवा कर ले गया था।