Meerut: जिंदगी छीन रहे मौत के नाले, 11 दिन में मिला पांचवां शव, अब टीपीनगर में गई एक युवक की जान
मेरठ में खुले नाले लगातार लोगों की जान ले रहे हैं। टीपीनगर क्षेत्र में अश्वनी गौतम का शव खुले नाले में मिला। पिछले 11 दिनों में शहर में खुले नालों से पांच शव बरामद हो चुके हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
विस्तार
मेरठ के टीपीनगर थाना क्षेत्र में आरओबी के नीचे खुले नाले में बुधवार शाम नई बस्ती निवासी अश्वनी गौतम उर्फ निक्की (35) का शव मिला। पुलिस ने पहचान कर परिजनों को सूचना दी। परिजन ने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। पुलिस ने आशंका जताई है कि नशे की हालत में गिरने से युवक की मौत हुई है।
दिल्ली रोड के सर्विस रोड स्थित केनरा बैंक के पास स्थित खुले नाले में शाम लगभग छह बजे एक युवक का शव दिखाई दिया। युवक ने नीले रंग की टीशर्ट पहनी थी। उसका शव नाले में औंधे मुंह पड़ा था। सूचना मिलने पर मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। सर्विस रोड पर लोगों की भीड़ के कारण जाम जैसी स्थिति बन गई।
यह भी पढ़ें: Meerut: अपहरण का शोर, डेढ़ सौ CCTV खंगालने पर खुला राज, खाने में बाल ने कराया झगड़ा, चलती कार से उतरी थी महिला
आशंका है कि युवक नशे में गिरा है। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले का कहना है कि मृतक की पहचान होने के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। बता दें कि पिछले 11 दिन में शहर में खुले नाले में पांच शव मिल चुके हैं। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले के निर्देश पर ब्रह्मपुरी थाना पुलिस ने जिलाधिकारी को ओडियन नाले के सामने से ठेका हटाने के लिए पत्र लिखा था।
मेरठ। लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के विकासपुरी बिजलीघर के पास भी बुधवार दोपहर अज्ञात शख्स का शव मिला है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की और शव पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। थाना प्रभारी दलवीर सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की जांच से पता चला है कि शख्स एक छोटी दीवार पर बैठा था। अचानक वह दीवार के पास बनी नाली में गिर गया।
सीओ कोतवाली संग्राम सिंह ने बताया बुधवार की दोपहर शव मिलने की सूचना पर थाना पुलिस ने जांच पड़ताल की। मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया गया। मृतक की आयु लगभग 50 वर्ष प्रतीत हो रही थी। उसकी पहचान का प्रयास किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट होगा।
खुले नाले में मिले इनके भी शव
14 जून - मेरठ के ब्रह्मपुरी क्षेत्र में ओडियन नाले से एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ है। मृतक की अब तक पहचान नहीं हुई।
16 जून - ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र में दिल्ली रोड पर माधवपुरम गेट के पास खुले नाले में आरकेपुरम निवासी बाइक मैकेनिक रवि (25) का शव मिला।
18 जून - जाकिर कॉलोनी निवासी अब्दुल समद (15) का शव मिला। उसकी हत्या कर शव नाले में फेंका गया था।
23 जून - कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के नगलाताशी गांव के नाले में सरधना निवासी संजय की मौत हुई।