Meerut News: बाल अपराध मुक्त होंगे मेरठ और बागपत के 300 गांव, बाल मित्र चलाएंगे ये खास मुहिम
नोबेल पुरस्कार विजेता कैलाश सत्यार्थी ने एनजीओ के साथ मिलकर शुरू किया अभियान, हर गांव में बनेगी 15 लोगों की टीम
विस्तार
बाल अधिकारों के लिए संघर्ष करने वाले नोबेल शांति पुरस्कार विजेता कैलाश सत्यार्थी ने अब कई एनजीओ के साथ मिलकर गांव स्तर पर मुहिम शुरू की है। इसमें गांवों को बाल अपराध मुक्त किया जाएगा।
बाल अपराध को खत्म करने के लिए न केवल लोगों को जागरूक किया जाएगा, बल्कि बाल अपराध करने वालों पर कड़ी कार्रवाई भी कराई जाएगी। मुहिम के पहले चरण में जनहित फाउंडेशन के साथ मिलकर मेरठ और बागपत के 300 गांवों का चयन किया गया है। हर गांव में बाल मित्र के नाम से कमेटी बनाई जाएगी। इसमें ग्राम प्रधान से लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और आशाओं समेत 15 लोगों को शामिल किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: UP: छेड़छाड़ से आहत होकर महिला ने किया आत्महत्या का प्रयास, मुकदमा दर्ज होने के बावजूद खुला घूम रहा आरोपी
यह होगा कमेटी का काम
जनहित फाउंडेशन की निर्देशिका और मेरठ निवासी अनीता राणा ने बताया कि बाल मित्र के नाम से बनाई गई कमेटी के कई मुख्य काम होंगे। इसमें बाल विवाह रुकवाना, बाल श्रम, बाल तस्करी पर नियंत्रण करवाना शामिल है। इसके अलावा बच्चों के साथ होने वाले अन्य अपराधों पर नजर रखी जाएगी। बच्चों को टोल फ्री नंबर के बारे में भी जागरूक किया जाएगा।
एक साल बाद होगी समीक्षा
अनीता राणा ने बताया कि एक साल बाद इस मुहिम की समीक्षा की जाएगी। देखा जाएगा कि मुहिम का कितना असर हुआ है। कितने बच्चों को बाल अपराध से बचाया गया और कितने लोगों पर कार्रवाई की गई। जहां मुहिम का असर कम दिखेगा वहां कमेटी को और अधिक मजबूत कर बाल मित्रों की संख्या में इजाफा किया जाएगा।