यूपी: लाठी-डंडे लेकर मेडिकल कॉलेज में घुसे हमलावर, छात्र-छात्राओं पर बोला हमला, 20 अधिक घायल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुजफ्फरनगर में बीआईटी संस्थान के आयुर्वेदिक कॉलेज में हमलावरों ने छात्र-छात्राओं पर जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना से कॉलेज कैंपस में अफरा-तफरी का आलम हो गया। हमले में 20 से अधिक छात्र-छात्राएं घायल हुए हैं, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। कॉलेज मैनेजमेंट की तहरीर पर छह नामजद सहित कई अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
दिल्ली-पौड़ी राजमार्ग पर स्थित बीआईटी कॉलेज के बी ब्लॉक में स्थित आयुर्वेदिक कॉलेज में सोमवार को छात्र-छात्राएं कक्षाओं में पढ़ाई कर रहे थे। दोपहर करीब 12 बजे दो बोलेरो तेजी के साथ कॉलेज कैंपस में पहुंचकर रुकी। बोलरो से 15 से अधिक युवक हाथों में लाठी-डंडे व हॉकियां लेकर उतरे और सीधे कॉलेज बिल्डिंग में दाखिल हो गए। इसके बाद युवकों ने छात्र-छात्राओं पर हमला कर दिया। हमलावरों के सामने जो भी छात्र-छात्राएं सामने आए उसे पीटा गया। दुस्साहसिक हमले में बीएएमएस की पढ़ाई कर रहे 20 से अधिक छात्र-छात्राएं घायल हो गए, जिससे कॉलेज कैंपस में अफरातफरी मच गई। घायलों की चीख-पुकार सुनकर कॉलेज स्टाफ ने एकत्र होकर हमलावरों का विरोध करते हुए उनकी घेराबंदी शुरू की, जिस पर वे दोनों गाड़ियों में सवार होकर धमकियां देते हुए गांव कासमपुर खोला की तरफ फरार हो गए। बीएएमएस के छात्र-छात्राओं पर कॉलेज कैंपस में घुसकर किए गए हमले की दुस्साहसिक वारदात की सूचना पर पुलिस-प्रशासन में भी हड़कंप मच गया। आनन-फानन में इंस्पेक्टर पंकज त्यागी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और सभी घायल छात्र-छात्राओं को एंबुलेंस से जानसठ सीएचसी पहुंचाया। वहां जानसठ के गांव भलवा निवासी महताब की हालत गंभीर बताई जा रही है। संस्थान के डिप्टी रजिस्ट्रार मुकुल जैन ने हमलावरों के खिलाफ तहरीर दी है। इस तहरीर के आधार पर पुलिस ने छह नामजद व कई अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
घायल छात्र-छात्राएं
बीआईटी के आयुर्वेदिक कॉलेज में हमले में बीएएमएस की पढ़ाई कर रहे 20 से अधिक छात्र-छात्राएं घायल हुए हैं। घायल छात्र-छात्राओं में महताब निवासी गांव भलवा जानसठ, सलमान निवासी धामपुर, साकिब निवासी नयागांव ककरौली, जूबी जैदी निवासी चांदपुर, शकील निवासी मवाना, विकासराज निवासी नगीना, रविंद्र निवासी लखीमपुर, सोहनवीर निवासी हिसार और अक्षय निवासी चांदपुर समेत अन्य शामिल हैं। घायल छात्रों में से गांव भलवा निवासी महताब की हालत गंभीर बताई जा रही है।
दहशत फैलाना था हमलावरों का मकसद, छात्राओं को भी नहीं बख्शा
बीआईटी के आयुर्वेदिक कॉलेज में हुए हमले को अंजाम देने वाले हमलावरों का मकसद दहशत फैलाना था। यही कारण रहा कि हमलावरों ने कॉलेज कैंपस में घुसने के बाद किसी विशेष छात्र को निशाना नहीं बनाया, बल्कि जो भी सामने आया, उसे ही लाठी-डंडों व हॉकियों से पीटा गया। छात्राएं भी सामने आईं तो उन्हें भी नहीं बख्शा।
इनके खिलाफ दर्ज की गई है रिपोर्ट
संस्थान के डिप्टी रजिस्ट्रार मुकुल जैन द्वारा दी गई तहरीर में रोहित निवासी पहाड़ी दरवाजा नगीना, विवेकपाल निवासी गांव कासमपुर खोला, सुंदरम निवासी मठिया मोहन चंपारण बिहार, शिवम भवानी निवासी छींपीवाला मेरठ, विपिन निवासी कासमपुर खोला और विकास पाल निवासी नगीना को नामजद किया गया है। इनके साथ ही 15-20 अज्ञात को भी आरोपी बनाया गया है। सभी आरोपियों के खिलाफ संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/