माछरा। जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में माछरा ब्लॉक के जूनियर वर्ग की मानपुर टीम ने ट्रॉफी पर कब्जा किया है। विजेता टीम को तहसीलदार मवाना प्रीति ने सम्मानित किया।
महर्षि दयानंद इंटर कॉलेज पिलौना के मैदान पर आयोजित जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में बुधवार को बेसिक शिक्षा विभाग की तरफ से अंडर 14 बालक वर्ग में माछरा ब्लॉक के उच्च प्राथमिक विद्यालय मानपुर और सरधना ब्लॉक के उच्च प्राथमिक विद्यालय रुहासा ने प्रतिभाग किया। इसमें विजयी टीम मानपुर के प्रतिभागी छात्र-छात्राओं एवं उनके प्रशिक्षकों को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशा चौधरी और खंड शिक्षा अधिकारी माछरा सुरेंद्र सिंह ने बधाई दी। वहीं मानपुर टीम के कक्षा आठवीं के छात्र अक्षय शर्मा को बेस्ट प्लेयर अवॉर्ड से नवाजा गया। प्रतियोगिता का आयोजन जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशा चौधरी के निर्देशन में संपन्न में हुआ। प्रतियोगिता के दौरान खेल शिक्षक मोहम्मद इरफान, रेनू रानी, राजीव, अभिषेक, शिवकुमार, पुनीत कुमार, अमरदीप सहित अन्य शिक्षक व अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं, उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ माछरा इकाई के ब्लॉक अध्यक्ष दीपक तोमर व मंत्री प्रेमचंद ने विजयी टीम मानपुर को बधाई दी।