शराब पार्टी में 'खूनी खेल', जिगरी दोस्त की बेरहमी से हत्या, ये रही वजह
रोहटा थाना क्षेत्र के गांव चिन्दौड़ी में शराब पीने के दौरान हुए विवाद में दोस्तों ने ही दोस्त की पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतक के परिजनों ने गांव के ही चार युवकों के खिलाफ नामजद हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
गांव चिन्दौड़ी निवासी प्रवेन्द्र उफ काला (27) प्राइवेट बस में कंडक्टर था। रविवार शाम को वह अपने तीन दोस्तों के साथ गांव के ही रहने वाले प्रदीप के घेर पर शराब पीने के लिए गया था। रातभर घर न लौटने पर प्रवेन्द्र के परिजन सोमवार सुबह को उसकी तालाश में प्रदीप के घेर पर पहुंचे। मौके पर लहुलुहान हालत में प्रवेन्द्र का शव पड़ा था जबकि हत्यारोपी फरार हो गए थे। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि वे लोग अक्सर शराब पीकर शोर-शराबा और झगड़ा करते थे, रविवार रात को भी लगभग साढ़े दस बजे किसी के चिल्लाने और शोर-शराबे की आवाज आई थी, लेकिन आए दिन का किस्सा समझकर किसी ने ध्यान नहीं दिया। एसपी देहात राजेश कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों ने प्रदीप के अलावा गांव के ही विजित और धीरज को नामजद करते हुए एक अन्य अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है।
पुलिस ने प्रदीप को गिरफ्तार कर लिया है तथा अन्य आरोपियों की तालाश में दबिश दी जा रही है। सीओ सरधना संतोष कुमार ने बताया कि संभवत शराब पीने को लेकर हुए विवाद मे प्रवेन्द्र की हत्या की गई है। मृतक अविवाहित था, इसके चलते पुलिस संपत्ति विवाद और अवैध संबंधों को ध्यान में रखकर भी मामले की जांच कर रही है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/