Meerut: साइबर ठगों पर बड़ी चोट, मेरठ रेंज में 8 महीने में 9 करोड़ फ्रीज, 2001 मोबाइल नंबर ब्लॉक
मेरठ रेंज में साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। आठ महीनों में 2001 मोबाइल नंबर और 259 आईएमईआई ब्लॉक किए गए, जबकि 9 करोड़ रुपये फ्रीज कराए गए।
विस्तार
साइबर अपराध और आर्थिक धोखाधड़ी पर अंकुश लगाने के लिए मेरठ रेंज में बीते आठ महीनों के दौरान व्यापक कार्रवाई की गई है। डीआईजी कलानिधि नैथानी ने बताया कि एक अप्रैल से सात दिसंबर तक मेरठ, बुलंदशहर, हापुड़ और बागपत जिलों में राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर दर्ज शिकायतों की समीक्षा के बाद सख्त कदम उठाए गए।
2001 मोबाइल और 259 आईएमईआई ब्लॉक
इस अवधि में कुल 2001 मोबाइल नंबर ब्लॉक किए गए। इनमें मेरठ से 785, बुलंदशहर से 777, बागपत से 153 और हापुड़ से 286 मोबाइल नंबर शामिल हैं। इसके अलावा 259 आईएमईआई नंबर भी ब्लॉक किए गए, जिनमें मेरठ के 55, बुलंदशहर के 83, बागपत के 42 और हापुड़ के 79 आईएमईआई शामिल हैं। प्रतिबिम्ब पोर्टल पर सामने आए 761 संदिग्ध मोबाइल नंबरों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
म्यूल खातों पर शिकंजा, 9 करोड़ रुपये फ्रीज
डीआईजी ने बताया कि साइबर ठग अक्सर ‘म्यूल बैंक खातों’ का इस्तेमाल अवैध धन को वैध दिखाने के लिए करते हैं। एनसीआरपी पोर्टल पर सामने आए 1286 म्यूल खातों में से 290 खातों को फ्रीज किया गया, जिनमें करीब 9 करोड़ रुपये की धनराशि शामिल है। मेरठ से 733, बुलंदशहर से 56, बागपत से 430 और हापुड़ से 67 म्यूल खातों की पहचान की गई है।
बड़ी ठगी पर दर्ज हुई एफआईआर
पांच लाख रुपये या उससे अधिक की धनराशि से जुड़े मामलों में 90 प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। इनमें मेरठ से 39, बुलंदशहर से 28, बागपत से 2 और हापुड़ से 21 एफआईआर शामिल हैं। इसके साथ ही साइबर जागरूकता बढ़ाने के लिए 1814 कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।
लाभ का झांसा देकर युवक से ठगी
साइबर ठगों ने निवेश के नाम पर एक युवक से 29 हजार रुपये की ठगी कर ली। बेगमबाग निवासी सुधांशु भट्ट ने लालकुर्ती थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित के अनुसार, पांच सितंबर को एक अनजान कॉलर ने लिंक भेजकर निवेश पर मुनाफे का झांसा दिया। रुपये ट्रांसफर करने के बाद मोबाइल नंबर और खाता बंद हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।