दुबई भागे लॉरेंस बिश्नोई के गुर्गे: फर्जी पासपोर्ट बनाने वाले राजू को लेकर मेरठ पहुंची बीकानेर पुलिस
कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के गुर्गे दुबई भाग गए हैं। उनके फर्जी पासपोर्ट बनाने वाले राजू को लेकर बीकानेर पुलिस मेरठ पहुंची है।
विस्तार
कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के गुर्गे राहुल कुमार और महेंद्र कुमार के फर्जी दस्तावेजों पर पासपोर्ट बनवाने वाले राजू वैध को लेकर बीकानेर पुलिस सोमवार को मेरठ पहुंची। बीकानेर पुलिस ने राजू वैध से पूछताछ के बाद फर्जी तरह से पासपोर्ट बनाने के मामले में कुछ सुबूत जुटाए। राजस्थान पुलिस गाजियाबाद में राजू वैध के ऑफिस में लगे कंप्यूटर को भी जब्त करेगी।
गुजरात की साबरमती जेल में बंद कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के गुर्गे श्रीडूंगरगढ़ बीकानेर राजस्थान निवासी राहुल कुमार पुत्र चेतन लाल और महेंद्र कुमार पुत्र खजोहर लाल के खिलाफ करोड़ों रुपये की रंगदारी मांगे जाने का मुकदमा दर्ज हुआ था।
यह भी पढ़ें: Railway News: 10 दिन से नहीं आई शालीमार, एक हजार से ज्यादा लोगों ने टिकट रद्द कराए
बीकानेर क्राइम ब्रांच की जांच में सामने आया कि दोनों के पासपोर्ट कंकरखेड़ा श्रद्धापुरी के पते पर बनवाए गए। इस पते पर दोनों के फर्जी आधार बनवाए गए। इस मामले में बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़ थाना पुलिस ने कंकरखेड़ा के सुभाषपुरी में साइबर कैफे और गाजियाबाद पासपोर्ट ऑफिस के पास कैफे चलाने वाले राजू वैध को गिरफ्तार किया तो उसने सारे फर्जीवाड़े को अंजाम देना कुबूल कर लिया था।
राजू ने बताया था कि उसने ही राहुल और महेंद्र के फर्जी आधार कार्ड और दूसरे दस्तावेज तैयार कराकर दोनों का तत्काल में पासपोर्ट आवेदन कराया। आवेदन करते समय राजू ने अपना मोबाइल नंबर भर दिया।
इसी नंबर पर कंकरखेड़ा थाने से फोन करके बिना मौके पर गए ही फर्जी पते का सत्यापन कर दिया गया। गाजियाबाद पासपोर्ट ऑफिस से लेकर कंकरखेड़ा थाने और लखनऊ तक से हुई रिपोर्ट में फर्जी दस्तावेजों पर मुहर लगती चली गई।
श्रीडूंगरगढ़ पुलिस ने राजू वैध को रिमांड पर लिया हुआ है। सोमवार को श्रीडूंगरगढ़ पुलिस राजू वैध को मेरठ लेकर पहुंची। पुलिस ने कंकरखेड़ा थाने से लगाई गई रिपोर्ट की भी जांच की। किस तरह से राजू ने पासपोर्ट के आवेदन किए, किन-किन लोगों ने इसमें राजू की मदद की। इन सभी तथ्यों को श्रीडूंगरगढ़ पुलिस जुटा रही है।
यह भी पढ़ें: बेसबब: दंपती ने मुफलिसी में निगला जहरीला पदार्थ, हालत गंभीर, बिलखते रहे मासूम बच्चे