दस से 15 साल के बच्चों ने जेब खर्च से तैयार कर दी मूवी, मोबाइल फोन से किया शूट
बच्चों के दिमाग में क्या कुछ चल जाये यह किसी को नहीं पता होता, ऐसा ही एक उदाहरण देखने को मिला। जब बच्चों ने जेब खर्च से एक मूवी तैयार कर दी। मेरठ के विभिन्न स्कूलों में पढ़ने वाले दस से पंद्रह वर्ष की आयु के कुछ बच्चों ने एक ऑनलाइन फिल्म प्रोडक्शन कंपनी टीएम प्रोडक्शंस (तुषार एंड मंथन प्रोडक्शंस) का निर्माण किया है। इस कंपनी की शार्ट फिल्में यू ट्यूब पर रिलीज होंगी। कंपनी की पहली फिल्म जोम्बी स्ट्राइक का पोस्टर बीते मंगलवार को बहुत ही सादे तरीके से रिलीज किया गया।
टीएम प्रोडक्शंस के तुषार सक्सेना एवं मंथन सिंह ने बताया कि इस फिल्म प्रोडक्शन कंपनी का उद्देश्य शार्ट फिल्मों के माध्यम से बच्चों एवं बड़ों को मनोरंजन के साथ ही साथ समाज को बेहतर बनाने वाले संदेश प्रसारित करना भी है। उन्होंने बाताया कि उनके प्रोडक्शन हाउस की पहली फिल्म जोम्बी स्ट्राइक की शूटिंग पूरी हो चुकी है। डबिंग और वॉयसओवर का काम चल रहा है। फिल्म को इसी माह के अंत तक रिलीज कर दिया जाएगा।
जेब खर्च से मूवी तैयार
इस फिल्म के निर्माण में किसी भी तरह के प्रोफेशनल उपकरणों का सहारा नहीं लिया गया है। पूरी फिल्म सामान्य मोबाइल फोन के कैमरों से शूट की गई है। फिल्म का सारा प्रोडक्शन वर्क बच्चों द्वारा ही किया जा रहा है। इसमें तुषार सक्सेना एवं मंथन सिंह के साथ आयुष सागर, शांतनु, शिवम, सिद्धार्थ और ओम ने अभिनय के साथ ही साथ प्रोडक्शन कार्य में सहयोग दिया है।
ये मूवी जेब खर्च से ही तैयार हो गई है। लैपटॉप बच्चों के पास था और इंटरनेट खर्च के लिए ही जेब खर्च का पैसा एकत्र करना पड़ा। बच्चों ने अपने खेलने का टाइम ही इस काम में लगाया, जबकि इसके साथ साथ स्टडी पर पूरा ध्यान दिया। अपनी इस उपलब्धि पर बच्चे बहुत खुश हैं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरों को पढ़ने के लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/