Karwa Chauth: मैं तो सज गई रे, सजना के लिए, मेहंदी-चूड़ीऔर किया सोलह श्रृंगार, पिया संग होगा चांद का दीदार
देश भर में करवा चौथ के त्योहार के लिए महिलाएं आज पिया की लंबी उम्र की कामना करेंगी। इस दिन सुहागिनें अपने पति की लंबी उम्र की कामना करती हैं। करवाचौथ का व्रत बुधवार को किया जाएगा। जिन महिलाओं का पहला व्रत है उनके व्रत के लिए सुहागिनों के साथ साथ परिजन भी खास उत्साहित हैं।
विस्तार
पति की लंबी उम्र के लिए रखे जाने वाले करवाचौथ व्रत को लेकर सुहागिनों में भारी उत्साह नजर आ रहा है। करवाचौथ की पूर्व संध्या पर मेहंदी के स्टालों, ब्यूटी पार्लरों, सराफा बाजारों, कपड़ों और कॉस्मेटिक्स की दुकानों पर सजने-संवरने के लिए महिलाओं की काफी भीड़ रही। यहां तक कि बुधवार को करवा चौथ के दिन भी खरीदारी करने में विवाहिताओं ने कोई कसर नहीं छोड़ी। दोपहर तक बाजारों में भीड़ नजर आई।
आज करवाचौथ पर्व मनाया जा रहा है। मंगलवार को विवाहित महिलाओं ने संजने-संवरने के लिए बाजारों में जमकर खरीदारी की। मेरठ मुजफ्फरनगर समेत पश्चिमी यूपी के सभी जिलों में महिलाएं सोलह श्रृंगार कर व्रत के लिए तैयार हुईं।
इससे पहले सराफा बाजार और कोर्ट रोड पर सराफा कारोबारियों के सुहागिनें आभूषण खरीदती हुई नजर आई। वहीं, पश्चिमी यूपी के सभी जिलों में सभी ब्यूटी पार्लर फुल रहे, जहां विवाहिताओं ने फेशियल, फुल थ्रेडिंग, वैक्स कराने, समूथिनिंग, हेयर हाइलाइट, पोलिसिंग, ग्लोबर क्लर कट, हेयर स्पा, मेकअप कराने आदि कराने पहुंची।
मेहंदी के स्टॉल पर रही भारी भीड़, टैटू भी बनवाए
शहर में कई जगहों पर मेहंदी के स्टॉल लगे रहे, जो सुबह से फूल रहे। विवाहिताओं ने हाथों और पैरों पर मेहंदी लगवाई। इसके साथ ही अपने पति के नाम के टैटू भी बनवाए। कोर्ट रोड स्थित मेहंदी स्टॉल की संचालक रजनी ने बताया कि दो दिन से ही विवाहित महिलाएं मेहंदी लगवा रही हैं। किसी ने हाथ तो किसी ने कलाई तक और तो किसी पैरों पर भी विभिन्न डिजाइन की मेहंदी लगवाई।
करवा चौथ के व्रत के लिए चूड़ी और कंगन की दुकानों पर खरीद के लिए विवाहिताओं की भीड़ रही। बाजार में 70 से 200 रुपये दर्जन वाली चूड़ियां पसंद की गई। इनमें लाल और हरी चूड़ियों की ज्यादा मांग रही। इसके अलावा 100 से 300 रुपये तक कंगन और 800 रुपये कीमत वाले चूड़ा सेट को खूब पसंद किया गया। सहारनपुर के चौकी सराय के कॉस्मेटिक कारोबारी संजय धीमान ने बताया कि करवाचौथ की पूर्व संध्या पर अच्छा कारोबार हुआ है।
सराफा कारोबार चमका
सराफा कारोबारियों के यहां आभूषणों की खूब बिक्री हुई है। विवाहिताओं ने सराफा बाजार और कोर्ट रोड सराफा कारोबारियों की दुकानों पर सोने की अंगूठी, कंगन, ब्रेसलेट, गले का हार और चांदी के बिछवे भी खरीदे हैं। कोर्ट रोड के सराफा कारोबारी गौतम शंकर सिंघल ने बताया कि करवाचौथ पर अच्छा कारोबार रहा है।
चांद का दीदार कर 8:15 बजे होगा व्रत का परायण
कंडेरा मंदिर के अधिष्ठाता शुभ पंडित ने बताया कि बुधवार को चंद्रमा के उदय होने का समय रात्रि 8:15 बजे है। चंद्र उदय होने पर विधिविधान से पूजा अर्चना करने से लाभ मिलता है। व्रत रखने वाली महिलाएं लाल वस्त्र पहनकर कर शाम के समय करवाचौथ व्रत की कथा सुनें।
इसके बाद भगवान श्री गणेश, भगवान शंकर, मां गौरी की पूजा अर्चना करें। भगवान गणेश को लड्डू का भोग लगाकर पुष्प अर्पित करें। चंद्र उदय होने पर अर्घ्य देकर पूजा करें। व्रत खोलने के बाद पति तथा बड़ों से आशीर्वाद लें।