{"_id":"6adca65871ac1f98580d6bbe","slug":"international-athletes-jai-and-neeru-welcomed-upon-their-arrival-in-meerut-meerut-news-c-72-1-mct1009-161619-2026-10-24","type":"story","status":"publish","title_hn":"Meerut News: मेरठ पहुंचे अंतरराष्ट्रीय एथलीट जय और नीरू का हुआ स्वागत","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Meerut News: मेरठ पहुंचे अंतरराष्ट्रीय एथलीट जय और नीरू का हुआ स्वागत
विज्ञापन
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। एशियन गेम्स में भारतीय रिले टीम का प्रतिनिधित्व कर पदक जीतने वाले जय कुमार और अंतरराष्ट्रीय एथलीट नीरू पाठक शनिवार को मेरठ पहुंचे। यहां वह कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम और एनएएस स्पोर्ट्स एकेडमी में पहुंचे जहां उनका स्वागत किया गया।
जय कुमार मूल रूप से नोएडा के रहने वाले हैं और यहां मेरठ में एथलेटिक्स कोच विशाल सक्सेना से प्रशिक्षण ले चुके हैं। इसके अलावा नीरू भी मूल रूप से अलीगढ़ की रहने वाली हैं और विशाल सक्सेना से प्रशिक्षण ले चुके हैं। वर्तमान में दोनों खिलाड़ी भारतीय खेल प्राधिकरण के कैंप में प्रशिक्षण ले रहे हैं। अभी सितंबर-अक्तूबर में जापान में हुए एशियन गेम्स में जय कुमार चार गुणा 400 पुरुष रिले और मिक्स रिले भारतीय टीम का हिस्सा रहे। भारतीय टीम ने पुरुष रिले में कांस्य और मिक्स रिले में रजत पदक जीता। वहीं, नीरू पाठक ने भी एशियन गेम्स में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया। इससे पहले भी वह कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं और भारत को पदक दिला चुकी हैं।
विज्ञापन
दोनों खिलाड़ी शनिवार को कोच विशाल सक्सेना व अमिता सक्सेना के साथ कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम पहुंचे। यहां क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी जितेंद्र यादव ने खिलाड़ियों की उपलब्धि पर उनका स्वागत किया। इसके बाद दोनों खिलाड़ी शाम के समय एनएएस कालेज स्पोर्ट्स एकेडमी में पहुंचे। यहां भी कालेज प्रबंधन और खिलाड़ियों की ओर से उनका स्वागत किया गया। इस मौके पर खिलाड़ियों ने एशियन गेम्स का अपना अनुभव यहां तैयारी कर रहे खिलाड़ियों के साथ साझा किया। इस दौरान कालेज प्रबंधन व अन्य स्टाफ मौजूद रहा।
विज्ञापन