शर्मनाक: दुष्कर्म पीड़िता से दरोगा ने की अश्लील बात, वीडियो वायरल
मामला मेडिकल थाने में तैनात एक दरोगा का है। वीडियो में एक पीड़िता मेडिकल थाने में मौजूद दिख रही है। महिला के साथ एक छोटा बच्चा और एक अन्य व्यक्ति भी मौजूद है। ऐसे में महिला बताती है कि उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश की गई, आरोपी उसे धमकी दे रहा है। इसके बाद भी पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही।
महिला की बात सुनते ही दरोगा अश्लील शब्दों का प्रयोग करते हुए उससे पूछताछ शुरू कर देते हैं। इस पर पीड़िता कहती है कि यहां कोई महिला पुलिसकर्मी नहीं है। इस तरह से तो महिला से व्यवहार नहीं करना चाहिए।
उसके बाद भी दरोगा महिला से अश्लील शब्दों का प्रयोग करते हैं। पीड़िता कहती है कि उसके साथ जो हुआ है, वह अपने केस में धारा बढ़ाने के लिए ही तो कह रही है। दरोगा फिर महिला से तरह-तरह की अश्लील बातें कहते हैं।
चार पुलिसकर्मियों का हुआ था निलंबन
मेडिकल थाने की पीआरवी गाड़ी पर तैनात एक होमगार्ड ने छह माह पहले मेडिकल कॉलेज की छात्रा से अश्लील बात कही थी। इसके बाद महिला सिपाही ने पीड़िता को कई थप्पड़ मारे थे। इसकी वीडियो वायरल हुई तो डीजीपी को संज्ञान लेना पड़ा। बाद में होमगार्ड की बर्खास्तगी की रिपोर्ट भेजते हुए अन्य तीनों पुलिसकर्मियों का निलंबन और गैर जनपद ट्रांसफर हुआ था।