सरधना। सेंट जोसेफ गर्ल्स डिग्री कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के तत्वावधान में महिला सुरक्षा विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. सिस्टर क्रिस्टीना लुईस के निर्देशन में किया गया।
मुख्य वक्ता महिला उपनिरीक्षक रितु राणा ने छात्राओं को महिला सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। उन्होंने आपात स्थिति में तुरंत सहायता प्राप्त करने के तरीकों पर प्रकाश डाला। उन्होंने साइबर क्राइम के बढ़ते मामलों, ऑनलाइन ठगी, सोशल मीडिया के दुरुपयोग और उनसे बचाव के उपायों के बारे में भी जानकारी दी। छात्राओं को जागरूक रहने, अनजान लिंक या कॉल से सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना देने के लिए प्रेरित किया।