प्राचीन महादेव मंदिर में देव प्रतिमाएं खंडित कीं, SP सिटी से भिड़े भाजपाई, तनाव
शहर में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक अर्धनग्न युवक ने प्राचीन योगेश्वर महादेव मंदिर में घुसकर देव प्रतिमाएं खंडित कर दीं। मौके पर पहुंचे एसपी सिटी से भाजपाई भिड़ गए। जिससे शहर में तनाव फैल गया। दिल्ली रोड पर केसरगंज पुलिस चौकी के सामने प्राचीन योगेश्वर महादेव मंदिर में मंगलवार शाम एक अर्धनग्न युवक ने घुसकर देव प्रतिमाएं खंडित कर दीं।
आरोपी पुजारी पर हमला कर भाग निकला, जिससे तनाव फैल गया। मौके पर पहुंचे भाजपाई एसपी सिटी से उलझ गए। हंगामे के चलते दिल्ली रोड करीब एक घंटे जाम रहा। इंस्पेक्टर रेलवे रोड ने आरोपी सुनील बैरागी को गिरफ्तार कर दावा किया कि वह मानसिक रूप से कमजोर है, जिसके बाद मामला शांत हुआ।
मंदिर के पुजारी रामकृष्ण झा के अनुसार शाम करीब सात बजे वह पूजा कर रहे थे तो एक अर्धनग्न युवक मंदिर में घुसा। उन्होंने उसे रोकने का प्रयास किया तो युवक ने देव प्रतिमाएं खंडित कर दीं। किसी तरह उसे पकड़ने के प्रयास में आरोपी युवक पुजारी की कमर पर कोहनी से वार कर भाग निकला। पुजारी के अनुसार ऐसा लग रहा था कि युवक ने अपने शरीर पर तेल लगाया हुआ था। घटना की सूचना पर सैकड़ों श्रद्धालुओं की भीड़ जमा हो गई। भाजपा महानगर अध्यक्ष करूणेश नंदन गर्ग, महामंत्री भाजपा कमल दत्त शर्मा, अजय गुप्ता, चेतन मुद्गल, तुषार गुप्ता, रितेश, विकास सैन ,आलोक गुप्ता अनूप राजपूत आदि मौके पर पहुंच गए।
पुलिस के सामने भागा आरोपी
वहीं, कई तरह की चर्चाओं के बीच तनाव फैल गया। मौके पर एसपी सिटी और एएसपी कैंट कई थानों की पुलिस के साथ पहुंचे तो भाजपाइयों ने उन्हें घेरकर हंगामा शुरू कर दिया। एसपी सिटी ने आरोपी को 24 घंटे में गिरफ्तार करने का समय मांगा। लेकिन भाजपा नेता सुबह तक गिरफ्तारी की जिद पर अड़ गए। भाजपाइयों ने एसपी सिटी से कहा कि मंदिर के सामने पुलिस खड़ी थी, फिर भी युवक वारदात कर भाग गया। कहने के बाद भी पुलिसकर्मी ने उसे नहीं पकड़ा। उल्टा पुजारी को ही हड़का दिया।
पुलिस की इसी लापरवाही से सरकार बदनाम हो रही है। मंदिर कमेटी के पदाधिकारी भी बोले कि ऐसी घटनाओं से शहर का माहौल खराब होता है। पुलिसकर्मी ने युवक को पकड़ने तक की कोशिश नहीं की। पुजारी ने कहा कि उन्होंने 100 नंबर पर फोन किया लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया। यदि मंदिर के बाहर खड़ी पुलिस अलर्ट होती तो आरोपी मौके पर ही पकड़ा जाता और बखेड़ा न होता।
फेल होने के बाद हुई मानसिक स्थिति खराब
इंस्पेक्टर रेलवे रोड के अनुसार आरोपी युवक सुनील बैरागी पुत्र कृष्णपाल निवासी गांव रंछाड़ थाना बिनौली बागपत निवासी है। युवक के पिता होमगार्ड में प्लाटून कमांडर हैं और बड़ौत में तैनात है। एक साल पहले युवक ने नेवी की परीक्षा पास की थी, लेकिन मेडिकल में वह फेल हो गया था। इस कारण उसकी मानसिक स्थिति खराब हो गई थी। परिजन उसका मेरठ में उपचार करा रहे हैं। वह ग्रेजुएट भी है। परिजनों ने बताया कि मंगलवार शाम भी युवक को डॉक्टर के यहां लाए थे। लेकिन वह छूटकर भाग गया था और मंदिर में घुस गया। वहीं आरोपी के खिलाफ पुजारी की तहरीर पर धार्मिक माहौल खराब करने की धारा में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरों को पढ़ने के लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/