मवाना (मेरठ)। मवाना थाने का हिस्ट्रीशीटर अनिल धामा नाम बदलकर गाजियाबाद में रह रहा था। उसे मवाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से तमंचा व फर्जी आईडी व आधार कार्ड आदि बरामद किया है।
सीओ पंकज लवानिया ने बताया कि गांव निलौहा निवासी अनिल धामा मवाना थाने का हिस्ट्रीशीटर है। बीते चार वर्ष से आरोपी फरार चल रहा था। आरोपी अपनी पहचान छिपाकर और नाम बदलकर राहुल चौधरी के नाम से गाजियाबाद में रह रहा था। आरोपी को भैंसा टोल से पहले गिरफ्तार किया गया है। उसके पास से तमंचा मय कारतूस, राहुल चौधरी के नाम से फर्जी आधार कार्ड, फर्जी पैन कार्ड, फर्जी नाम से एटीएम कार्ड, फर्जी वोटर आईडी कार्ड, फर्जी ड्राइविंग लाइसेंस बरामद किए हैं। यह सब राहुल चौधरी के नाम पर बनवाए हुए थे।आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट में प्राथमिकी दर्ज कर चालान कर दिया। आरोपी पर विभिन्न धाराओं में छह मुकदमे कंकरखेड़ा थाने में दर्ज हैं।