Meerut : हादसे के बाद नींद से जागे पुलिस अफसर, एक ही दिन में काटे दो लाख के चालान
Meerut News : हादसे के बाद पुलिस अफसर नींद से जाग गए हैं। पुलिस अफसरों ने एक ही दिन में दो लाख रुपये के चालान काटे हैं।
विस्तार
मेरठ के कंकरखेड़ा में एनएच-58 पर शनिवार सुबह हुए हादसे के बाद पुलिस प्रशासन की नींद टूटी। कंकरखेड़ा थाना पुलिस ने यातायात पुलिस के साथ मिलकर हाईवे किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों के करीब दो लाख रुपये के चालान काटे और 20 ट्रक सीज किए। पुलिस टीम को देख वाहन चालकों में अफरा-तफरी मची रही।
सीओ दौराला अभिषेक पटेल का कहना है कि यह अभियान प्रतिदिन चलेगा। हाईवे स्थित गांव खड़ौली के सामने शनिवार सुबह सड़क किनारे खड़े ट्रक में हरिद्वार से आ रही एक कार घुस गई थी। जिससे कार सवार दिव्यांश कुशवाहा निवासी न्यू गांधी कॉलोनी मुरैना मध्य प्रदेश की मौत हो गई थी। हादसे में उसके साथी निहारिका त्रिपाठी, खुशी जैन और ऋषभ घायल हो गए थे। खुशी जैन की हालत गंभीर होने के चलते परिजन उसे दिल्ली के एक निजी अस्पताल में ले गए। जहां पर उनका इलाज चल रहा है।
हाईवे पर सड़क किनारे खड़े वाहनों के कारण हुए हादसे के बाद पुलिस की नींद टूटी तो रविवार सुबह कंकरखेड़ा थाना और यातायात पुलिस ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया। पुलिस ने सड़क किनारे खड़े वाहनों समेत गलत दिशा में आ रहे वाहनों के चालान काटे।
सीओ दौराला का कहना है कि रविवार को चलाए गए अभियान के दौरान करीब दो लाख रुपये के चालान काटे गए हैं। अब अभियान प्रतिदिन चलेगा। सड़क किनारे गलत तरीके से वाहन खड़े करने पर जुर्माने के साथ चालक के खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी। एसपी ट्रैफिक जितेंद्र श्रीवास्तव के निर्देश पर परतापुर से लेकर सिवाया टोल प्लाजा तक अभियान चलाया गया।
यह भी पढ़ें: Meerut News Live: खतौली में भाईचारा सम्मेलने में जयंत चौधरी किया बड़ा एलान, मेरठ में अवैध निर्माण होंगे ध्वस्त
खड़ौली के पास शाम होते ही लगती है वाहनों की लाइन
हाईवे स्थित खड़ौली गांव के सामने शाम होते ही ट्रकों कीलाइन लग जाती है। यहां कई होटल हैं, जिन पर ट्रक चालक खाना खाने के लिए रुकते हैं। अपने ट्रकों को सड़क किनारे खड़ा कर देते हैं। सुबह चाय नाश्ते के समय भी वाहन चालक यहां रुकते हैं। सड़क किनारे खड़े यही वाहन हादसों का कारण बनते हैं।
यह भी पढ़ें: Baghpat: घने कोहरे की चादर से लिपटा रहा पूरा क्षेत्र, रेंगते रहे वाहन, सर्दी से बचने को सेंक रहे अलाव
हादसे के बाद होती है कार्रवाई
खड़ौली गांव के सामने आए दिन हादसे होते हैं। यातायात पुलिस के रिकॉर्ड में इसे ब्लैक स्पॉट माना गया है। खड़ौली चौराहे पर पुलिस चेक पोस्ट भी बनाया हुआ है। इसके बावजूद सड़क किनारे वाहनों की लाइन लगी रहती है।