तेज रफ्तार का कहर: पेड़ से टकराई कार, चालक की मौत, युवती और युवक गंभीर घायल
खरखौदा मोहिउद्दीनपुर रोड पर धनतला गांव के पास तेज रफ्तार अल्टो कार पेड़ से टकराने से बड़ा हादसा हुआ। चालक की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक युवक और युवती गंभीर रूप से घायल हुए। तीनों दिल्ली के निवासी बताए जा रहे हैं।
विस्तार
मेरठ के खरखौदा थानाक्षेत्र में मोहिउद्दीनपुर मार्ग पर शनिवार शाम बड़ा हादसा हो गया। मेरठ की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक अल्टो कार गांव धनतला के पास अनियंत्रित होकर पहले एक पेड़ से टकराई और फिर दूसरे पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया। कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
यह भी पढ़ें: चार बच्चों संग आत्महत्या: अब नहीं जीना बेटा! पिता के आखिरी 3 वीडियो, पत्नी की बेवफाई निगल गई सलमान की दुनिया
पुलिस ने करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद जेसीबी की मदद से चालक के शव को बाहर निकाला। मृतक की पहचान राजीव गुप्ता (29) पुत्र राजेश गुप्ता निवासी रेलवे कॉलोनी, सिविल लाइन उत्तरी दिल्ली के रूप में हुई।
घायल युवक और युवती की पहचान विवेक और अक्षिता उर्फ रागिनी के रूप में हुई है। दोनों दिल्ली के ही निवासी बताए जा रहे हैं। फिलहाल दोनों बेहोश हैं और उनका इलाज जारी है।
तीनों के मोबाइल फोनों पर लॉक होने के कारण पुलिस को शुरुआत में कोई जानकारी नहीं मिल सकी। मृतक के फोन पर आई कॉल से परिजनों को हादसे की जानकारी दी गई। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ये लोग दिल्ली से मेरठ की दिशा में क्यों जा रहे थे।