मवाना। उपजिलाधिकारी संतोष कुमार सिंह ने तहसील सभागार में आयोजित बैठक में संचारी रोग नियंत्रण के लिए तहसील टास्क फोर्स को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
एसडीएम ने बताया कि विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान 5 से 31 अक्तूबर तक चलेगा। इसमें 11 से 31 अक्तूबर तक दस्तक अभियान चलेगा। स्वस्थ नारी सशक्त परिवार 17 सितंबर से शुरू हो गया है, जो 2 अक्तूबर तक चलेगा। अभियान में महिलाओं के स्वास्थ्य संबंधी जांच की जाएगी। राष्ट्रीय कार्यक्रम के तहत नियमित टीकाकरण के तहत 0-2 वर्ष तक और 5-16 वर्ष तक के सभी बच्चों का टीकाकरण किया जाता है। इसमें 12 जानलेवा बीमारियों के टीके लगाए जाते हैं।
एसडीएम ने बताया कि मवाना ब्लाक के अकबरपुर, फलावदा, नागौरी, बडा गांव, मवाना खुर्द, भैंसा, गगसोना, अस्सा आदि में 234 ऐसे परिवार हैं जो टीकाकरण का विरोध करते हैं। विरोध करने वाले परिवारों के लिए ग्राम प्रधान, राशन डीलर, सभासद आदि का सहयोग लिया जाए। गर्भवती महिलाओं के वजन, बीपी, शुगर आदि की जांच समय से कराई जाए। बैठक में सीएचसी प्रभारी डाॅ. अरुण कुमार, बीएमसी नाजमिया निशा, एआरओ दीपक कुमार, डाॅ. रवि शर्मा, डाॅ. हरीश, देवेंद्र कुमार, ओमप्रकाश, पुनीता शर्मा, शशि वर्मा, हरिदास आदि उपस्थित रहे।