हरिद्वार से लाखों का सोना चोरी: मेरठ में सर्राफा की दुकान पर गलाया, आरोपी तक पहुंची पुलिस, ऐसे खुला पूरा मामला
Meerut News : उत्तराखंड में नामी डॉक्टर के यहां से चोरी किया गया लाखों रुपये का सोना मेरठ में सर्राफा की दुकान पर गलाया गया। उत्तराखंड पुलिस ने मेरठ में दबिश देकर आरोपी को दबोच लिया। पढ़िए आखिर कैसे खुला पूरा मामला?
विस्तार
उत्तराखंड के हरिद्वार में एक नामी चिकित्सक के यहां से चोरी हुआ सोना मेरठ की नील की गली में गलाया गया। उत्तराखंड़ पुलिस ने इस सिलसिले में देहलीगेट थाना को साथ लेकर शहर सराफा के नील की गली में दबिश देकर सोना गलाने वाले कथित बंगाली कारीगर को उठा लिया। वहीं, पुलिस शहर सराफा बाजार की गलियों से होती हुई नील गली पहुंची तो वहां कारोबारियों में हड़कंप मच गया।
वहीं दूसरी ओर सोना लगाने के आरोपी हर्ष बंगाली को पुलिस ने गाड़ी में बैठाया और थाना देहलीगेट लेकर आ गई। हर्ष बंगाली को उठाए जाने की खबर जैसे ही बाजार में फैली तो दर्जनों सराफा कारोबारी थाना देहलीगेट पहुंच गए। उन्होंने थाने को घेर लिया। उत्तराखंड के हरिद्वार कोतवाली पुलिस ने बताया कि जिस डॉक्टर के यहां चोरी की वारदात अंजाम दी गई, उसके यहां से आठ मोबाइल, पांच लैपटॉप, लाखों रुपये कीमत की ज्वैलरी के अलावा अन्य कीमती सामान चोरी किया गया। जांच के दौरान पता चला कि अलग-अलग शहरों में रहने वाले पांच बदमाशों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
यह भी पढ़ें: जेल गए सपा विधायक: अदालत ने रफीक अंसारी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा, इस बड़े मामले में हुआ ये एक्शन
बदमाशों ने बताया कि जो सोना चोरी किया गया था, वह मेरठ के नील गली इलाके में इसी हर्ष नाम के कारीगर के यहां उन्होंने बेचा था। हर्ष सराफा बाजार में सोना गलाई का काम करता है। उत्तराखंड पुलिस उससे थाना देहलीगेट में ही पूछताछ कर रही है। सराफा बाजार के दर्जनों कारीगर काफी समय तक थाने में ही डटे रहे। उधर, इंस्पेक्टर देहलीगेट विनय कुमार ने बताया कि हरिद्वार पुलिस ने आमद दर्ज कराई थी। बंगाली कारीगर को उठाया गया है। उस पर चोरी किया गया सोना गलाने का आरोप है।
यह भी पढ़ें: कसा शिकंजा: रफीक अंसारी ने पार्षद से शुरू किया था राजनीतिक सफर, दो बार बने विधायक, रह चुके हैं हिस्ट्रीशीटर