Meerut: एडमिशन लेकर लौट रही छात्रा का पर्स लूटा, बदमाशों को पकड़ने की कोशिश में गिरकर घायल हुई छात्रा
मेरठ के सिविल लाइन क्षेत्र में कॉलेज से एडमिशन कराकर लौट रही छात्रा से बाइक सवार बदमाशों ने पर्स लूट लिया। विरोध करने पर छात्रा गिरकर घायल हो गई। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
विस्तार
मेरठ के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में कॉलेज से एडमिशन कराकर लौट रही दो छात्राओं के साथ लूट की घटना सामने आई है। मेडिकल थाना क्षेत्र के जयभीम नगर निवासी छात्रा निशा और मेघा आरजी इंटर कॉलेज में दाखिला लेकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान पीछे से बाइक पर आए दो बदमाशों ने निशा का पर्स छीन लिया।
लूट का विरोध करने पर निशा बदमाशों से उलझ गई और हाथापाई के दौरान गिरकर घायल हो गई। उसकी चीख-पुकार सुनकर राहगीर मदद के लिए दौड़े, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास के इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया, मगर फिलहाल बदमाशों का सुराग नहीं लग सका है। मामले की जांच कर रहे सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी ने बताया कि लुटेरों को पकड़ने के लिए विशेष टीम बनाई गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।