गणेश चतुर्थी: मूर्तियां खरीदने को लगी भीड़, बाजार में सात से 50 हजार रुपये तक की प्रतिमा
जिले में गणेश चतुर्थी की तैयारी जोर-शोर से चल रही है। सोमवार को पर्व को मनाया जाएगा। बुद्धि और ज्ञान के देवता भगवान गणेश की पूजा का यह सबसे बड़ा दिन माना जाता है। सोमवार को बागपत और बड़ौत में पंडालों में गणेश भगवान विराजेंगे। गणेश प्रतिमाओं की बिक्री शुरू हो गई है।
शहर के प्रमुख स्थानों पर बनाए गए पंडालों में गणपति प्रतिमाओं की स्थापना होगी। गणेश चतुर्थी की पूर्व संध्या पर रविवार को बाजार में खरीददारों की भीड़ रही। लोगों ने पंडालों की सजावट के सामान से लेकर पूजन सामग्री, मिठाई और प्रसाद की खरीददारी की। बाजार में उत्सव का माहौल दिखाई दिया। मिठाइयों की दुकानों एवं सजावटी समान खरीदने के लिए भीड़ लगी रही।
यह भी पढ़ें: गणेश चतुर्थी : 15 रोचक बातें और 15 शानदार तस्वीरें, जरूर करें शेयर
बाजार में सात से 50 हजार रुपये तक की मूर्ति
रविवार को गणेश भगवान की प्रतिमा खरीदने वालों की भीड़ लगी रही। सिसाना गांव के पास दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर बिक्री के लिए गणेश जी की प्रतिमाएं रखी हुई थी। मूर्तिकार ने बताया कि 50 रुपये लेकर सात हजार रुपये तक गणेश जी की मूर्ति है। लोग छोटी मूर्तियां ज्यादा खरीद रहे है। सबसे छोटी मूर्ति 50 रुपये की है। उससे बड़ी 100, 200, 250, 500, 1500, 2000, 3000 और 7000 हजार तक की मूर्तियां है।