सरधना। 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के क्रांतिनायक अमर शहीद बाबा नरपत सिंह की स्मृति में रविवार को बलिदानी गांव अकलपुरा में स्मृति भवन का शिलान्यास किया गया। क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, संतों, समाजसेवियों और ग्रामीणों ने भाग लेकर बाबा नरपत सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की।
भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष ठाकुर शिव कुमार राणा, मेजर हिमांशु, महाराज गौरवानंद, विक्रम सिंह, अजय सोम सहित अन्य अतिथियों ने पूजा-अर्चना कर स्मृति भवन की आधारशिला रखी। वक्ताओं ने कहा कि 1857 की क्रांति में बाबा नरपत सिंह ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष करते हुए क्षेत्र के किसानों और युवाओं का नेतृत्व किया था। उनका बलिदान इतिहास का गौरवपूर्ण अध्याय है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। इस अवसर पर मिलन सोम, अजय प्रधान, सुनील अक्खपुर, देवेंद्र कुमार, अमित कुमार सहित ग्रामीण एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।