Meerut Weather: कोहरा रहा कम, शीत लहर से बढ़ी ठिठुरन, नए साल पर ऐसा रहेगा मौसम..
मंगलवार को मेरठ में कोहरे की तीव्रता कम रही, लेकिन शीत लहर के चलते ठंड का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। सर्द हवाओं से ठिठुरन बनी हुई है। प्रदूषण की दोहरी मार से लोगों के सामने परेशानी खड़ी हो गई है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक नए साल पर हल्की बारिश की संभावना है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मंगलवार को मेरठ में भले ही कोहरे की तीव्रता में कुछ कमी दर्ज की गई हो, लेकिन शीत लहर के चलते ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। सर्द हवा के कारण सुबह और रात के समय ठिठुरन बनी हुई है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग ने 1 जनवरी को हल्की बारिश की संभावना जताई है। जिस कारण से नए साल पर भी कड़ाके की ठंड पड़ने के आसार हैं। शीत लहर के प्रभाव से दैनिक कार्यों पर असर पड़ा है। ठंड और बढ़ते प्रदूषण के कारण लोगों को घरों से बाहर निकलने में परेशानी हो रही है। सुबह के समय ठंड के साथ धुंध छाई रहने से दृश्यता भी प्रभावित हो रही है। वहीं, ठंड के साथ प्रदूषण का स्तर भी चिंता बढ़ा रहा है। हवा की गुणवत्ता खराब होने से बुजुर्गों बच्चों और सांस के रोगियों को विशेष परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। चिकित्सकों ने ठंड और प्रदूषण को देखते हुए लोगों को अनावश्यक बाहर निकलने से बचने तथा गर्म कपड़ों का उपयोग करने की सलाह दी है। भारतीय कृषि प्रणाली अनुसंधान संस्थान मोदीपुरम के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एम शमीम का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण फिलहाल ठंड से राहत के संकेत नहीं हैं और आने वाले दिनों में तापमान और गिर सकता है। मौसम सर्द रहेगा और शीतलहर के चलने से कोहरे में थोड़ी कमी आ सकती है। मंगलवार को चौधरी चरण सिंह विवि के मौसम वेधशाला पर दिन का अधिकतम तापमान 18.0 डिग्री व रात का न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। दिन के तापमान में थोड़ी बढोतरी हुई है।
340 पहुंच गया मेरठ का एक्यूआई, खराब हुई हवा
मंगलवार को मेरठ का एक्यूआई फिर से खराब स्थिति में पहुंच गया। खराब हो रही शहर की हवा में लोगों को सांस लेने में भी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। शहर का एक्यूआई 340 दर्ज किया गया। इसके अलावा गंगानगर 295, जयभीम नगर 361, पल्लवपुरम 363, दिल्ली रोड 321, बेगमपुल 327 दर्ज किया गया है। शहर में सभी जगह प्रदूषण का लेवल ज्यादा रहा, जो बहुत ही खराब श्रेणी में आता है।
सावधान रहें, यह मौसम कर रहा है बीमार
दिसंबर माह में सबसे ज्यादा मौसम खराब चल रहा है। ऐसे मौसम में स्वास्थ्य का भी ध्यान रखना जरूरी है। सर्दी और स्मॉग के चलते अलग अलग तरह की बीमारियां आ रही है। खांसी, अस्थमा, आंखों में जलन, गले में सूजन, सांस लेने में दिक्कत, त्वचा और मुंह पर भी इंफेक्शन, खुजली, वायरल आदि दिक्कत आती है। इस समय जो मौसम का मिजाज चल रहा है, उससे लोग ज्यादा बीमार हो रहे है। फिजिशियन डॉ. शैलेंद्र सिंह का कहना है कि यह मौसम स्वास्थ्य के लिए सही नहीं है। ऐसे में सर्दी और स्मॉग से बचना जरूरी है। घर से बाहर निकलते समय मास्क का प्रयोग करें। गर्म पानी का सेवन करें और दिन में धूप में बैठे।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही ने बताया
1 जनवरी को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों मुख्यत: उत्तराखंड से लगे तराई क्षेत्रों जैसे सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, मेरठ व आस पास के क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी से हल्की वर्षा की संभावना है। अगले 5 दिन 4 जनवरी तक शीतलहर व कोहरा छाए रहने के आसार हैं। ठंड से बचाव के लिए खड़ी फसल जैसे गन्ना, गेहूं व सब्जियों में सिंचाई करने की सलाह है।