Meerut Crime News: सुशांत सिटी में छात्रों के बीच विवाद, चली आधा दर्जन गोलियां, दहशत का माहौल
Meerut Crime News Today: मेरठ के सुशांत सिटी सेक्टर-3 में शुक्रवार रात छात्रों के बीच विवाद के बाद आधा दर्जन राउंड फायरिंग हुई। गोलीबारी से कॉलोनी में दहशत फैल गई। सुरक्षाकर्मियों ने भी हवाई फायरिंग की, आरोपी दीवार फांदकर फरार हो गए।
विस्तार
मेरठ के परतापुर थाना क्षेत्र के सुशांत सिटी सेक्टर-3 में शुक्रवार देर रात छात्रों के बीच हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। जानकारी के अनुसार, किराए के फ्लैट में रहने वाले कुछ छात्रों के बीच मार्केट में सामान खरीदने को लेकर कहासुनी हो गई।
बात इतनी बढ़ी कि दोनों पक्षों के युवकों में जमकर मारपीट हो गई। आरोप है कि एक पक्ष ने बाहर से अपने साथियों को बुला लिया। इसके बाद विरोधी पक्ष पर आधा दर्जन राउंड फायरिंग कर दी गई।
यह भी पढ़ें: Meerut Crime News: 'ऑपरेश शस्त्र' के तहत मुठभेड़ में दबोचे तीन हथियार तस्कर, दो के पैरों में लगी गोली
गोलियों की तड़तड़ाहट से कॉलोनी में अफरातफरी और दहशत का माहौल बन गया। आवाज सुनकर गेट पर तैनात सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे। उन्होंने भी हवाई फायरिंग कर आरोपियों को खदेड़ने की कोशिश की। इसी बीच हमलावर कॉलोनी की दीवार फांदकर फरार हो गए।
सूचना मिलते ही परतापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। रातभर आरोपियों की तलाश की गई लेकिन वे हाथ नहीं आए। शनिवार सुबह पुलिस टीम सुशांत सिटी पहुंची और कॉलोनी के मैनेजर से पूछताछ कर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की। फिलहाल पुलिस ने आश्वासन दिया है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।