Meerut: रेलवे ट्रैक पार करते समय हादसा, ट्रेन से टकराई बाइक, किसान की मौके पर मौत
मेरठ के खरखौदा क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से एक किसान की मौत हो गई। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
विस्तार
मेरठ के खरखौदा थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पार करते समय एक दर्दनाक हादसे में बाइक सवार किसान की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच कर साक्ष्य जुटाए।
जानकारी के अनुसार गांव पांची निवासी 40 वर्षीय मनोज पुत्र लल्लू सिंह त्यागी की मेरठ-बुलंदशहर हाईवे के किनारे कृषि भूमि है। सोमवार सुबह वह बाइक से खेतों पर जाने के लिए गांव से निकलकर मेरठ-खुर्जा रेलवे ट्रैक पार कर खेत पहुंचा था।
यह भी पढ़ें: UP: बेटी की लाश संग खाया खाना, फिर सो गया, उदयभानु ने पंडित से पूछी थी ये बात; प्रियंका की मौत पर नया खुलासा
सुबह करीब 9 बजे जब वह अपने खेत से वापस घर लौट रहा था और गांव पांची के सामने रेलवे ट्रैक पार कर रहा था, तभी पोल संख्या 72/3 के पास हापुड़ की ओर से आ रही मेरठ-खुर्जा पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आ गया।
ट्रेन की जोरदार टक्कर से बाइक के परखच्चे उड़ गए और मनोज की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए विधि विज्ञान प्रयोगशाला (फॉरेंसिक) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल की जांच कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।