मेरठ: हादसे के बाद इंस्पेक्टर की कार में मिली शराब की बोतल, नशे में ड्राइविंग का आरोप
मेरठ के सरधना में एक इंस्पेक्टर ने तेज रफ्तार कार से एक किसान को कुचल डाला। वहीं हादसे के बाद इंस्पेक्टर अरविंद कुमार घायल को अस्पताल पहुंचाने के बजाय भागने लगे।
हड़बड़ाहट में ही कार डिवाइडर से टकरा गई। जिसके बाद कार से उतरकर भी भागने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ ने उन्हें घेर लिया। उधर इंस्पेक्टर की कार में शराब की बोतल होन की बात सामने आई, जिस पर लोगों ने शराब पीकर ड्राइविंग करने का आरोप लगाया।
मौके पर जब पीआरवी और एसओ सरधना पहुंचे तो भीड़ ने इंस्पेक्टर को घेर रखा था। एसओ सरधना ने इंस्पेक्टर को थाने ले जाने को कहा तो ग्रामीण कहने लगे कि इंस्पेक्टर पहले सरधना थाने में तैनात रह चुके हैं। उस वक्त एक थाने में प्रभारी निरीक्षक के अलावा तीन तीन अन्य इंस्पेक्टर का शासनादेश था।
प्रत्यक्षदर्शी राकेश ने एसओ सरधना को बताया कि किसान की बाइक रुकी थी, शायद वह मोबाइल पर बात करना चाह रहे थे। किसान का बेटा बाइक से कुछ दूरी पर था। तभी कार ने किसान को टक्कर मारी और स्पीड से आगे चली गई। इस पर आसपास के लोगों ने शोर मचाया और कार के पीछे दौड़ने लगे। तभी कार डिवाइडर से टकरा गई।
पिता से लिपटकर बिलखता रहा वंश
बाइक किसान महकार सिंह चला रहे थे। नानू नहर पुल के पास गन्ने के क्रेशर के सामने पहुंचते ही बाइक सड़क किनारे रोक दी। इस पर पीछे बैठे बेटे वंश ने पूछा कि पापा क्या हुआ? तो उन्होंने बेटे से कहा कि किसी से बात करनी है। बेटा उतरकर थोड़ी दूर जाकर खड़ा हो गया। इसी बीच होंडा सिटी कार ने बाइक में टक्कर मार दी। बाइक से सटकर खड़े महकार सिंह जमीन पर जाकर गिरे। हादसे के बाद वंश पिता से लिपटकर रोता रहा।
1.5 लीटर तक शराब ले जा सकते है..
इंस्पेक्टर की कार से बरामद शराब की बोतल को पुलिस छिपाने में लगी थी, लेकिन आसपास मौजूद व्यक्तियों ने मोबाइल से वीडियो बना ली। सरधना पुलिस ने कहा कि एक बोतल मौके से मिली थी। एक व्यक्ति 1.5 लीटर शराब अपने साथ ले जा सकता है।
कार चालक इंस्पेक्टर अरविंद कुमार का कहना है कि मैने शराब का सेवन नहीं किया था। सामने से आ रहे वाहन को बचाने के लिए बाइक सवार को टक्कर लग गई। उसके बाद नियंत्रण खो बैठा और कार डिवाइडर से टकरा गई। भीड़ को देखकर घबरा गया था।
अल्कोहल की पुष्टि नहीं
इंस्पेक्टर के खिलाफ दुघर्टना का मुकदमा दर्ज कर गरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने इंस्पेक्टर का मेडिकल कराया गया। मेडिकल में अल्कोहल की पुष्टि नहीं हुई है। परिजनों ने जो तहरीर दी उसी के आधार पर केस दर्ज कराया गया है। थाने से भी जमानत दी जा सकती है। कार को कब्जे में ले लिया गया है। -पंकज सिंह, सीओ सरधना