सरधना। नगर पंचायत करनावल और खिवाई की सीमा पर नाले व चकरोड का सीमा विवाद के चलते निर्माण कार्य बीच में ही रुक गया है। इस कारण लोगों को बड़ी समस्या का समाना करना पड़ रहा है। कई बार अधिकारियों से शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। जबकि दोनों कस्बाें में सीमा विवाद के कारण तनाव बढ़ रहा है। इसे लेकर नगर पंचायत करनावल के चेयरमैन ने सभासदों के साथ एसडीएम से शिकायत कर समस्या का समाधान कराने की मांग की है।
नगर पंचायत करनावल के चेयरमैन लोकेश, सभासद वेदू मोर्या, मीनाक्षी, सरोज, रूपेश, संजीव, राखी, कविता शर्मा, वाजिद व मुनेश ने शुक्रवार को एसडीएम से की शिकायत में बताया कि कस्बा खिवाई की सीमा पर चकरोड व करनावल की सीमा पर नाले का निर्माण कार्य चल रहा था। जबकि किसी ने सीमा का पत्थर व चकबंदी की निशानदेही को हटा दिया है। चकरोड व नाला बंद होने से स्थानीय लोगों को बड़ी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। दोनों कस्बों के लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर पैमाइश की, लेकिन समस्या का समाधान नहीं कर पाए। कई बार अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। बताया कि मामले को लेकर दोनों कस्बाें के बीच तनाव बना हुआ है। उन्होंने एसडीएम से शिकायत कर समस्या के समाधान की मांग की है। एसडीएम महेश प्रसाद दीक्षित ने तहसील टीम को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।