मवाना। गांव निडावली के कुछ ग्रामीणों ने रास्ते से मिट्टी उठवाने के दौरान गांव खोड़दयालपुर के ग्राम प्रधान पर जानलेवा हमला बोल दिया। आरोपियों के खिलाफ शिकायत लेकर हस्तिनापुर थाने पहुंचे ग्राम प्रधान की सुनवाई नहीं हुई। इस पर उन्होंने तहसील में धरना दिया। एसडीएम के आदेश पर यहां पहुंचे मवाना थाना प्रभारी विनय आजाद ने ग्राम प्रधान से तहरीर लेकर धरना समाप्त कराया।
गांव खोड़दयालपुर के ग्राम प्रधान संजीव कुमार का कहना है कि गांव के मुख्य रास्ते पर मिट्टी पड़ी हुई थी। जिससे ग्रामीणों को परेशानी हो रही थी। इसके मद्देनजर वह शनिवार को मिट्टी को उठवा रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान गांव ऩिडावली निवासी चार नामजद तथा कुछ अज्ञात लोगों ने उन पर धारदार हथियार, लाठी-डंडों तथा तमंचे से हमला बोल दिया। ग्राम प्रधान ने भागकर किसी तरह जान बचाई। उनका आरोप है कि हमलावरों ने जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायर किया। जिसमें वह बाल-बाल बचे। वह आरोपियों के खिलाफ तहरीर लेकर हस्तिनापुर थाने पहुंचे तो पुलिस ने सुनवाई नहीं की। इस पर ग्रामीणों को तहसील में धरना देना पड़ा। इसकी जानकारी पाकर एसडीएम अंकुर श्रीवास्तव ने मवाना थाना प्रभारी विनय कुमार आजाद को धरनास्थल पर भेजा। मवाना थाना प्रभारी ने जांच का आश्वासन देकर ग्रामीणाें को शांत कराया। ग्राम प्रधान के साथ धरना देने वालों में संतरपाल, भूषण, जोगिंद्र कुमार, मनोज शर्मा, रविंद्र, प्रेम सिंह, सुरेंद्र, अनिल, पुष्पेंद्र, रोहताश आदि रहे।