लावड़। दस दिवसीय मेला रक्षाबंधन में मंगलवार देर रात हर वर्ष की भांति कव्वाली मुकाबले का आयोजन किया गया। कव्वाली सुनने के लिए भारी भीड़ उमड़ी।
मीठेपुर मार्ग स्थित ग्रीन वैली मंडप में कव्वाली मुकाबले का आयोजन किया गया। चेयरपर्सन पति मौ. हारुन व मेला सचिव देविंद्री सुभाष ने फीता काटकर कव्वाली का शुभारंभ किया। इसके बाद आगरा से आई कव्वाल गुलनाज ने यह मंदिर और मस्जिद में सियासतदारी करते हैं, मुद्दत से अपनी नस्लों से गद्दारी करते हैं। यह हिन्दुस्तान की मिट्टी है यहां ऐसा होता है, हिंदू मुस्लिम बैठ के अफ्तारी करते हैं। गाजियाबाद से आए कव्वाल सलीम राजा ने सारा असासा दीन के रस्ते में दे दिया, यह कह के सर हुसैन ने सजदे में दे दिया। इसके अलावा सलीम ने खुद को जब आईने में देखा करो, तुम जवानी का सदका उतारा करो। कव्वली मुकाबले में लावड़ कस्बे के अतिरिक्त गांव चिंदौड़ी, मीठेपुर, देदवा, जलालपुर, महल, खरदौनी, अझौता, मवीमीरा आदि जगह से श्रोता पहुंचे। चेयरपर्सन पति मौ. हारुन ने कहा कि हिंदू-मुस्लिम एकता के प्रतीक मेला रक्षाबंधन में नगर पंचायत की ओर से लोगों के मनोरंजन के लिए रागिनी, कव्वाली, मुशायरा का कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। उन्होंने सभी श्रोताओं से अपील की जिस तरह रागिनी में लोगों ने शांति बनाए रखकर कार्यक्रम का सफल आयोजन कराया। उसी तरह कव्वाली का भी आयोजन सफल रहा। उन्होंने मुशायरा व सैनीनगर में होने वाली रागिनी कार्यक्रम में भी शांति बनाए रखने की अपील की। यहां मनोज गोयल, शमशाद रिजवी, खुशनूद सैफी, रुबीना जर्रार, अतीक, मौ. हाशिम, मुसाहिद, मौ. जावेद, आरिफ फैजी आदि मौजूद रहे।