24 घंटे में छह हत्याएं: पुलिस अफसरों पर उठ रहे सवाल, नहीं लगा कोई भी हत्यारा हाथ, पूछताछ जारी
पार्षद जुबेर अंसारी की शनिवार दोपहर में बदमाशों ने गोलियां बरसाकर हत्या कर दी थी। पुलिस तीन दिन से संदिग्ध लोगों को उठाकर पूछताछ करके छोड़ रही है। मेडिकल थाने में यह सिलसिला जारी है।
विस्तार
मेरठ जिले में 24 घंटे में अलग-अलग जगह पर छह लोगों की हत्या के मामले में पुलिस अभी किसी नतीजे पर नहीं पहुंची। सवाल उठ रहे हैं कि पुलिस हत्यारोपियों का पता लगाने में नाकाम क्यों है। एसओजी और सर्विलांस की टीम भी महत्वपूर्ण सुराग हासिल नहीं कर सकी। पुलिस का दावा है कि जिस लाइन पर काम शुरू करती है, वह कुछ दूर चलकर बंद हो जाती है। हत्यारोपियों का अभी नाम तक पता नहीं लगा और नामजद आरोपियों को भी पुलिस गिरफ्तार नहीं कर सकी।
पार्षद जुबेर अंसारी हत्याकांड : करीबी शक के दायरे में, पूछताछ जारी
शास्त्रीनगर स्थित संतोष हॉस्पिटल के पास निगम पार्षद जुबेर अंसारी की शनिवार दोपहर में बदमाशों ने गोलियां बरसाकर हत्या कर दी। जुबेर प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता था। जमीन के मामले में कई विवाद उसके चल रहे थे। इसके चलते उसे धमकी मिल रही थी। पुलिस जांच में परिवार के करीबी भी शक के दायरे में हैं। पुलिस तीन दिन से संदिग्ध लोगों को उठाकर पूछताछ करके छोड़ रही है। मेडिकल थाने में यह सिलसिला जारी है। इससे पुलिस के प्रति आक्रोश बढ़ रहा है।
बसपा नेता मनोज हत्याकांड : अब तक हाथ नहीं आए आरोपी
इंचौली थानाक्षेत्र के चिंदौड़ी लावड़ निवासी मनोज चौधरी की शनिवार को गोलियां बरसाकर हत्या कर दी गई। इसमें अतुल सहित दो लोगों पर केस दर्ज हो गया। पुलिस हत्यारोपियों को पकड़ने में नाकाम है। तीन दिन से हत्यारोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई। बसपा कार्यकर्ताओं में पुलिस के प्रति गहरी नाराजगी है।
दो किशोरों की हत्या : सीडीआर निकाली, बीटीएस उठाया, ड्रोन चलाया मगर हुआ कुछ नहीं
किठौर थाना क्षेत्र के फतेहपुर नारायण गांव के बाग में दो किशोर सादिक और अमन की रविवार को निर्मम तरीके से हत्या हुई। दोनों शाहजहांपुर के निवासी थे। इस किशोरों को बदमाशों ने क्यों मारा, इसका पुलिस पता नहीं लगा सकी। सादिक की ई-रिक्शा और मोबाइल गायब है। पीड़ित लूट के बाद हत्या होना मान रहे हैं। पुलिस अन्य कारण से हत्या होना मानकर जांच कर रही है। पुलिस ने संदिग्ध लोगों के मोबाइल नंबरों की सीडीआर निकाली है। वहीं, सोमवार को घटनास्थल पर जाकर एसपी देहात ने पुलिस फोर्स को लेकर जांच की। घटनास्थल से पुलिस ने बीटीएस उठाया है। बाग के ऊपर ड्रोन चलाकर भी दिखवाया गया। मगर अहम सुराग तो दूर ई-रिक्शा तक नहीं मिला है।
रोहित सैनी हत्याकांड : सिर में हमले से मौत, हादसा बताने की कोशिश
लावड़-अंदावली गांव मार्ग पर ट्यूबवेल के पास रविवार रोहित सैनी का शव खून से लथपथ मिला था। रोहित अंदावली गांव इंचौली के निवासी है। सोमवार को रोहित की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई है, जिसमें उसके सिर में गंभीर चोट आई है। अंदेशा है कि सिर में किसी भारी वस्तु से हमला किया गया। इससेमौत हो गई। पुलिस ने आरोपियों का पता लगाने का भी प्रयास नहीं किया। पुलिस इससे हादसा बताने की कोशिश में लगी रही।
सना हत्याकांड : नामजद पति गिरफ्त में नहीं
लिसाड़ीगेट के न्यू इस्लामाबाद निवासी सना की रविवार को मौत हो गई थी। आरोप है कि पति साकिब और ससुराल वालों ने सना की पीट पीटकर हत्या की। इस मामले में पति और ससुराल वालों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज हुआ था। पुलिस नामजद आरोपियों को भी पकड़ने में नाकाम है। इसको लेकर पीड़ित परिवार ने थाना पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हंगामा किया।