सननसीखेज खुलासा: आरोपी युवक बोला- दरिंदगी करवाना चाहता था साधु, इसलिए मार डाला
साधु की हत्या का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपी युवक को दबोच लिया है। आरोपी युवक ने बताया कि साधु दरिंदगी करवाना चाह रहा था।
विस्तार
मेरठ के मुंडाली के बढ़ला कैथवाडा गांव में साधु चंद्रपाल उर्फ सुक्की की हत्या का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। हत्या का आरोपी गांव का ही 20 वर्षीय युवक विकास है। उसके मुताबिक, शराब पीने के बाद साधु उससे अप्राकृतिक संबंध बनवाने की कोशिश कर रहा था। उसने गुस्से में सिर में ईंट मार दी। बाद में उसकी मौत हो गई। घटना में घायल होने के बाद वह साधु को दो घंटे तक गांव में लेकर घूमता रहा। उसे कंधे पर एक डॉक्टर के यहां भी लेकर गया था, लेकिन शराब के नशे में होने के कारण किसी ने उसकी बात को तवज्जो नहीं दी और साधु की मौत हो गई।
एसपी देहात केशव कुमार ने आरोपी विकास को मीडिया के सामने पेश किया। साधु चंद्रपाल उर्फ सुक्की की सोमवार रात हत्या की गई थी। आरोपी ने बताया कि उसे दोस्तों के साथ शराब पीने का शौक है। साधु बाबा भी उनके साथ शराब पी लेते थे। सोमवार सुबह 9 से 10 बजे के बीच आसपास रहने वाले पिंटू, योगेंद्र और विकास उर्फ कलुआ के साथ पहलवान ढाबे पर शराब पी। फिर सभी एक नलकूप पर नहाने गए। इसके बाद अपराह्न तीन बजे आरोपी विकास, छोटू, गुड्डू, योगेंद्र, पिंटू और कलुआ के साथ गांव में रामू के बिटौरे के पास बैठकर शराब पी। अंधेरा होने पर सब लोग घर चले गए।
रात करीब दस बजे वह अपने घर के बाहर घूम रहा था तो गांव में विजय के खाली मकान में पहले से ही किरनपाल, राजपाल, सुनील और रवि शराब पी रहे थे। यहां उनके साथ साधु चंद्रपाल भी था। विकास भी वहां आकर शराब पीने लगा। विकास के मुताबिक, साधु ने उसे मंदिर चलने को कहा, तब तक विजय के मकान से सभी लोग जा चुके थे। उसने मना किया तो साधु वहीं जबरदस्ती अप्राकृतिक संबंध बनवाने के लिए हाथापाई करने लगा। उससे गुस्सा आ गया और पास में पड़ी ईंट उठाकर साधु के सिर में मार दी। वह गिर गया और सिर से खून बहने लगा।
आरोपी बोलता रहा... मैंने बाबा को ईंट मार दी है, लोगों से मदद भी मांगी
आरोपी विकास लहूलुहान हालात में साधु को कंधे पर लेकर गांव में करीब दो घंटे तक घूमता रहा। वह ओमी डॉक्टर के यहां लेकर गया, लेकिन शराब के नशे में होने के कारण दोनों लोग गिर गए। उसके बाद पड़ोस में मंगल के मकान का दरवाजा खटखटाकर मदद मांगी। मंगल की पत्नी मुन्नी ने एक नजर देखा और उसे वहां से चले जाने की बात कहकर दरवाजा बंद कर लिया। फिर दोस्त सोनू को बताया लेकिन नजरअंदाज कर विकास से चले जाने की बात कहकर चला गया। इसके बाद विकास ने दोस्त लुक्का उर्फ पिंटू को बताया कि मैंने बाबा के सिर में ईंट मार दी है। उसने भी गौर नहीं किया और कहा कि तूने ज्यादा शराब पी ली है। तू अपने घर चला जा।
मां को बताया तो लगा दिए थप्पड़, फिर बाग में जाकर सो गया
आरोपी विकास के मुताबिक, घर आकर उसने अपनी मां को बताया तो उसने भी थप्पड़ जड़ दिए और धमका दिया। फिर वह कपडे़ बदलकर भीम के बाग के पास खेत में जाकर सो गया। सुबह आंख खुली और नलकूप पर नहाया। तब तक उसे पता नहीं था कि साधु मर गया है। वह गांव में आया, तब तक पुलिस आ चुकी थी। सोनू और कुछ अन्य लोगों के कहने पर वह वहां से भाग गया था। विकास ने बताया कि साधु चंद्रपाल तीन महीने पहले भी उससे अप्राकृतिक संबंध बनवा चुका था।