यूपी: लालच देकर व्यापारी से ठगे ढाई करोड़ रुपए, पीड़ित ने अधिकारियों से लगाई गुहार
करीब पांच करोड़ रुपये की जमीन आधे दाम में दिलाने का लालच देकर ठगों के एक गैंग ने हरियाणा के व्यापारी से करीब ढाई करोड़ रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित व्यापारी ने दो महिलाओं सहित चार लोगों को नामजद व कुछ अज्ञात के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है। मामला यूपी के सहारनपुर जनपद का है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुशील सैनी ने बताया कि हरियाणा के कृष्ण कुमार पुत्र ताराचंद गोयल निवासी मंडी रोड पानीपत ने गत बारह जुलाई को कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि पिछले कुछ दिन से वह कृषि योग्य भूमि खरीदने के लिए प्रॉपर्टी डीलरों से संपर्क कर रहे थे। इसी दौरान उनका संपर्क यमुनानगर के मुर्सलीन व यूपी के सरसावा थाना क्षेत्र के गांव काजीबांस निवासी रिंकू आदि से हो गया।
आरोप है कि उक्त लोगों ने उसे विश्वास में लेकर पांच करोड़ रुपये से अधिक कीमत की कृषि योग्य भूमि मात्र ढाई करोड़ में दिलवाने का लालच देते हुए शर्त रखी की सारा पैसा कैश में देना होगा। पीड़ित व्यापारी का आरोप है कि इस दौरान मुर्सलीन व रिंकू के साथ उनकी पत्नियां भी मौजूद थीं। लालचवश वह उक्त लोगों की बातों में आ गया और उक्त लोगों को गत बारह जुलाई को दो करोड़ नगद व पचास लाख के दो चेक देकर जमीन का बैनामा कराने के लिए चल दिया।
पीड़ित व्यापारी ने बताया कि जैसे ही वह सहारनपुर में स्थित एक होटल के समीप पहुंचे तो उक्त लोग उन्हें चकमा देकर अपनी गाड़ी लेकर गायब हो गए। उन्होंने फोन पर संपर्क करना चाहा तो फोन भी स्विच ऑफ आया। पीड़ित व्यापारी ने इस संबंध में पुलिस के उच्चाधिकारियों से मदद की गुहार लगाई। जिसके बाद उच्चाधिकारियों के आदेश पर नकुड़ कोतवाली में रिंकू पुत्र ईसमसिंह व रिंकू की पत्नी निवासी गांव काजीबांस थाना सरसावा और मुर्सलीन और मुर्सलीन की पत्नी निवासी यमुनानगर आदि के विरुद्ध धारा 406, 510, 420, 323, 504 व 506 में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। इस संबंध में एसपी देहात विद्या सागर मिश्र ने बताया कि मामले को लेकर पांच आरोपियों को हिरासत में लिया गया है और पूछताछ की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/