यूपी: दरिंदे ने छह साल की बच्ची के साथ किया दुष्कर्म, आरोपी की तलाश में ताबड़तोड़ दबिश
सहारनपुर जनपद के एक गांव में व्यक्ति द्वारा छह वर्षीय बालिका को बहला फुसलाकर उसके साथ दुष्कर्म करने का मामला प्रकाश में आया है। बालिका के काफी देर तक गायब रहने के चलते परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की तो वह गांव के ही एक घेर में बेहोशी की हालत में मिली। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया।
देवबंद क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति के मुताबिक सोमवार की देर शाम गांव का ही युवक उसकी छह वर्षीय बेटी को बहला फुसलाकर अपने साथ ले गया। काफी देर तक बेटी के गायब रहने के चलते उन्होंने उसकी तलाश की तो वह आरोपी युवक के चाचा के घेर में बेहोशी की हालत में पड़ी मिली।
वहीं बच्ची को लहूलुहान हालत में देखकर परिजनों के पैरों तले से जमीन निकल गई। इस दौरान सूचना पाकर सीओ चौब सिंह और इंस्पेक्टर आनंद देव मिश्र पुलिस फोर्स के साथ गांव में पहुंचे और घटनाक्रम की बाबत जानकारी लेते हुए बालिका को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां मेडिकल परीक्षण करने के बाद बालिका के साथ दुष्कर्म की पुष्टि हुई।
यह भी पढ़ें: अश्लील मूवी दिखाकर नौ साल की बच्ची से दुष्कर्म की कोशिश, पुलिस ने आरोपी को दबोचा
इंस्पेक्टर आनंद देव मिश्र ने बताया कि पीड़ित पिता की तहरीर पर आरोपी के विरुद्ध संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश भी दी गई, लेकिन वह फरार मिला। संभावित स्थानों पर पुलिस लगातार दबिश दे रही है। शीघ्र ही उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। वहीं, बताया गया है कि आरोपी के फरार होने के चलते पुलिस ने उसकी दो परिजन महिलाओं को हिरासत में लिया हुआ है।
पूर्व विधायक व सपा नेता शशिबाला पुंडीर ने मंगलवार को दरिंदगी का शिकार हुई बालिका के घर पहुंचकर पीड़ित परिजनों को हर संभव मदद किए जाने का आश्वासन दिया। साथ ही उन्होंने पुलिस से आरोपी के विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
मंगलवार को समर्थकों के साथ बालिका के घर पहुंचीं पूर्व विधायक शशिबाला पुंडीर ने पीड़ित परिजनों से कहा कि पुलिस प्रशासन को चाहिए कि वह बालिका के साथ दरिंदगी करने वाले आरोपी को जल्द से गिरफ्तार करे और उसे सख्त से सख्त सजा दी जाए। उन्होंने कहा कि वह पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी हैं और उनकी हर संभव मदद की जाएगी। इस मौके पर सपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष सिकंदर अली, सपा नेता रमजानी कुरैशी, सत्यपाल आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/