यूपी: स्मैक तस्कर को पकड़ने गई पुलिस से महिलाओं ने की हाथापाई
सहारनपुर में स्मैक तस्कर को पकड़ने गई पुलिस को महिलाओं ने घेर लिया। महिलाएं पुलिस की गाड़ी के आगे खड़ी हो गई। इस दौरान महिलाओं और पुलिसकर्मियों के बीच हाथापाई भी हुई। सूचना मिलने पर थाने से और फोर्स को मौके पर भेजा गया तब कहीं जाकर पुलिस आरोपी को लेकर भीड़ के बीच से निकल सकी।
बता दें कि बुधवार की शाम थाना मिर्जापुर पुलिस ने मिर्जापुर में ही एक स्मैक तस्कर को पकड़ने गई थी। पुलिस ने जैसे ही दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया, तो उसके परिवार की महिलाओं की भीड़ ने पुलिस की गाड़ी घेर कर हंगामा शुरू कर दिया। कई महिलाएं पुलिस की गाड़ी के आगे खड़ी हो गई। इतना ही नहीं महिलाओं ने पुलिस की गाड़ी पर डंडे बरसाने का प्रयास किया, इससे पुलिसकर्मियों के हाथ पांव फूल गए। महिलाओं की भीड़ के तेवर देखते हुए मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने थाने में सूचना दी, जिसके बाद थाने से अतिरिक्त फोर्स मौके पर भेजा गया। बड़ी मुश्किल से पुलिस गिरफ्तार किए गए आरोपी और गाड़ी को निकाल कर वहां से थाने पहुंची।
वहीं थाना प्रभारी योगेश शर्मा ने बताया कि एक सूचना के आधार पर स्मैक तस्करी के आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस गई थी। इसी दौरान महिलाओं ने हंगामा कर दिया। मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/